5 महीने से नहीं मिला मानदेय... तो स्कूल के कमरे में PRD जवान ने की आत्महत्या, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

5 महीने से नहीं मिला मानदेय… तो स्कूल के कमरे में PRD जवान ने की आत्महत्या, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

वीरेंद्र प्रताप (35) पीआरडी में कार्यरत थे.

Ambedkarnagar News: उत्तर प्रदेश के अंबेडकरनगर जिले से प्रशासनिक लापरवाही और आर्थिक तंगी की एक बेहद दर्दनाक तस्वीर सामने आई है. अलीगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खासपुर के परिषदीय विद्यालय में तैनात एक पीआरडी (प्रांतीय रक्षक दल) जवान ने स्कूल के कमरे के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली. घटना की सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने बंद कमरे का दरवाजा तोड़कर शव को बाहर निकाला और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. साथी पीआरडी जवानों का आरोप है कि पिछले 5 महीनों से मानदेय (वेतन) न मिलने के कारण मृतक जवान गंभीर आर्थिक तंगी से गुजर रहा था.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अलीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी वीरेंद्र प्रताप (35) पीआरडी में कार्यरत थे. उनकी तैनाती खासपुर के परिषदीय विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगी थी. शुक्रवार रात वे अपनी रोजाना की ड्यूटी के लिए स्कूल गए थे. उनके साथ एक अन्य पीआरडी जवान की भी ड्यूटी थी, लेकिन वह उस रात नहीं आया था.

शनिवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों ने स्कूल के कमरे के भीतर वीरेंद्र का शव फंदे से लटकता देखा, तो इलाके में सनसनी फैल गई. कमरा अंदर से बंद था. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना अलीगंज थाना पुलिस को दी. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दरवाजा तुड़वाया और शव को कब्जे में लिया.

“वेतन नहीं मिला तो आत्महत्या कर लूंगा”- साथी जवान का छलका दर्द

घटनास्थल पर पहुंचे साथी PRD जवान राकेश ने व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उन्होंने बताया- हम लोगों की ड्यूटी अप्रैल माह से लगातार लग रही है, लेकिन 5 महीने बीत जाने के बाद भी अभी तक एक पैसे का वेतन/मानदेय नहीं मिला है. इस वजह से हम सभी बहुत परेशान हैं. वीरेंद्र ने मुझसे कुछ दिन पहले ही अपना दर्द बयां करते हुए कहा था कि अगर जल्द मानदेय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगा. मृतक वीरेंद्र अपने पीछे 4 छोटे-छोटे बच्चों और पत्नी को छोड़ गए हैं. घटना के वक्त उनकी पत्नी मायके में थीं. जवान की अचानक मौत से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है.

ये भी पढ़ें: मिर्गी का दौरा पड़ा और नहर में गिर गया औरैया का युवक, 12 घंटे बाद शव बरामद

पुलिस का बयान और आगे की कार्रवाई

मामले की जानकारी देते हुए अलीगंज थाना प्रभारी सुनील पांडे ने बताया कि मृतक वीरेंद्र प्रताप पीआरडी जवान थे और स्कूल में उनकी ड्यूटी लगी हुई थी. शव को पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों व विभागीय अधिकारियों से बातचीत के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.

अनुराग चौधरी

अनुराग चौधरी

घूमने का शौक. रिपब्लिक टीवी, दैनिक जागरण और ई टीवी भारत में 8 साल से ज्यादा का अनुभव.

Read More

google button