51 करोड़ रुपये के घाटे के बावजूद अथर एनर्जी के शेयर में क्यों आई 16% की उछाल?
Aug 04, 2026 11:35 am ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- इस तिमाही में अथर को 51 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह घाटा 178 करोड़ रुपये था
- इसके बावजूद इस पर ब्रोक्रेज फर्म HSBC, नोमुरा और CLSA फिदा हैं

एथर एनर्जी का फेस्टिव प्रमोशन ऑफर शुरू
अथर एनर्जी के शेयर में मंगलवार, 4 अगस्त को 16% तक की तेजी आई और यह अपने ऑल टाइम हाई पर पहुंच गया। यह उछाल कंपनी के जून तिमाही के नतीजों में तेज सुधार के बाद देखने को मिला। इसके शेयरों पर ब्रोक्रेज फर्म HSBC, नोमुरा और CLSA फिदा हैं। आइए जानें उनके फिदा होने के क्या हैं कारण और क्या हैं टार्गेट प्राइस…
कैसे रहे पहली तिमाही के नतीजे: इस तिमाही में अथर को 51 करोड़ रुपये का नेट लॉस हुआ, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में यह घाटा 178 करोड़ रुपये था। कंपनी की ऑपरेशनल इनकम साल-दर-साल 89% बढ़कर 645 करोड़ रुपये से 1,217 करोड़ रुपये हो गई। वहीं, EBITDA का घाटा 134 करोड़ से घटकर 33 करोड़ रुपये रह गया। समायोजित सकल मार्जिन 82.3% बढ़कर 282 करोड़ रुपये पर पहुंच गया, और कंपनी एडजस्टेड EBITDA के आधार पर इस तिमाही में सकारात्मक भी हो गई।
ब्रोकरेज फर्मों की राय
1,600 रुपये टार्गेट: CLSA ने शेयर पर 'आउटपरफॉर्म' की रेटिंग बरकरार रखी है और लक्ष्य कीमत 1,600 रुपये तय की है। उसका कहना है कि अथर की वॉल्यूम पहली तिमाही में 81% बढ़ी, जो पूरे ईवी टू-व्हीलर इंडस्ट्रीज की 68% वृद्धि से अधिक है। EBITDA मार्जिन में तिमाही-दर-तिमाही 319 आधार अंकों का सुधार हुआ और यह -2.7% पर आ गया।
मांग मजबूत बनी हुई है। हर महीने करीब 50,000 बुकिंग मिल रही हैं, जबकि मौजूदा उत्पादन क्षमता करीब 35,000 यूनिट प्रति माह है। इसका मतलब है कि अथर के सामने मांग की नहीं, बल्कि क्षमता की कमी है। CLSA को उम्मीद है कि Q3FY27 से 5 लाख यूनिट सालाना क्षमता वाली फैक्ट्री 3.0 के शुरू होने, हाल की कीमत वृद्धि और लागत बचत के उपायों से मार्जिन को समर्थन मिलेगा। साथ ही, त्योहारी सीजन में EL प्लेटफॉर्म के लॉन्च से वॉल्यूम ग्रोथ बनी रहेगी।
HSBC ने दी 'Buy' की सलाह: एचएसबीसी ने खरीदारी की सलाह बरकरार रखी है और लक्ष्य कीमत बढ़ाकर 1,450 रुपये कर दी है। उसका कहना है कि अन्य खर्चों में तेज कमी के कारण मार्जिन का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहा। उसे नई उत्पादन क्षमता आने पर मजबूत वॉल्यूम ग्रोथ और बाजार हिस्सेदारी में बढ़ोतरी की उम्मीद है, और वह अथर के मजबूत ब्रांड और निष्पादन क्षमता को प्रीमियम वैल्यूएशन का कारण मानता है।
नोमुरा ने दिया 1714 रुपये का टार्गेट: नोमुरा ने भी 'खरीदें' रेटिंग और 1,714 रुपये का लक्ष्य बनाए रखा है, जो बाजार में सबसे ऊंचा लक्ष्य है। उसने कहा कि कंपनी का Q1 EBITDA मार्जिन -2.7% रहा, जो उसके अनुमान -5.6% से काफी बेहतर है। नोमुरा को आने वाला EL प्लेटफॉर्म और नई मैन्युफैक्चरिंग यूनिट अगले मेन ग्रोथ फैक्टर्स लगते हैं।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshia
दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें
