एसआईआर... दो लाख लोगों को नोटिस, 49 हजार मामले निपटे - Gumla News
.
राज्य के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने गुमला जिले में एसआईआर-2026 की जमीनी हकीकत का जायजा लेने के बाद जिला मुख्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा की। गुमला जिले में एसआईआर से संबंधित कुल 2,03,624 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक कुल 48,575 नोटिसों का सफल निष्पादन किया जा चुका है। प्रशासन शेष मामलों को भी निर्धारित समय सीमा और नियमों के तहत तेजी से निपटाने में जुटा हुआ है। हालांकि मात्र 10 दिन शेष बचे है। इस दौरान उन्होंने निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण और सख्त दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस पूरी प्रक्रिया का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि देश के किसी भी पात्र भारतीय नागरिक को असुविधा न हो और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जाए।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बूथ लेवल अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की बात कही। उन्होंने निर्देश दिया कि बीएलओ के सामने आने वाली व्यावहारिक समस्याओं का समयबद्ध तरीके से समाधान किया जाए। साथ ही, ईआरओ व एईआरओ स्तर के अधिकारियों को बूथवार प्रगति रिपोर्ट, लंबित मामलों और अन्य समस्याओं की नियमित समीक्षा करने को कहा गया ताकि किसी भी स्तर पर ढिलाई न बरती जाए।
नागरिकता या पात्रता को लेकर पर्याप्त संदेह वाले मामलों पर विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश देते हुए श्री के. रवि कुमार ने कहा कि ऐसे मामलों की गहन और निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। प्रत्येक संदिग्ध मामले में बीएलओ और ईआरओ द्वारा जांच के पुख्ता आधार पर स्पीकिंग ऑर्डर (सविस्तार आदेश) पारित करते हुए उसका समय पर निष्पादन किया जाए। ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों में कई बार सीधे तौर पर दस्तावेज उपलब्ध न होने की समस्या सामने आती है। इसे ध्यान में रखते हुए निर्देश दिया गया है कि ऐसी स्थिति में जन्म स्थान, माता-पिता, भाई-बहन व अन्य पारिवारिक अभिलेखों के आधार पर तथ्यों का सत्यापन किया जाए। आवश्यकता पड़ने पर घर-घर जाकर स्थानीय स्तर पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है। इसके अलावा, विवाह के बाद महिलाओं से जुड़े मामलों में उनके मायके के खतियान, पारिवारिक विवरण और अन्य वैध दस्तावेजों को भी सत्यापन का आधार बनाने का निर्देश दिया गया है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि एसआईआर की प्रक्रिया के तहत कोई नया प्रमाण-पत्र जारी नहीं किया जाता है, इसलिए इस संबंध में किसी भी प्रकार की भ्रम की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नए और युवा पात्र भारतीय नागरिकों द्वारा भरे गए फॉर्म-6 के डिजिटाइजेशन के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर देकर कहा कि डिजिटाइजेशन के साथ-साथ डेटा की शुद्धता पर भी विशेष ध्यान दिया जाना अनिवार्य है। बैठक में जिले की प्रगति का ब्यौरा देते हुए उपनिर्वाचन पदाधिकारी गुंजन कुमारी सिन्हा ने बताया कि गुमला जिले में एसआईआर से संबंधित कुल 2,03,624 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से अब तक कुल 48,575 नोटिसों का सफल निष्पादन किया जा चुका है। प्रशासन शेष मामलों को भी निर्धारित समय सीमा और नियमों के तहत तेजी से निपटाने में जुटा हुआ है। बैठक में जिला प्रशासन के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे।