क्या है फॉर्म 47, जिसका नाम लेकर भारत ने UN में पाकिस्तान को धोया, शहबाज को दिखाई औकात
संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के भाषण पर भारत ने कड़ा जवाब दिया. भारत की ओर से UN में फर्स्ट सेक्रेटरी पेटल गहलोत ने पाकिस्तान को आतंकवाद, लोकतंत्र और अल्पसंख्यकों के मुद्दे पर घेरा. इसी दौरान गहलोत ने शहबाज शरीफ सरकार को ‘फॉर्म 47 सरकार’ बताया. यह शब्द पाकिस्तान की 2024 की चुनावी प्रक्रिया और उससे जुड़े विवादों के संदर्भ में इस्तेमाल किया गया है. आइए जानते हैं इसका क्या मतलब है….
#IndiaAtUN | Exercising the right of reply of India on Pakistan PM Shehbaz Sharif’s speech, First Secretary in India’s Permanent Mission to the UN, Petal Gahlot says, “This afternoon, the General Assembly heard some bizarre remarks from the representative of Pakistan. This pic.twitter.com/63pk0y4Dcz
— DD News (@DDNewslive) September 26, 2026
फॉर्म 47 क्या होता है?
पाकिस्तान के चुनाव में फॉर्म 47 चुनाव नतीजों से जुड़ा एक आधिकारिक दस्तावेज है. इसे रिटर्निंग ऑफिसर (RO) तैयार करता है. इसमें किसी चुनाव क्षेत्र के सभी मतदान केंद्रों से मिले वोटों को जोड़कर शुरुआती यानी प्रोविजनल नतीजा तैयार किया जाता है. इसमें उम्मीदवारों को मिले वोट और खारिज किए गए वोटों की जानकारी होती है. फॉर्म 47 को तैयार करने से पहले मतदान केंद्रों से फॉर्म 45 और फॉर्म 46 के जरिए वोटों की जानकारी मिलती है.

फॉर्म 47 में पोस्टल बैलेट शामिल नहीं होते. इसके बाद चुनाव परिणाम को आगे बढ़ाने के लिए फॉर्म 48 और फिर अंतिम आधिकारिक परिणाम के लिए फॉर्म 49 का इस्तेमाल होता है. यानी फॉर्म 47 अपने आप में कोई विवादित या गैरकानूनी दस्तावेज नहीं है. यह पाकिस्तान की चुनावी प्रक्रिया का हिस्सा है.
शहबाज सरकार को फॉर्म 47 सरकार क्यों कहा गया?
2024 के पाकिस्तान चुनाव के बाद फॉर्म 47 को लेकर बड़ा विवाद हुआ था. पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने आरोप लगाया था कि उसके उम्मीदवारों को फॉर्म 45 में मिले वोटों के मुकाबले फॉर्म 47 में अलग नतीजे दिखाए गए और उसका जनादेश बदला गया. PTI नेताओं ने इसी वजह से शहबाज शरीफ की सरकार को फॉर्म 47 की सरकार कहना शुरू किया था. भारत ने इसी राजनीतिक नारे को अपने जवाब में इस्तेमाल किया. पेटल गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान में लोग खुद शहबाज सरकार को फॉर्म 47 सरकार कहते हैं. भारत का यह बयान पाकिस्तान के 2024 चुनाव को लेकर उठे विवाद के संदर्भ में था.
8 फरवरी 2024 के पाकिस्तान आम चुनाव में 12.86 करोड़ से ज्यादा मतदाता रजिस्टर्ड वोटर थे और करीब 6.13 करोड़ वोट पड़े, यानी कुल मतदान प्रतिशत 47.65% रहा. इलेक्शन कमीशन ऑफ पाकिस्तान (ECP) की 2024 रिपोर्ट के मुताबिक, देशभर में 90 हजार से ज्यादा पोलिंग स्टेशन बनाए गए थे और 10 लाख से ज्यादा चुनावी कर्मचारियों की तैनाती हुई थी.
भारत ने UN में और क्या कहा?
भारत ने शहबाज शरीफ के भाषण को निशाना बनाते हुए पाकिस्तान के आतंकवाद के रिकॉर्ड का मुद्दा उठाया. पेटल गहलोत ने 9/11 हमले के मास्टरमाइंड ओसामा बिन लादेन का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि बिन लादेन पाकिस्तान की प्रमुख सैन्य अकादमी के पास एबटाबाद में रह रहा था.
भारत ने पाकिस्तान की सेना की भूमिका पर भी सवाल उठाया. गहलोत ने कहा कि पाकिस्तान में असली सत्ता सेना के हाथों में है और शहबाज शरीफ को सेना का पपेट बताया. उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान दिन में सुरक्षा की बात करता है, लेकिन रात में आतंकवाद करता है. भारत ने पाकिस्तान में धार्मिक अल्पसंख्यकों की स्थिति और ईशनिंदा कानूनों का भी मुद्दा उठाया. गहलोत ने कहा कि इन कानूनों में मौत की सजा तक का प्रावधान है और इनका इस्तेमाल अल्पसंख्यकों को डराने और प्रताड़ित करने के लिए किया जाता है.
कश्मीर पर भी भारत का जवाब
भारत ने साफ कहा कि जम्मू-कश्मीर भारत का अभिन्न और अविभाज्य हिस्सा है. साथ ही गहलोत ने पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर का मुद्दा उठाया और रावलाकोट में हिंसा, हत्याओं और बुनियादी अधिकारों से जुड़े आरोपों का जिक्र किया. भारत ने ऑपरेशन सिंदूर का भी बचाव किया और कहा कि आतंकवाद के खिलाफ अपनी रक्षा का अधिकार भारत इस्तेमाल करेगा. गहलोत ने चेतावनी दी कि पाकिस्तान की ओर से जारी आतंकवाद के गंभीर परिणाम होंगे.
यह भी पढ़ें: ट्रंप को ईरान पर भरोसा नहीं, ठुकरा दी होर्मुज पर तेहरान की नई शर्त

शुभेंदु प्रताप भूमंडल
पत्रकारिता में बीते 5 साल से सक्रिय हैं. नेशनल और इंटरनेशनल न्यूज राइटिंग का अनुभव. इलाहाबाद विश्वविद्यालय से साइंस में ग्रेजुएशन, फिर माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता और वीडियो प्रोडक्शन की पढ़ाई. दैनिक भास्कर डिजिटल से करियर की शुरुआत. बतौर न्यूज ब्रीफ एडिटर भास्कर डिजिटल में 800 से ज्यादा बाइलाइन स्टोरी. वीडियो स्क्रिप्टिंग का भी अनुभव. अगस्त 2025 से टीवी9 डिजिटल के साथ नई पारी का आगाज.
Read More
