मुसीबत में मेटा, भारत में मांगनी पड़ी माफी... उधर अमेरिका में 54 अरब हर्जाना देने का आदेश

विश्व प्रसिद्ध कंपनी मेटा के लिए संकट का दौर खत्म नहीं हो रहा है. एक ओर भारत में एल्गोरिद्म और भारतीय कानूनों के पालन पर मेटा के अधिकारियों से पूछताछ की जा रही है. वहीं अब अमेरिका के न्यू मैक्सिको स्टेट कोर्ट ने मेटा कंपनी को टीनएजर्स की मेंटल हेल्थ के लिए बने फंड में 567 मिलियन डॉलर (54 अरब रुपये) जमा कराने और युवा यूजर्स के लिए अपने प्लेटफॉर्म पर काम करने के तरीके में बदलाव करने का आदेश दिया. कोर्ट का मानना है कि बच्चों को नुकसान पहुंचाने के लिए कंपनी जिम्मेदार है.

न्यू मैक्सिको के सांता फे में कल गुरुवार को मामले की सुनवाई करते हुए जज ब्रायन बीडशाइड ने डेमोक्रेट अटॉर्नी जनरल राउल टोरेज का पक्ष लेते हुए फैसला सुनाया कि मेटा ने न्यू मैक्सिको में जनता के लिए परेशानी यानी Public Nuisance की स्थिति पैदा की है. टोरेज ने सोशल मीडिया कंपनी पर यह आरोप था कि उसने ऐसे प्रोडक्ट तैयार किए हैं जिनकी युवा यूजर्स को लत लग जाती है. यही नहीं कंपनी अपने प्लेटफॉर्म पर बच्चों को यौन शोषण से रोक पाने में नाकाम रही है.

कंज्यूमर प्रोटेक्शन लॉ का खुला उल्लंघन

यह अहम फैसला उस घटना के 5 महीने बाद आया है जब केस के शुरुआती दौर में न्यू मैक्सिको की जूरी ने मेटा को 375 मिलियन डॉलर का भुगतान करने का आदेश दिया था. जूरी ने सुनवाई के दौरान पाया था कि कंपनी ने युवा यूजर्स के लिए फेसबुक और इंस्टाग्राम की सुरक्षा को लेकर गलत जानकारी देकर कंज्यूमर प्रोटेक्शन लॉ का खुला उल्लंघन किया है.

सोशल मीडिया कंपनियों पर युवा यूजर्स को नुकसान पहुंचाने के आरोपों वाले केसों की बढ़ती संख्या के बीच इस केस पर बारीकी से नजर रखी जा रही थी. जहां कई केस बच्चों और परिवारों की ओर से निजी नुकसान के आरोपों को लेकर किए गए हैं, तो वहीं राज्यों, नगर पालिकाओं और स्कूल डिस्ट्रिक्ट्स ने भी इंडस्ट्री में बड़े स्तर पर बदलाव की मांग करते हुए केस कर रखे हैं.

40 से अधिक राज्यों में कंपनियों के खिलाफ केस

अमेरिका में 40 से अधिक राज्यों और 1,300 से अधिक स्कूल डिस्ट्रिक्ट्स ने सोशल मीडिया कंपनियों के खिलाफ ‘पब्लिक न्यूसेंस’ से जुड़े केस कर रखे हैं. वे मुआवजे के साथ-साथ कोर्ट के ऐसे आदेश भी चाहते हैं जिनसे प्रोडक्ट और तौर-तरीकों में बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएं.

जज बीडशाइड ने कल गुरुवार को मेटा को युवा-सुरक्षा उपाय लागू करने का आदेश सुनाया. इन उपायों में टीनएजर्स द्वारा फेसबुक और इंस्टाग्राम के इस्तेमाल पर मंथली कंट्रोल, नोटिफिकेशन पर अंकुश, नाबालिगों के साथ वयस्कों के संपर्क पर कड़ा नियंत्रण, AI चैटबॉट्स के लिए सुरक्षा उपाय और बच्चों के यौन शोषण की रिपोर्ट की बेहतर समीक्षा शामिल है. यह आदेश 5 साल तक लागू रहेगा.

टीनएजर्स की सुरक्षा के रिकॉर्ड पूरा भरोसाः Meta

दूसरी ओर, मेटा ने कहा कि वह इस फैसले के खिलाफ अपील करेगी और वह अपने प्लेटफॉर्म से हानिकारक कंटेंट की पहचान करने और उसे हटाने के लिए काम कर रही है. मेटा की ओर से जारी बयान में कहा गया, “हमें ऑनलाइन टीनएजर्स की सुरक्षा के अपने रिकॉर्ड पर पूरा भरोसा है और हम उन दावों के खिलाफ अपना बचाव जारी रखेंगे जो तथ्यों को गलत तरीके से पेश करते हैं.”

न्यू मैक्सिको के टोरेज ने कहा कि मेटा ने बच्चों की सुरक्षा की जगह मुनाफा को चुना, और यह फैसला पहला ऐसा फैसला है जिसने किसी सोशल मीडिया दिग्गज को बच्चों की सुरक्षा के लिए बदलाव करने पर मजबूर किया है. उन्होंने यह भी कहा कि यह सिर्फ एक कंपनी के खिलाफ फैसला नहीं है बल्कि यह एक ब्लूप्रिंट है. अब दूसरे राज्यों और दूसरे देशों के पास, जो इस तरह के संकट का सामना कर रहे हैं, उनके सामने एक रोडमैप है जिसका वे पालन कर सकते हैं.”

पिछले साल रॉयटर्स ने कंपनी के कुछ दस्तावेजों के आधार पर रिपोर्ट दी थी कि मेटा के AI चैटबॉट्स बच्चों के साथ “रोमांटिक या कामुक बातचीत” कर सकते हैं. यह रिपोर्ट मेटा के उन विज्ञापनों से मुनाफा कमाने की जांच का हिस्सा थी जिनमें धोखाधड़ी और प्रतिबंधित उत्पादों को बढ़ावा दिया जाता था.

TV9 Bharatvarsh

TV9 Bharatvarsh

टीवी9 भारतवर्ष डिजिटल TV9 नेटवर्क का प्रमुख हिंदी न्यूज़ प्लेटफॉर्म है. इस वेबसाइट पर देश-विदेश की ताज़ा खबरें, ब्रेकिंग न्यूज़, विश्लेषण और ग्राउंड रिपोर्टिंग से पाठकों को रूबरू कराया जाता है. टीवी9 की वेबसाइट tv9hindi.com प्रमुख हिंदी वेबसाइटों में अपना स्थान रखती है. टीवी9 हिंदी का अपना मोबाइल ऐप भी है, जहां टेक्स्ट और वीडियो दोनों माध्यम से खबरें पढ़ीं और देखी जा सकती हैं. टीवी9 वेबसाइट पर राजनीति, अर्थव्यवस्था, खेल, मनोरंजन, स्वास्थ्य, टेक और अंतरराष्ट्रीय मामलों जैसी विविध श्रेणियों में खबरें कवर की जाती हैं. यहां एक्सप्लेनर्स, एक्सक्लूसिव स्टोरीज, वीडियो रिपोर्ट्स और लाइव अपडेट्स मिलते हैं. TV9 नेटवर्क का डिजिटल सेगमेंट तेजी से बढ़ा है और मिलियंस की संख्या में यूनिक यूजर्स तक पहुंचता है.

Read More

google button