यमुनानगर में नशे के खिलाफ दौड़ेंगे 55 हजार धावक: प्रथम आने पर ₹1 लाख का इनाम, 5 और 10 किमी की होगी दौड़ - Yamunanagar News
'रन अगेंस्ट ड्रग्स' मैराथन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए डीसी प्रीति और एसपी कमलदीप गोयल।
हरियाणा सरकार के 'नशा छोड़ो-जीवन जोड़ो' अभियान के तहत रविवार को यमुनानगर में प्रदेश का सबसे बड़ा जन-जागरूकता कार्यक्रम 'रन अगेंस्ट ड्रग्स' आयोजित किया जाएगा। सीएम नायब सिंह सैनी सुबह 5:15 बजे मटका चौक से मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
.
5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर की दौड़ के लिए अब तक 55 हजार से अधिक प्रतिभागियों ने पंजीकरण कराया है, जबकि 10 किलोमीटर की प्रतिस्पर्धी दौड़ में 687 धावक हिस्सा लेंगे। आयोजन में हरियाणा के अलावा उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और दिल्ली से भी प्रतिभागी पहुंचेंगे।
मटका चौक से शुरू होगी दौड़
डीसी प्रीति ने बुधवार को इस आयोजन को लेकर प्रेसवार्ता की। उन्होंने बताया कि यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ प्रदेशव्यापी जन-जागरूकता अभियान है। उन्होंने कहा कि नशे से मुक्त समाज ही स्वस्थ और समृद्ध समाज की नींव रख सकता है।
उन्होंने बताया कि 5 किलोमीटर और 10 किलोमीटर दोनों श्रेणियों की दौड़ मटका चौक से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए पुनः वहीं समाप्त होगी। प्रतिभागियों को सुबह 5:15 बजे तक रिपोर्ट करना होगा।

'रन अगेंस्ट ड्रग्स' मैराथन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए डीसी प्रीति और एसपी कमलदीप गोयल।
जीतने वाले को एक लाख रुपए का इनाम
डीसी ने बताया कि नशे के खिलाफ इस दौड़ में भाग लेने वाले प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर रहने वाली महिला एवं पुरूषों को एक लाख, 75 हजार और 51 हजार रुपए के पुरस्कार के रूप में प्रदान किए जाएगें। इसके अलावा 4 से 10 स्थान पर रहने वाले प्रतिभागियों को 51 सौ रुपए के पुरस्कार प्रदान किए जाऐंगे।
25 जुलाई रात से कई मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि आयोजन को लेकर सुरक्षा और यातायात की व्यापक व्यवस्था की गई है। 5 किलोमीटर दौड़ में प्रतिभागियों की संख्या अधिक होने के कारण शनिवार की रात 3 बजे से दौड़ वाले मार्गों पर सभी प्रकार के वाहनों का रूट डायवर्ट कर दिया जाएगा।
वहीं 10 किलोमीटर दौड़ के लिए रविवार सुबह 6 बजे से संबंधित मार्गों पर यातायात डायवर्ट रहेगा। उन्होंने लोगों से प्रशासन की ट्रैफिक एडवाइजरी का पालन करने की अपील की।