रेड सिग्नल और 6 चौराहों का झंझट खत्म! 945 करोड़ के एलिवेटेड ब्रिज से उज्जैन के आगर रोड से इंदौर गेट पहुंचना होगा आसान
Ujjain News: सिंहस्थ महाकुंभ को लेकर धार्मिक नगरी उज्जैन मे करोड़ों रुपए के विकास कार्य किए जा रहे हैं. इन विकास कार्यों के तहत जहां एक और शिप्रा तट पर 29 किलोमीटर के घाटों का निर्माण किया जा रहा है. वहीं पूरे शहर भर में एक दर्जन से अधिक ब्रिज का निर्माण भी जारी है. शहर भर में चल रहे निर्माण कार्यों में एलिवेटेड ब्रिज को लेकर काफी चर्चाएं हो रही हैं, क्योंकि महज एक सप्ताह पहले मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने इस कार्य का भूमि पूजन किया था और देखते ही देखते इस कार्य की शुरुआत होने के साथ ही इंदिरा नगर से नीलगंगा चौराहे के बीच विकास कार्य होते हुए भी नजर आने लगे हैं.
सिंहस्थ महाकुंभ को लेकर शहर की यातायात व्यवस्था को दुरस्त करने के लिए एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. इस एलिवेटेड ब्रिज की सबसे बड़ी खासियत यह है कि 945.20 करोड़ की लागत से कुल 5.30 किलोमीटर लंबे इस एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण किया जाएगा. इस मार्ग की बात की जाए तो इंदिरा नगर से नीलगंगा चौराहे के बीच बनाए जाने वाले एलिवेटेड ब्रिज पर काफी जाम रहता है.
यहां लगभग आधा दर्जन से अधिक चौराहे हैं साथ ही चार ऐसे सिग्नल है जहां से गुजरने के लिए काफी समय तक इंतजार करना पड़ता है. लेकिन इस एलिवेटेड ब्रिज के बनने से शहरवासी ही नहीं बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को भी काफी राहत मिलेगी, क्योंकि आप उन्हें ना तो सिग्नल पर रुकना पड़ेगा और ना ही चौराहों पर जाम होने से किसी भी तरह की परेशानी झेलने पड़ेगी.
खत्म होगी जाम की समस्या
इंदिरा नगर चौराहे से नीलगंगा के बीच बनाया जा रहा है एलिवेटेड ब्रिज की बात की जाए तो अभी ऐसा कोई सीधा रास्ता नहीं है, जो की सीधे तौर पर नीलगंगा चौराहे तक पहुंचता हो. अभी वर्तमान में इस रास्ते पर कृषि उपज मंडी, नगर निगम, शासकीय अस्पताल, फायर ब्रिगेड ,बस स्टेण्ड, रेलवे स्टेशन आते हैं. साथ ही पुराने शहर में जाने की गालियां भी इसी मार्ग से जुड़ी हुई है यही कारण है कि इस रास्ते के एक छोर से दूसरे छोर तक पहुचने में वाहन चालकों को लगभग 30 मिनट का समय लग जाता है.
सिंहस्थ के पहले तैयार होंगे एलिवेटेड ब्रिज
सिंहस्थ महाकुंभ के दौरान यह ब्रिज यहां आने वाले श्रद्धालुओं की राह आसान कर सके, इसीलिए एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण किया जा रहा है. ब्रिज के भूमिपूजन को भले ही अभी एक सप्ताह गुजारा हो लेकिन प्रशासनिक अधिकारी लगातार इस बात की मॉनीटरिंग कर रहे हैं कि यह निर्माण कार्य किस गति से चल रहा है और निर्माण के दौरान कोई परेशानी तो नहीं आ रही है.
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह से जब एलिवेटेड ब्रिज के बारे में बात की गई तो उनका कहना था कि एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण जल्द से जल्द करने का प्रयास हमारे द्वारा किया जा रहा है, अभी इंदिरा नगर से नीलगंगा चौराहे के बीच एलिवेटेड ब्रिज का निर्माण शुरू हो गया है. लेकिन जल्द ही अंकपात रोड से इंदौर गेट के बीच के एलिवेटेड ब्रिज को लेकर भी कार्य शुरू होगा, हमारा लक्ष्य है कि सिंहस्थ के पहले दोनों ब्रिज शुरू हो सके.

रवि सेन, उज्जैन