वंदे भारत पर पत्थरबाजी, संदिग्ध हिरासत में: 50 CCTV फुटेज से पहचान, मानसिक रूप से अस्वस्थ; आगरा रेफर - Kanpur News
- Hindi News
- Local
- Uttar pradesh
- Kanpur
- Kanpur Vande Bharat Stone Pelting Case | CCTV Footage Accused Identified
नूरुल अली | कानपुर1 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

कानपुर के चंदारी स्टेशन के पास वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच पर पत्थर लगने की घटना का रेलवे सुरक्षा बल (RPF), राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और क्राइम ब्रांच ने खुलासा कर दिया है। जांच के दौरान चंदारी होम सिग्नल के पास से एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया गया। 50 CCTV फुटेज और लोको पायलट सहित तकनीकी स्टाफ की पहचान के आधार पर उसकी भूमिका की पुष्टि हुई।
मेडिकल जांच में डॉक्टरों ने युवक को मानसिक रूप से अस्वस्थ घोषित किया। इसके बाद आरपीएफ ने सोमवार रात 8 बजे आरोपी को आगे के मेडिकल परीक्षण और उपचार के लिए आगरा रेफर कर दिया।
आरपीएफ प्रभारी एसएन पाटीदार ने बताया कि रविवार को सूचना मिली थी कि गाड़ी संख्या 22436 वंदे भारत एक्सप्रेस कानपुर सेंट्रल से चंदारी की ओर जा रही थी। चंदारी होम सिग्नल के पास अचानक ट्रेन के एक कोच पर पत्थर आकर लगा। घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया।
आरपीएफ, जीआरपी और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर आसपास के इलाके में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। जांच टीम ने घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से जानकारी जुटाई और संदिग्ध की तलाश शुरू की। लोको पायलट और संबंधित तकनीकी स्टाफ से मिले इनपुट को आधार बनाकर संभावित स्थानों पर तलाशी की गई।
लगातार अभियान और 50 सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। आरपीएफ के अनुसार, युवक प्रथम दृष्टया मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हुआ। वह अपना नाम-पता भी स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा था। उसकी स्थिति को देखते हुए टीम ने पूछताछ के बजाय मानवीय दृष्टिकोण अपनाया और उसे चिकित्सकीय परीक्षण के लिए केपीएम अस्पताल ले जाया गया।
केपीएम अस्पताल में चिकित्सकीय परीक्षण और मनोचिकित्सा विशेषज्ञ से परामर्श कराया गया। डॉक्टरों ने युवक को आवश्यक मनोचिकित्सीय उपचार और आगे की जांच के लिए आगरा रेफर कर दिया। सीसीटीवी फुटेज में मिले दृश्यों और उपलब्ध जानकारी के आधार पर युवक की पहचान की गई, जिसकी पुष्टि ट्रेन के लोको पायलट और संबंधित तकनीकी स्टाफ ने भी की। इसके बाद आरपीएफ ने इस घटना का सफलतापूर्वक पता लगाया।
.