श्रावस्ती में 5 दिन में साइबर ठगी के 33,574 वापस: पुलिस ने तीन पीड़ितों को दिलाई राहत, शेष राशि वापसी के प्रयास जारी - Shravasti News

  • Hindi News
  • Local
  • Uttar pradesh
  • Shrawasti
  • Shravasti Cyber Fraud | Rs 33,574 Returned To Victims, Police Efforts Continue

श्रावस्ती40 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

श्रावस्ती में साइबर ठगी के मामलों में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच दिनों के भीतर तीन अलग-अलग मामलों में पीड़ितों के खातों में कुल 33,574 रुपये वापस कराए हैं। पुलिस का कहना है कि शेष धनराशि की वापसी के लिए संबंधित बैंकों और अन्य संस्थाओं के साथ समन्वय कर कार्रवाई जारी है।

ताजा मामला सोनवा थाना क्षेत्र के फतुहापुर निवासी प्रहलाद पुत्र जानकी प्रसाद का है। उन्होंने 30 नवंबर 2025 को राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (एनसीआरपी) पर शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि अज्ञात साइबर ठग ने यूपीआई के जरिए उनके बैंक खाते से 4,990 रुपये निकाल लिए थे। शिकायत के बाद थाना प्रभारी निरीक्षक विसुनदेव पांडे और साइबर सेल की टीम ने तकनीकी व कानूनी कार्रवाई करते हुए संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और पूरी 4,990 रुपये की राशि पीड़ित के खाते में वापस करा दी।

इकौना निवासी को 19,084 रुपये मिले वापस

11 जुलाई को इकौना थाना साइबर सेल ने कस्बा इकौना निवासी विक्रमजीत गुप्ता को भी राहत दिलाई। उनके खाते से अज्ञात साइबर ठगों ने दो बार में 20 हजार रुपये निकाल लिए थे। साइबर सेल ने मनी रिस्टोरेशन मॉड्यूल (एमआरएम) पोर्टल के माध्यम से कार्रवाई करते हुए 19,084 रुपये उनके खाते में वापस कराए।

लेखपाल की ठगी गई रकम का हिस्सा भी कराया रिस्टोर

7 जुलाई को दर्ज एक अन्य मामले में इकौना थाना प्रभारी निरीक्षक परमानंद तिवारी और साइबर सेल की टीम ने हयातनगर सुल्तानपुर निवासी लेखपाल असगर अली की मदद की। वर्तमान में श्रावस्ती में तैनात असगर अली के साथ यूपीआई के जरिए 19,400 रुपये की साइबर ठगी हुई थी। पुलिस अब तक 9,500 रुपये वापस करा चुकी है, जबकि शेष धनराशि वापस दिलाने के प्रयास जारी हैं।

समय पर शिकायत करने की अपील

श्रावस्ती पुलिस ने कहा कि साइबर ठगी के मामलों में समय पर शिकायत दर्ज कराने से धनराशि वापस मिलने की संभावना काफी बढ़ जाती है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

.