बाजार पर बरसे बम, 49 की मौत-58 घायल; म्यांमार में सेना ने विद्रोही गुट इलाके में किए हवाई हमले

नेपीडॉ (उत्तम हिन्दू न्यूज) : म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में सेना ने विद्रोही गुट के नियंत्रण वाले इलाके में एक बाजार के पास भीषण हवाई हमला किया, जिसमें कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई और 58 लोग घायल हो गए। घायलों में 22 की हालत गंभीर बताई जा रही है। हमले के बाद पूरे इलाके में दहशत और अफरा-तफरी का माहौल है।

यह हमला सोमवार को क्याउक्ताव टाउनशिप में हुआ, जो देश के दूसरे सबसे बड़े शहर मांडले से करीब 340 किलोमीटर पश्चिम में स्थित है। क्याउक्ताव क्षेत्र पर रखाइन आधारित शक्तिशाली जातीय सशस्त्र संगठन ‘अराकान आर्मी’ का नियंत्रण है।

घटना की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। मंगलवार तड़के जारी बयान में अराकान आर्मी ने दावा किया कि दोपहर के समय एक लड़ाकू विमान ने स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। हमले में दुकानदार, खरीदार और राहगीर इसकी चपेट में आ गए। संगठन ने कहा कि 58 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 22 की स्थिति गंभीर है। अराकान आर्मी ने बयान में कहा कि वह इस हमले के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ प्रभावी जवाबी कार्रवाई करेगी।

रखाइन में बचाव कार्यों से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी वाई हुन आंग ने घटनास्थल पर मौजूद राहतकर्मियों के हवाले से मृतकों और घायलों की संख्या की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि जिस बाजार को निशाना बनाया गया, वह पूरे रखाइन राज्य का प्रमुख थोक व्यापार केंद्र था, जहां दूर-दराज के इलाकों से व्यापारी और खरीदार आते थे। उनके अनुसार, यह रखाइन में हाल के वर्षों के सबसे भीषण हवाई हमलों में से एक है।

गौरतलब है कि 1 फरवरी 2021 को सेना द्वारा आंग सान सू की की निर्वाचित सरकार को हटाकर सत्ता संभालने के बाद से म्यांमार लगातार अशांति और हिंसा की चपेट में है। सैन्य शासन के खिलाफ शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों पर बल प्रयोग के बाद कई समूहों ने हथियार उठा लिए, जिसके चलते देश के बड़े हिस्सों में संघर्ष जारी है।

You Might Be Interested In

  • नैनीताल का चमत्कारी धाम, जहां बजरंगबली के 21 रूपों के एक साथ होते हैं दर्शन
  • टैक्सपेयर्स को बड़ी राहत, CBDT ने बढ़ाई ITR और ऑडिट रिपोर्ट दाखिल करने की तारीख; जानें नई डेडलाइन
  • CBSE के क्लास 6 के छात्रों को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, नहीं देनी होगी तीसरी भाषा की बोर्ड परीक्षा
  • Asian Games 2026: पारुल चौधरी ने रचा इतिहास, 3000 मीटर स्टीपलचेज में नया नेशनल रिकॉर्ड बनाकर जीता कांस्य पदक
  • ट्रैफिक चालान नहीं भरा तो बिजली बिल में जोड़ दें जुर्माना, सुप्रीम कोर्ट ने दी सलाह
  • अक्षय खन्ना ने मालाबार हिल में खरीदा लग्जरी आशियाना, 2 करोड़ चुकाई सिर्फ स्टांप ड्यूटी; देखें नए घर की खासियत