इमरान खान की पूर्व पत्नी ने 52 साल की उम्र में रचाई शादी, कौन है पति?
जेमिमा और इमरान खान की शादी साल 1995 में हुई. 9 साल बाद 2004 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया और 2005 में उनका तलाक हुआ. उनके दो बेटे भी हैं, जिनका नाम सुलेमान और कासिम है.
Written By : विक्रम कुमार | Updated at : 14 Sep 2026 07:25 PM (IST)

इमरान खान की पूर्व पत्नी ने की शादी
Source : instagram/jemimagjones/imudasirkhaan
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने 52 साल की उम्र में दूसरी शादी कर ली है. उन्होंने आयरिश-ऑस्ट्रेलियाई फाइनेंसर कैमरन ओ रेली से शादी की है. जेमिमा के भाई बेन गोल्डस्मिथ ने उनकी शादी की पुष्टि की है. उन्होंने इंस्टाग्राम पर दोनों की तस्वीर पोस्ट कर लिखा, 'कितनी खुशी का दिन है.' कैमरन और जेमिमा लंबे समय से एक-दूसरे को जानते थे और बीते एक साल से दोनों डेट कर रहे थे.
9 साल चला इमरान-जेमिमा का रिश्ता
जेमिमा और इमरान खान की शादी साल 1995 में हुई. 9 साल बाद 2004 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया और 2005 में उनका तलाक हुआ. उनके दो बेटे भी हैं, जिनका नाम सुलेमान और कासिम है. वे इमरान खान पर पाकिस्तान में हो रहे जुल्म के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर आवाज उठाते हैं. जेमिमा गोल्डस्मिथ खुद भी कई बार इमरान खान के लिए आवाज उठा चुकी हैं. उन्होंने पिछले महीने इसे मानवाधिकार आपातकाल बताया था और ब्रिटेन में बेटों के द्वारा चलाए जा रहे अभियान का समर्थन किया था.
इमरान खान के लिए आवाज उठाती रही हैं जेमिमा
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने ब्रिटेन के साथ इमरान खान के संबंधों को जोड़ते हुए कहा था, 'उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ाई की. वहां क्रिकेट खेला और बाद में कई वर्षों तक इंग्लैंड में काउंटी क्रिकेट खेला.' इस दौरान जेमिमा ने इमरान खान की ओर से संचालिच फ्री कैंसल अस्पताल और एक यूनिवर्सिटी की स्थापना का भी जिक्र किया था. उन्होंने कहा कि उनके बेटे हजारों मील से अपने पिता के बिगड़ते स्वास्थ्य को लेकर आवाज उठा रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया था कि उनके बेटे को पिता से मिलने नहीं दिया जा रहा है और गिरफ्तारी की धमकी दी गई थी.
इमरान खान से तलाक होने के बाद जेमिमा का नाम कई ब्रिटिश के कई चर्चित हस्तियों के साथ जुड़ा. जेमिमा और कैमरन दोनों की दिलचस्पी फिल्मों और डॉक्यूमेंट्री में थी. इसी काम के दौरान दोनों की मुलाकात हुई थी. जेमिमा इंस्टिंक्ट प्रोडक्शंस की फाउंडर हैं. उन्होंने कई टेलीविजन और फिल्म प्रोजेक्ट पर काम किया है. उन्होंने द न्यू स्टेट्समैन और वैनिटी फेयर जैसे पब्लिकेशन्स के साथ भी काम किया है. सालों से वह मानवाधिकार मुद्दों पर मुखर रही हैं.
कैमरन ओ'रेली कौन हैं?
62 साल के कैमरन दिवंगत मीडिया कारोबारी और पूर्व इंटरनेशनल रग्बी खिलाड़ी सर एंथनी ओ'रेली के बेटे हैं. उनके पास आयरिश और ऑस्ट्रेलियाई नागरिकता है. उन्होंने ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी से पढ़ाई पूरी करने के बाद फाइनेंस के क्षेत्र में करियर शुरू किया. बाद में उन्होंने अपने पिता की मीडिया कंपनी इंडिपेंडेंट न्यूज एंड मीडिया में काम किया. इसके बाद वह ऑस्ट्रेलियाई मीडिया कंपनी एपीएन न्यूज एंड मीडिया में काम करने चले गए, जहां उन्होंने साल 2000 तक CEO पद की जिम्मेदारी संभाली.
इसके बाद कैमरन ने प्राइवेट इक्विटी में कदम रखा. 2003 में उन्होंने बेयार्ड कैपिटल की स्थापना की, जो टेक्नोलॉजी एंड इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित बिजनेस में अपना पैसा लगाता है. इसके जरिए उन्होंने स्विट्जरलैंड की मीटरिंग कंपनी लैंडिस+जीवाईआर का अधिग्रहण किया. कंपनी के CEO के तौर पर उन्होंने साल 2011 में इसे Toshiba को करीब 2.3 अरब डॉलर में बेच दिया. उनकी पिछली पत्नी इल्से ओ'रेली से उनके चार बच्चे हैं. करीब 20 साल से साथ रहने के बाद दोनों 2022 में अलग हो गए.

विक्रम कुमार एबीपी न्यूज़ में बतौर सब एडिटर कार्यरत हैं और डिजिटल टीम का हिस्सा हैं. एबीपी लाइव के नेशनल डेस्क पर विक्रम देश और विदेश की राजनीति से जुड़ी खबरों की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं. ब्रेकिंग न्यूज़ पर इनका विशेष फोकस रहता है. देश-विदेश के बड़े राजनीतिक घटनाक्रम पर लिखते रहते हैं. यूएस-ईरान युद्ध के दौरान इन्होंने कई इन-डेप्थ खबरें की हैं जिन पर कई मिलियन व्यूज आए. साल 2023 में प्रतिष्ठित जामिया मिल्लिया इस्लामिया से मास मीडिया हिंदी में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद एबीपी लाइव के साथ करियर की शुरुआत की. Email: [email protected]
Read More
Published at : 14 Sep 2026 07:21 PM (IST)
Breaking News, Anytime, Anywhere - Download ABPLIVE on Android and iOS now!
और पढ़ें
Sponsored Links by Taboola