अभिषेक शर्मा ने ठोका दोहरा शतक, टीम ने 50 ओवर में बना दिए 533 रन
Aug 02, 2026 06:07 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रविवार को अमृतसर के लिए खेलते हुए दोहरा शतक लगाया। उनकी इस पारी की बदौलत टीम ने 50 ओवर में 533 रन बनाए। उन्होंने 91 गेंद में 233 रन बनाए।

भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा
भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने रविवार को पंजाब स्टेट इंटर डिस्ट्रिक्ट सीनियर वन डे लिमिटेड ओवर टूर्नामेंट 2026-27 में अमृतसर सीनियर की ओर से खेलते हुए धमाकेदार बैटिंग की। उन्होंने तरन तारन के खिलाफ मुकाबले में 91 गेंदों में 233 रन की दमदार पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 15 चौके और 25 छक्के लगाए। उनकी इस ताबड़तोड़ पारी की बदौलत टीम ने 500 से अधिक रन का स्कोर बनाया। उन्होंने स्टेडियम के चारों तरफ चौकों छक्कों की बरसात की।
अभिषेक शर्मा ने बनाए 233 रन
अमृतसर सीनियर के लिए पारी की शुरुआत करते हुए अभिषेक ने 256 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी की। उन्होंने अभय चौधरी के साथ पहले विकेट के लिए 305 रन जोड़े। जिन्होंने 85 गेंद में 93 रन की पारी खेली। अमृतसर को पहला विकेट अभिषेक के रूप में लगा, लेकिन जब तक वह आउट टीम को एक मजबूत स्कोर तक पहुंचा दिया था। उन्हें 25वें ओवर की चौथी गेंद पर अशीष ने आउट किया। अभिषेक के दोहरे शतक के बदौलत अमृतसर ने 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 533 रन बनाए। उन्होंने 91 गेंद में 15 चौके और 25 छक्के की मदद से 233 रन बनाए।
अभिषेक शर्मा के अलावा सलील अरोरा भी अमृतसर की प्लेइंग इलेवन का हिस्सा थे, जोकि आईपीएल फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं। उन्होंने 18 गेंद में 29 रन बनाए। अभिषेक शर्मा भारतीय टीम टीम के अहम सदस्य हैं। हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज के दौरान वह उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। उन्होंने सीरीज में 1,8 और दो रन बनाए। जिसके कारण उनकी आलोचना भी हुई थी और कईयों का मानना था कि वैभव सूर्यवंशी के आने और बेहतरीन प्रदर्शन करने के बाद अब अभिषेक की जगह खतरे में हैं।
वैभव सूर्यवंशी की दमदार शुरुआत
युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी ने अपने इंटरनेशनल करियर की शानदार शुरुआत को जारी रखते हुए आईसीसी की ताजा टी 20 बैटिंग रैंकिंग में बड़ी बढ़त हासिल की है। हरारे में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की हालिया 3-0 सीरीज जीत के दौरान सूर्यवंशी ने 50.33 की औसत से 151 रन बनाए और अपना पहला 'प्लेयर ऑफ द सीरीज' अवॉर्ड जीता। उनके इस शानदार प्रदर्शन का असर बुधवार को अपडेट हुई साप्ताहिक रैंकिंग पर भी दिखा। 15 साल के इस खिलाड़ी ने 230 स्थानों की छलांग लगाई और टी 20 बल्लेबाज़ों की रैंकिंग में 48वें स्थान पर पहुंचकर अपने करियर की सर्वश्रेष्ठ रेटिंग हासिल की। इस रैंकिंग में उनके साथी खिलाड़ी ईशान किशन नंबर 1 पर हैं।
