बलौदाबाजार में नौकरी के नाम पर 50 हजार की ठगी: प्रणव अवस्थी के खिलाफ एक और FIR दर्ज,फर्जी ट्रांसफर केस में जेल में है बंद - baloda bazar News
बलौदाबाजार में शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली पुलिस ने प्रणव अवस्थी के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर
.
एफआईआर के मुताबिक, शिकायतकर्ता कलश राम ध्रुव महासमुंद जिले के कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम खेमड़ा के रहने वाले हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि अप्रैल 2026 में उनकी पहचान प्रणव अवस्थी से हुई थी। बातचीत में प्रणव ने उन्हें शराब दुकान में सेल्समैन की नौकरी लगवाने का झांसा दिया। इसके लिए करीब 1.50 लाख रुपए खर्च होने की बात कही गई थी।

बलौदाबाजार के सिटी कोतवाली में आरोपी प्रणव अवस्थी के खिलाफ अपराध दर्ज
नौकरी के नाम पर लिए 50 हजार रुपए
कलश राम ध्रुव का आरोप है कि नौकरी मिलने की उम्मीद में उन्होंने प्रणव अवस्थी को अलग-अलग समय पर कुल 50 हजार रुपए दिए। हालांकि, उनकी नौकरी नहीं लगी। एफआईआर में यह भी बताया गया है कि दोनों के बीच मोबाइल फोन और व्हाट्सऐप पर नौकरी और पैसों को लेकर बातचीत हुई थी।
शिकायत के अनुसार, प्रणव अवस्थी ने नौकरी से जुड़े दस्तावेज व्हाट्सऐप के जरिए भेजे थे। जब नौकरी नहीं लगी और शिकायतकर्ता ने अपने पैसे वापस मांगे, तो उसे लगातार आश्वासन दिया जाता रहा, लेकिन रकम वापस नहीं मिली।
शिकायतकर्ता ने पुलिस को बैंक लेन-देन की जानकारी और दूसरे दस्तावेज भी दिए हैं। एफआईआर में 50 हजार रुपए की रकम को संबंधित संपत्ति के तौर पर दर्ज किया गया है। यह शिकायत फर्जी ट्रांसफर और नौकरी लगाने से जुड़े मामलों के बाद सामने आई है।

नौकरी दिलाने के नाम पर प्रणव अवस्थी पर एक और FIR
गौरतलब है कि आरएमए के फर्जी ट्रांसफर आदेश के मामले में भाजपा से निष्कासित पूर्व जिला महामंत्री कृष्ण अवस्थी और उसका बेटा प्रणव अवस्थी पहले से जेल में बंद हैं। दोनों पर नौकरी और ट्रांसफर कराने के नाम पर पैसे लेने के आरोप से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं।
इसी मामले में अब प्रणव अवस्थी के खिलाफ नौकरी दिलाने के नाम पर 50 हजार रुपए लेने की शिकायत पर एक और एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अब पैसों के लेन-देन, व्हाट्सऐप पर हुई बातचीत और नौकरी दिलाने के नाम पर दिए गए दस्तावेजों की जांच कर रही है। इस मामले की जांच उप निरीक्षक संजना नायक कर रही हैं।