चुनाव आयोग की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: 5 राज्यों के विधानसभा चुनावों में बीजेपी ने कुल 529 करोड़ तो कांग्रेस ने किए 248 करोड़ रुपये खर्च - Up18 News

​नई दिल्ली: भारत निर्वाचन आयोग (Election Commission) ने हाल ही में विधानसभा चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा किए गए खर्चों की एक विस्तृत रिपोर्ट सार्वजनिक की है। इस रिपोर्ट से यह खुलासा हुआ है कि विभिन्न राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार और उम्मीदवारों पर पानी की तरह पैसा बहाया है। खास तौर पर पश्चिम बंगाल और केरल के चुनावों में पार्टियों का खर्च चर्चा का विषय बना हुआ है।

​चुनाव आयोग की रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने असम, केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनावों में कुल मिलाकर 529.38 करोड़ रुपये खर्च किए। इनमें से सबसे अधिक 286.99 करोड़ रुपये अकेले पश्चिम बंगाल के चुनाव में ही खर्च किए गए। दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी का केवल बंगाल का यह खर्च, कांग्रेस पार्टी द्वारा पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में किए गए कुल 248.55 करोड़ रुपये के खर्च से भी काफी अधिक रहा।

विभिन्न राज्यों में बीजेपी का खर्च और फंड

रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिम बंगाल में बीजेपी ने चुनाव प्रचार पर 217.16 करोड़ रुपये और उम्मीदवारों पर 69.83 करोड़ रुपये खर्च किए। इसके अलावा पार्टी ने अन्य चार राज्यों में कुल 242 करोड़ रुपये खर्च किए। अगर अलग-अलग राज्यों की बात करें, तो बीजेपी ने असम में 96.27 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.56 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.90 करोड़ रुपये खर्च किए। इन पांच राज्यों के चुनावी दौर में बीजेपी को कुल 1,472.8 करोड़ रुपये का भारी-भरकम चुनावी फंड प्राप्त हुआ था।

​कांग्रेस और अन्य दलों का चुनावी खर्च

दूसरी ओर, कांग्रेस पार्टी को कुल 207.17 करोड़ रुपये का चुनावी फंड मिला था, जिसमें से उसने सबसे ज्यादा 105.34 करोड़ रुपये अकेले केरल चुनाव में खर्च किए। पश्चिम बंगाल में कांग्रेस ने कुल 42.08 करोड़ रुपये खर्च किए, जिसमें से 12.96 करोड़ रुपये प्रचार पर और 29.12 करोड़ रुपये उम्मीदवारों से जुड़े खर्चों पर लगाए गए। इस प्रकार कांग्रेस का बंगाल में खर्च भी सुर्खियों में रहा।

वहीं, वामदल यानी सीपीआई (एम) का कुल खर्च 39.04 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। सीपीआई (एम) ने पश्चिम बंगाल में कुल 197 सीटों पर चुनाव लड़ा था और उसे सिर्फ एक सीट पर जीत हासिल हुई थी, इस दौरान पार्टी ने चुनाव में 8.23 करोड़ रुपये खर्च किए थे। हालांकि, इस चुनावी रिपोर्ट में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की खर्च रिपोर्ट अभी सार्वजनिक नहीं हो पाई है।