सर्च अभियान के दौरान जमीन के नीचे मिला 5 किलो का IED... सुरक्षाबलों ने मौके पर किया नष्ट, बड़ी साजिश नाकाम

Bihar Crime News: गया जिले के लुटुआ थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को सर्च अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है. शुक्रवार को अभियान के दौरान जमीन के नीचे छिपाकर रखी गई करीब 4 से 5 किलोग्राम वजन की आईईडी बरामद की गई. आईईडी में कमांड मैकेनिज्म लगा हुआ था. बरामदगी के बाद सीआरपीएफ की बम निरोधक एवं डिटेक्शन टीम (बीडीडीएस) ने इसे मौके पर ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर नष्ट कर दिया.

जानकारी के अनुसार, डी/215 बटालियन सीआरपीएफ को लुटुआ थाना क्षेत्र में आईईडी लगाए जाने की सूचना मिली थी. इसके बाद बटालियन के कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देश पर शुक्रवार सुबह करीब पांच बजे सर्च अभियान शुरू किया गया. डी/215 बटालियन की डी कंपनी के जवान स्थानीय पुलिस के प्रतिनिधि के साथ अभियान में शामिल हुए.

सुरक्षाबलों की टीम कैंप नागोबार से गुलरियातरी होते हुए सिंघवा इलाके की ओर बढ़ी. सिंघवा के पास जवानों ने आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी शुरू की. इसी दौरान डिटेक्टर की मदद से जमीन के नीचे से बीप की आवाज सुनाई दी. इसके बाद जवानों ने संदिग्ध स्थान को घेरकर सावधानीपूर्वक जांच शुरू की.

खुदाई के दौरान जमीन के नीचे एक संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. जांच करने पर वह आईईडी निकली. अधिकारियों के अनुसार, इसका वजन करीब चार से पांच किलोग्राम था और इसमें कमांड मैकेनिज्म लगा हुआ था. आईईडी को एक स्टील के कंटेनर में रखा गया था और उसके ऊपर काले रंग की पॉलिथीन लपेटी गई थी.

आईईडी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके को सुरक्षित किया और बीडीडीएस टीम को मौके पर बुलाया. टीम ने पूरी सावधानी के साथ आईईडी को निष्क्रिय करने की कार्रवाई शुरू की. इसके बाद विस्फोटक को मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया.

आईईडी नष्ट किए जाने के बाद सुरक्षाबलों ने आसपास के इलाके में दोबारा सघन तलाशी अभियान चलाया. टीम ने यह सुनिश्चित करने के लिए पूरे क्षेत्र की जांच की कि कहीं कोई अन्य विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु तो मौजूद नहीं है.

सुरक्षाबलों के अनुसार, प्रथमदृष्टया आशंका है कि अज्ञात नक्सलियों ने पुलिस और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की नीयत से आईईडी को जमीन के नीचे छिपाकर रखा था. हालांकि, इसे किसने और कब लगाया था, इसकी जानकारी अभी सामने नहीं आई है. मामले को लेकर इलाके में सर्च अभियान जारी है.

पूरी कार्रवाई कमांडेंट विनोद कुमार मोहरिल के निर्देशन में की गई. अभियान में डी/215 बटालियन की डी कंपनी के जवानों के अलावा स्थानीय पुलिस के प्रतिनिधि और बीडीडीएस टीम के कर्मी शामिल रहे. डी कंपनी के कंपनी कमांडर इंस्पेक्टर गौरव कुमार के नेतृत्व में सुरक्षाबलों ने सर्च अभियान को अंजाम दिया.