6 महीने में ही 541% चढ़ गया शेयर, अब 870% बढ़ा कंपनी का मुनाफा
Jul 24, 2026 09:03 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान
मुख्य बातें
- स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज का मुनाफा चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 870% बढ़कर 197 करोड़ रुपये रहा है
- कंपनी के शेयर 6 महीने में 541% चढ़ गए हैं, तीन महीने में कंपनी के शेयरों ने लोगों का पैसा दोगुना कर दिया है

स्टलाइट टेक्नोलॉजीज का मुनाफा पहली तिमाही में 870% बढ़ गया है।
स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज ने चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में अपना सबसे मजबूत तिमाही प्रदर्शन दिखाया है। पहली तिमाही में टैक्स भुगतान के बाद स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज का मुनाफा 870 पर्सेंट बढ़कर 197 करोड़ रुपये रहा है। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का मुनाफा 10 करोड़ रुपये था। वहीं, मार्च 2026 तिमाही में टैक्स भुगतान के बाद कंपनी का मुनाफा 59 करोड़ रुपये था। ऑप्टिकल कनेक्टिविटी प्रॉडक्ट्स की ऊंची डिमांड, कंपनी के डेटा सेंटर बिजनेस में ग्रोथ और AI-रेडी डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी रिकॉर्ड ऑर्डर बुक की वजह से स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के मुनाफे में यह तेज उछाल आया है। कंपनी के शेयरों में पिछले 6 महीने में 543 पर्सेंट की तूफानी तेजी आई है।
1910 करोड़ रुपये रहा कंपनी का रेवेन्यू
स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज (Sterlite Technologies) का रेवेन्यू चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में सालाना आधार पर 87 पर्सेंट बढ़कर 1910 करोड़ रुपये रहा। एक साल पहले की समान अवधि में कंपनी का रेवेन्यू 1019 करोड़ रुपये था। तिमाही आधार पर देखें तो स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज का रेवेन्यू 33 पर्सेंट बढ़ा है। वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 1441 करोड़ रुपये था। चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज का इबिट्डा बढ़कर 397 करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो कि एक साल पहले की समान अवधि में 140 करोड़ रुपये था। वहीं, वित्त वर्ष 2026 की चौथी तिमाही में 218 करोड़ रुपये था।
करीब 20 तिमाही में सबसे ज्यादा इबिट्डा मार्जिन
चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज (Sterlite Technologies) का इबिट्डा मार्जिन करीब 20 तिमाहियों में सबसे ज्यादा रहा है। पहली तिमाही में कंपनी का इबिट्डा मार्जिन 20.8 पर्सेंट रहा। बेहतर प्रॉडक्ट मिक्स, ऑपरेटिंग लेवरेज और डेटा सेंटर बिजनेस के हायर कंट्रीब्यूशन की वजह से इबिट्डा मार्जिन अच्छा रहा है। कंपनी ने बताया है कि तिमाही के आखिर में उसकी ओपन ऑर्डर बुक 18,618 करोड़ रुपये रही है।
6 महीने में 541% चढ़ गए हैं कंपनी के शेयर
स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज (Sterlite Technologies) के शेयरों में पिछले 6 महीने में 541 पर्सेंट की तेजी देखने को मिली है। कंपनी के शेयर 23 जनवरी 2026 को 86.35 रुपये पर थे। स्टरलाइट टेक्नोलॉजीज के शेयर 24 जुलाई 2026 को 564.25 रुपये पर जा पहुंचे हैं। इस साल अब तक कंपनी के शेयरों में 451 पर्सेंट का उछाल आया है। पिछले 3 महीने में कंपनी के शेयरों ने निवेशकों का पैसा दोगुना से ज्यादा कर दिया है। तीन महीने में कंपनी के शेयरों में 104 पर्सेंट की तेजी आई है। कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का हाई लेवल 684.45 रुपये है। वहीं, कंपनी के शेयरों का 52 हफ्ते का निचला स्तर 84.65 रुपये है।
लेखक के बारे में
Vishnu Soni
विष्णु सोनी लाइव हिन्दुस्तान में बिजनेस, गैजेट्स और ऑटो सेक्शन संभाल रहे हैं। वह दिसंबर 2020 से लाइव हिन्दुस्तान के साथ हैं। वह शेयर बाजार, कॉरपोरेट, पर्सनल फाइनेंस, गैजेट्स और ऑटो की खबरें लिखते हैं। गैजेट्स और ऑटो रिव्यू में भी इनकी दिलचस्पी है। बिजनेस से जुड़ी खबरों में विष्णु हमेशा इस बात पर फोकस करते हैं कि वह पाठकों के 'काम की बात' वाला एंगल प्रमुखता से खबर में ला सकें, ताकि उनकी वित्तीय जागरूकता बढ़े। बिजनेस से जुड़ी खबरों में भाषा की सरलता और सहजता पर भी विष्णु का ध्यान हमेशा रहा है।
पत्रकारिता में विष्णु को 20 साल पूरे होने को हैं। विष्णु के करियर का ज्यादातर हिस्सा बिजनेस जर्नलिज्म से जुड़ा रहा है। वह दैनिक भास्कर, इकनॉमिक टाइम्स-हिंदी, अमर उजाला, नेटवर्क-18 और नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में अलग-अलग भूमिकाओं में काम कर चुके हैं। विष्णु ने पत्रकारिता की पढ़ाई इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मॉस कम्युनिकेशन (IIMC), दिल्ली से की है। विष्णु, इलाहाबाद विश्वविद्यालय के गोल्ड मेडलिस्ट हैं। GST को लेकर बनाए गए विष्णु के एक वीडियो को अवॉर्ड भी मिल चुका है। कुकिंग, ट्रेवलिंग, क्रिकेट देखने और खेलने में इनको मजा आता है। अपने वक्त का एक हिस्सा विष्णु ऐसे शेयरों को 'खोजने' में लगाते हैं, जो कि आगे चलकर अच्छा रिटर्न दें।
और पढ़ें