504 करोड़ के घोटाले में छह IAS अफसरों सहित 19 के खिलाफ आरोप पत्र दायर

National News: दिल्ली सीबीआई ने 504 के घोटाले में छह IAS अधिकारियों सहित 19 के ख़िलाफ आरोप पत्र दायर किया है. आरोपित सभी IAS अधिकारी हरियाणा सरकार के विभिन्न विभागों में कार्यरत हैं. हरियाणा में हुए सरकारी राशि के इस घोटाले में आठ विभाग शामिल हैं. इस घोटाले के सरकारी अधिकारियों और बैंक(IDFC First Bank) के अधिकारियों ने मिलकर अंजाम दिया है.


हरियाणा में हुए इस घोटाले की जांच निगरानी विभाग से हटाकर सीबीआई को सौंपी गयी थी. सीबीआई ने मामले की जांच के बाद दूसरा आरोप पत्र दायर किया. पंचकुला स्थित सीबीआई के विशेष न्यायाधीश की अदालत में सीबीआई द्वारा दाखिल आरोप पत्र में जिन छह IAS अधिकारियों को आरोपित किया गया है, उसमें - डॉक्टर साकेत कुमार, प्रदीप कुमार, विनित गर्ग, राम कुमार सिंह, मोहम्मद शाइन और पंकज अग्रवाल का नाम शामिल है. इसके अलावा आरोपित अभियुक्तों की सूची मे IDFC First Bank के तीन, स्मॉल फाइनेंस बैंक के एक और राज्य सरकार के नौ दूसरे अधिकारी शामिल है.


सीबीआई द्वारा दायर आरोप पत्र में कहा गया कि इन अधिकारियों ने वित्त विभाग द्वारा जारी आदेश का उल्लंघन करते हुए IDFC बैंक में खाता खोला. इसके बाद सरकार के आठ विभागों से जुड़ी योजनाओं का पैसा इस बैंक में ट्रांसफर किया. इस घोटाले में सरकार के पंचायती राज, पंचकुला और कालका नगर निगम, स्कूल शिक्षा परियोजना, श्रम कल्याण बोर्ड, स्टेट एग्रिकल्चर मार्केटिंग बोर्ड, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और हरियाणा पावर जेनरेशन कॉरपोरेशन लिमिटेड का नाम शामिल है.

बैंक और सकारी अधिकारियों द्वारा रची गयी साजिश के तहत प्राइवेट बैंक में खाता खोलकर सरकार का पैसा ट्रांसफर किया गया. इसके बाद वहां से अलग-अलग बैंक खातों में पैसा ट्रांसफर कर नकद निकासी की गयी. सीबीआई ने इस घोटाले के पहले आरोप पत्र में 18 अभियुक्तों को आरोपित किया था. इस तरह इस मामले में आरोपितों की कुल संख्या 37 हो गयी है.


सीबीआई ने मामले की जांच के दौरान कुल 54 ठिकानों पर छापा मारा. छापेमारी के दौरान जेवरात और नकद राशि जब्त की. नकद और जेवरात का मूल्य 20 करोड़ रुपये है. सीबीआई द्वारा आरोपित 37 अभियुक्तों में से 26 को जांच के दौरान गिरफ्तार किया गया था. इसमें IAS अधिकारी भी शामिल थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.