500 पुलिसकर्मी, CCTV फुटेज और 2 लाख की सुपारी... कर्नाटक में कांग्रेस नेता हत्याकांड में 3 शातिर अरेस्ट

कांग्रेस नेता डेविड डिसूजा की हत्या का मामला
Congress Leader David D’Souza Murder: उडुपी के मुड्रंगडी स्थित सेंट जेवियर्स चर्च कॉम्प्लेक्स के पास शुक्रवार दिनदहाड़े कांग्रेस नेता डेविड डिसूजा की हत्या कर दी गई थी. ठेकेदार और पूर्व पंचायत अध्यक्ष डेविड को उनके कार्यालय के सामने गोली मार दी गई थी. अब पुलिस ने उनकी हत्या के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. तीन ही उत्तर भारतीय हैं. तीनों आरोपियों के नाम राजू, अजय रस्तोगी और जियाउल वज़ुल शेख हैं. गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ कई अलग-अलग राज्यों में मामले दर्ज हैं.
उडुपी एसपी हरिराम शंकर ने बताया कि कांग्रेस नेता और ठेकेदार डेविड डिसूजा की हत्या ठेके के विवाद में हुई. डेविड और एक अन्य ठेकेदार के बीच लगभग 2 से 3 करोड़ रुपये का विवाद चल रहा था. उनकी हत्या की सुपारी दी गई थी. उनके सिर के पास 9 एमएम की पिस्टल सटाकर गोली मारी गई. आरोपी राजू के खाते में 2 लाख रुपये से अधिक की रकम भेजी गई थी. यह भुगतान हत्या से पहले और बाद में किस्तों में किया गया था.
डेविड डिसूजा की हत्या की सुपारी दी गई थी
आरोपियों को बायंदूर के ओत्तिनाने, भटकल और कुमुता से गिरफ्तार किया गया है. सुपारी देने वाले व्यक्ति को पकड़ने के लिए एक टीम को दूसरे राज्य भेजा जा चुका है. इस हत्या के आरोपियों को पकड़ने के लिए 500 से अधिक पुलिसकर्मी लगे हुए थे. घटनामुड्रंगडी स्थित सेंट जेवियर्स चर्च कॉम्प्लेक्स के पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गई थी. आरोपी जिस बाइक पर सवार होकर आए थे, वो उनको किसने मुहैया कराई, इसकी जांच चल रही है.
आरोपियों ने की थी रेकी
आरोपी एक-दूसरे को अच्छी तरह नहीं जानते थे. आरोपी 2 महीने पहले भी घटनास्थल पर पहुंचे थे और उन्होंने वहां की रेकी की थी. एसपी हरिराम शंकर ने बताया कि स्थानीय लोगों में से किन लोगों ने उनकी मदद की, इसकी भी जांच की जा रही है. बायंदूर के ओत्तिनाने के पास पुलिस द्वारा बस की जांच की गई. इस दौरान तीन लोग बस से उतर गए. तभी एक पुलिस कांस्टेबल तेजस्विनी ने राजू का पीछा किया.
उसी दौरान आरोपी ने कांस्टेबल पर हमला कर दिया. आत्मरक्षा में कांस्टेबल ने गोली चलाई, जो आरोपी के पैर में लगी. इसके बाद आरोपी राजू को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस कांस्टेबल और आरोपी का अस्पताल में इलाज चल रहा है. वहीं शेष दो आरोपियों को शनिवार सुबह भटकल और कुमुता से गिरफ्तार किया गया.
आरोपियों पर हैं हत्या और लूटपाट के मामले
एसपी ने बताया कि आरोपी राजू पर महाराष्ट्र, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान सहित 5 राज्यों में हत्या, महिलाओं पर हमला और डकैती सहित 26 मामले दर्ज हैं. अजय रस्तोगीपर 2018 से 4 राज्यों में 8 मामले दर्ज हैं और जियाउल वज़ुल शेख पर डकैती, गोलीबारी और लूटपाट सहित 12 मामले दर्ज हैं. आरोपी राजू से 9 एमएम की पिस्टल जब्त की गई है. साथ ही तीनों के पास से मोबाइल और सिम कार्ड भी जब्त किए गए हैं.
ये भी पढ़ें: Gen Z को गुमराह करने की कोशिश हुई इस्तीफे के बाद धर्मेंद्र प्रधान का आया पहला रिएक्शन

वरुण कुमार
वरुण कुमार पिछले पांच वर्षों से पत्रकारिता जगत का हिस्सा हैं. साल 2021 में माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई पूरी की. इसके बाद प्रभासाक्षी न्यूज वेबसाइट से पत्रकारिता की शुरुआत की और फिर एबीपी न्यूज का हिस्सा बने. अब TV9 डिजिटल की धर्म टीम के साथ काम कर रहे हैं.
Read More