झालावाड़ के तीन स्वास्थ्य केंद्रों को राष्ट्रीय गुणवत्ता प्रमाणन मिला: जिले के 55 चिकित्सा संस्थान अब तक नेशनल क्वालिफाई - jhalawar News
राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में उन्हेल पीएचसी ने 85 प्रतिशत अंक हासिल किए।
झालावाड़ के कामखेड़ा और उन्हेल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) तथा मनोहरथाना ब्लॉक के बड़बद उपस्वास्थ्य केंद्र को भारत सरकार के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम (NQAP) के तहत राष्ट्रीय स्तर का गुणवत्ता प्रमाणन मिला है।
.
कामखेड़ा पीएचसी ने 90.86 प्रतिशत और उन्हेल पीएचसी ने 85 प्रतिशत अंक हासिल किए। इस उपलब्धि के साथ जिले में अब तक 55 चिकित्सा संस्थान राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत नेशनल क्वालिफाई हो चुके हैं।
12 प्रमुख मानकों पर हुआ मूल्यांकन
प्रमाणन प्रक्रिया के दौरान केंद्रीय टीम ने संबंधित चिकित्सा संस्थानों का गहन निरीक्षण एवं मूल्यांकन किया। इस दौरान ओपीडी एवं आईपीडी सेवाएं, मरीजों की देखभाल एवं उपचार की गुणवत्ता, साफ-सफाई एवं संक्रमण नियंत्रण, प्रयोगशाला, प्रसूति सेवाएं, दवाइयों की उपलब्धता एवं स्टोर प्रबंधन, मरीजों के अधिकार, स्टाफ का व्यवहार और मरीजों की संतुष्टि सहित 12 प्रमुख गुणवत्ता मानकों की जांच की गई। सभी निर्धारित मानकों पर बेहतर प्रदर्शन के बाद संस्थानों को राष्ट्रीय प्रमाणन के लिए योग्य घोषित किया गया।
टीमवर्क से मिली सफलता
यह उपलब्धि जिला कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ के मार्गदर्शन और मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. साजिद खान के नेतृत्व में हासिल हुई। उपमुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (प.क.) एवं राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार नागर तथा उनकी टीम के साथ ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारियों और संबंधित चिकित्सा संस्थानों की पूरी टीम ने भी प्रमाणन की तैयारियों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम में कामखेड़ा पीएचसी ने 90.86 प्रतिशत अंक हासिल किए।
गुणवत्तापूर्ण सेवाओं पर जोर
नोडल अधिकारी डॉ. अरविंद कुमार नागर ने बताया कि एनक्यूएएस के तहत चिकित्सा संस्थानों में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता, मरीजों की सुविधा और संतुष्टि समेत विभिन्न पहलुओं का निर्धारित मानकों के अनुसार आकलन किया जाता है।
राजस्थान में झालावाड़ की खास उपलब्धि
सीएमएचओ डॉ. साजिद खान के अनुसार, राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत राजस्थान में झालावाड़ जिले के सर्वाधिक चिकित्सा संस्थानों ने राष्ट्रीय प्रमाणन प्राप्त किया है। उन्होंने बताया कि नेशनल क्वालिटी एश्योरेंस स्टैंडर्ड सर्टिफिकेशन का उद्देश्य आमजन को उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना, चिकित्सा संस्थानों के प्रति मरीजों का विश्वास और संतुष्टि बढ़ाना तथा स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार एवं उत्कृष्टता सुनिश्चित करना है।
अन्य संस्थानों को भी प्रमाणन दिलाने की तैयारी
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले के अन्य चिकित्सा संस्थानों में भी एनक्यूएएस के तहत आवश्यक कार्य करवाए जा रहे हैं। लक्ष्य है कि अधिक से अधिक चिकित्सा संस्थानों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमाणित करवाकर जिले के प्रत्येक क्षेत्र के नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।