बहादुरगढ़: एनसीआर नहर पर पानी चोरी,रोकने गई सिंचाई विभाग टीम, जानलेवा हमला, कस्सी-डंडों से पीटा, एसडीओ समेत 5 घायल - Haribhoomi
बहादुरगढ़: सिंचाई विभाग की टीम पर जानलेवा हमला, SDO समेत 5 घायल, कर्मचारियों की चेतावनी- आंदोलन करेंगे, जानें पूरा मामला
बहादुरगढ़ में हिंसा के दौरान कर्मचारियों के मोबाइल छीनकर नहर में फेंक दिए और SDO को माइनर/पानी में धक्का दे दिया। टीम ने मांडौठी पुलिस चौकी में शरण लेकर जान बचाई। सभी घायलों को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
बहादुरगढ़ में एनसीआर नहर पर पानी चोरी करने से रोकने गई सिंचाई विभाग टीम पर चोरों ने किया हमला।
- Published: 24 Jul 2026, 10:38 AM IST
- Last Updated: 24 Jul 2026, 11:55 AM IST
बहादुरगढ़: गुरुग्राम को पेयजल आपूर्ति करने वाली एनसीआर नहर पर अवैध रूप से नहरी पानी की चोरी रोक रही सिंचाई विभाग की टीम पर कुछ लोगों द्वारा जानलेवा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दबंगों ने प्रशासनिक टीम पर कस्सी और डंडों से हमला कर दिया, जिसमें सिंचाई विभाग के एसडीओ (SDO), जेई (JE), ड्राइवर और दो बेलदार गंभीर रूप से घायल हो गए।
इतना ही नहीं, आरोपियों ने साक्ष्य मिटाने की नीयत से घटना का वीडियो बना रहे कर्मचारियों के मोबाइल छीनकर नहर में फेंक दिए और एसडीओ को माइनर में धक्का दे दिया।
जाने क्या है पूरा मामला?
जानकारी के मुताबिक, जीडब्ल्यूएस सब डिवीजन गुरुग्राम के एसडीओ यशपाल अपनी टीम (जिसमें जेई सौरभ पांडे, ड्राइवर और दो बेलदार शामिल थे) के साथ एनसीआर नहर पर गश्त कर रहे थे। जब टीम मांडोठी गांव के पास पहुंची, तो उन्होंने देखा कि 2 ट्रैक्टरों पर हैवी मोटरें लगाकर अवैध रूप से नहरी पानी चोरी किया जा रहा था। जैसे ही अधिकारियों ने पानी की चोरी रोकने की कोशिश की, वहां मौजूद कुछ लोग भड़क गए और गाली-गलौज करने लगे।
देखते ही देखते हमलावरों ने कस्सी (फावड़ा) और लाठी-डंडों से टीम पर हमला बोल दिया। जब कर्मचारियों ने जान बचाकर भागने की कोशिश की, तो आरोपियों ने पीछा कर उनके साथ मारपीट की। वीडियो बना रहे जेई और एसडीओ के फोन छीनकर पानी में बहा दिए गए।
पुलिस चौकी में शरण लेकर बचाई जान
हमले के दौरान किसी तरह जान बचाकर भागे अधिकारियों और कर्मचारियों ने मांडौठी पुलिस चौकी पहुंचकर खुद को सुरक्षित किया। इसके बाद सभी घायलों को तुरंत उपचार के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें आरोपी हाथ में हथियार और डंडे लेकर सिंचाई विभाग की टीम पर हमला करते और मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारी ट्रॉमा सेंटर पहुंचे। यूनियन नेताओं ने इस हमले की कड़े शब्दों में निंदा की है और पुलिस-प्रशासन को स्पष्ट चेतावनी दी है। यदि आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की गई, तो सिंचाई विभाग के सभी कर्मचारी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ की कार्रवाई
मांडौठी पुलिस चौकी में दी गई शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, जानलेवा हमला करने, मारपीट, लूट/मोबाइल छीनने और नहरी पानी की चोरी की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हरियाणा के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें epaper haribhoomi या शानदार अनुभव के लिए प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।