51,936 वोटों से जीतने वाले नितिन की सीट हारी BJP: प्रशांत किशोर ने 19,324 वोट से हराया, RJD को सिर्फ 14,273 वोट - Bihar News
पटना के बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज के प्रशांत किशोर ने बड़ी जीत दर्ज की है। यह जीत इसलिए भी बड़ी है, क्योंकि उन्होंने बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के गढ़ में उन्हीं के उम्मीदवार नीरज सिन्हा को 19,324 वोटों से हरा दिया।
.
32 राउंड की मतगणना के बाद प्रशांत किशोर को 64,151 वोट मिले, जबकि बीजेपी के नीरज सिन्हा को 44,827 वोट प्राप्त हुए। राजद की रेखा कुमारी 14,273 वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।
बांकीपुर में कुल 34.30% मतदान हुआ था और 1,30,208 वोट पड़े थे। इनमें प्रशांत किशोर को 49.23% वोट मिले। 2025 के विधानसभा चुनाव में नितिन नवीन इसी सीट से 51 हजार से अधिक वोटों से जीते थे। उन्हें 98,299 वोट मिले थे।
पिछले 30 साल से बांकीपुर बीजेपी का गढ़ रहा है, लेकिन इस जीत के साथ ही प्रशांत किशोर की विधानसभा में एंट्री हो गई है। अब वे सिर्फ सदन के बाहर ही नहीं, बल्कि सदन के भीतर भी पक्ष और विपक्ष दोनों पर हमलावर नजर आ सकते हैं।
अपनी जीत के बाद पीके ने अपना एजेंडा भी साफ कर दिया। उन्होंने बीजेपी नेतृत्व से बिहार में मुख्यमंत्री बदलने की अपील की और कहा, “किसी पढ़े लिखे को सीएम बनाइए, अपराधी को मुख्यमंत्री बनाइएगा तो बिहार की तरक्की नहीं होगी।”

पहले जानिए जीत के बाद जानिए पीके ने क्या कहा-

जनता ने आपके 202 विधायक जिताए हैं किसी अपराधी, किसी गलत चाल-चरित्र चेहरे वाले व्यक्ति को बिहार का नेतृत्व मत दीजिए। अच्छे आदमी को बनाएं ताकि बिहार में भी शिक्षा, रोजगार हो। बिहार के बच्चों को बाहर मजदूरी करने ना जाना पड़े। ये संदेश बांकीपुर के लोगों ने दिया है...जिन्होंने वोट दिया है उनका धन्यवाद जिन्होंने वोट नहीं दिया है उनको यही कहेंगे कि आपका विश्वास जीतने के लिए और मेहनत और प्रयास करेंगे। बिहार को अच्छा नेतृत्व मिलना चाहिए बिहार सुधरना चाहिए..."


बांकीपुरः PK को BJP-RJD के कुल वोटों से भी ज्यादा वोट
जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने बांकीपुर उपचुनाव में 64,151 वोट (49.23%) हासिल किए। भाजपा के नीरज कुमार को 44,827 वोट (34.40%) मिले। दोनों के बीच जीत का अंतर 19,324 वोट रहा।
राजद की रेखा कुमारी 14,273 वोट (10.95%) के साथ तीसरे स्थान पर रहीं। भाजपा और राजद को मिलाकर कुल 59,100 वोट मिले, जो अकेले प्रशांत किशोर के वोटों से 5,051 कम हैं। यह उनकी मजबूत बढ़त को दर्शाता है।
चुनाव में कुल 1,30,313 वोट पड़े। इनमें लगभग हर दूसरा वोट प्रशांत किशोर के पक्ष में गया। NOTA को 646 वोट (0.50%) मिले।
वहीं, शीर्ष तीन उम्मीदवारों के बाद कोई भी प्रत्याशी 1,000 वोट तक नहीं पहुंच सका। चौथे स्थान पर रहे मनोरंजन कुमार श्रीवास्तव को 973 वोट (0.75%) मिले।
जनसुराज की जश्न की कुछ तस्वीरें देखिए…

जीत के बाद प्रशांत किशोर कार्यकर्ताओं के बीच पहुंचे।

बांकीपुर उपचुनाव जीतने के बाद प्रशांत किशोर ने कार से अपने समर्थकों का जोश बढ़ाया।

बांकीपुर में जीत के बाद डीजे पर झूमते नजर आए जनसुराज कार्यकर्ता।

जनसुराज की जीत पर पार्टी की महिला कार्यकर्ता भी काफी खुश दिखीं। महिला कार्यकर्ताओं ने जय बिहार के नारे लगाए।

बांकीपुर सीट पर जीत दर्ज करने के बाद पीके ने विजय जुलूस निकाला। इस दौरान उन्होंने लोगों का अभिवादन स्वीकार किया।

प्रशांत किशोर को मिली बढ़त के बाद पार्टी कार्यकर्ता जश्न मनाते हुए।

बांकीपुर में जीत दर्ज करने के बाद चुनाव आयोग की ओर से जनसुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर को जीत का सर्टिफिकेट सौंपा गया।
काउंटिंग के दौरान EC की साइट में गड़बड़ी
बांकीपुर सीट पर कुल 32 राउंड में मतगणना हुई। इसमें जनसुराज उम्मीदवार प्रशांत किशोर शुरुआत से ही बढ़त बनाए हुए थे। 10वें राउंड के बाद ही उनकी जीत लगभग तय थी। इसके बाद बाकी बचे राउंड में भी उनकी बढ़त बरकरार रही और आखिरी में उन्होंने जीत दर्ज की।
बांकीपुर उपचुनाव की मतगणना के दौरान चुनाव आयोग (ECI) की वेबसाइट पर तकनीकी गड़बड़ी देखने को मिली। सुबह से वेबसाइट पर 31 राउंड की मतगणना दिखाई जा रही थी। 31 राउंड पूरे होने के बाद वेबसाइट पर पहले 32 और फिर 36 राउंड की काउंटिंग दिखने लगी। बाद में वेबसाइट पर फिर से 32 राउंड की दिखाया गया।
भास्कर कार्टूनिस्ट मंसूर नकवी की नजर से...

1995 से बांकीपुर सीट पर था भाजपा का कब्जा
बांकीपुर में 30 साल से भाजपा को कोई हरा नहीं पाया। 1995 से लगातार इस सीट पर भाजपा का कब्जा रहा। पहले नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा और उसके बाद उनके बेटे नितिन नवीन लगातार यहां से चुनाव जीतते रहे।
2025 के चुनाव में बांकीपुर से विधायक चुने गए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन राज्यसभा चले गए। इसके बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया, जिससे यह सीट खाली हुई और उपचुनाव कराना पड़ा।

अब जानिए प्रशांत किशोर की जीत पर किसने क्या कहा
- सपा सांसद अखिलेश यादव का बीजेपी पर तंज-

भगवान को नचाने का अहंकार रखने वालों को भगवान ने ही नचा दिया। खुद को भगवान से ऊपर समझने वालों को भगवान ने चलती गाड़ी से उतार दिया और उनके घमंड का बुखार भी उतार दिया। भाजपा की हार बदलाव की शुरुआत है। अब भाजपा की सबसे सुरक्षित और परंपरागत सीटें भी उसे हार से नहीं बचा पाएंगी। पार्टी का संकट सिर्फ हार तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि जल्द ही टिकट लेने वाले उम्मीदवारों को ‘ड्रोन और दूरबीन’ से भी ढूंढना पड़ेगा।

- रोहिणी बोलीं- ये लोकतंत्र की जनता की जीत है- “बांकीपुर उपचुनाव के नतीजे ने एक बार फिर साबित कर दिया कि जीत उसी की होती है, जो लगातार लड़ता है, जनता से निरंतर जुड़ा रहता है, कार्यकर्ताओं और समर्थकों का सम्मान करता है तथा उनके साथ संपर्क और संवाद बनाए रखता है।यह जीत सिर्फ भाजपा के विरोध की नहीं, बल्कि लोकतंत्र में जनता के विश्वास की जीत है।”
- शक्ति सिंह बोले- बीजेपी का अहंकार टूटा- “मैं जनता के इस फैसले को स्वीकार करता हूं, लेकिन जो लोग कहते थे कि बांकीपुर से उन्हें कोई नहीं हरा सकता, जनता ने उनके घमंड को तोड़ दिया है।”
- प्रशांत किशोर की पत्नी डॉ. जाह्नवी-, “हम सब बहुत खुश हैं...यह बहुत मुश्किल सीट थी, जिसकी वजह से यह जीत इसे और भी खास बनाती है और हमें और भी ज़्यादा खुशी देती है। मैं बांकीपुर और बिहार के लोगों को यह शानदार जीत दिलाने के लिए दिल से धन्यवाद देती हूं। मैं हमेशा उन सभी की शुक्रगुजार रहूंगी।”