मुख्यमंत्री योगी इटावा में 604 करोड़ की परियोजनाएं करेंगे शुभारंभ: 73 करोड़ के रामनगर फाटक पुल का लोकार्पण, 49 करोड़ के ट्रांजिट हॉस्टल का शिलान्यास होगा - Etawah News

उवैस चौधरी | इटावा5 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

इटावा में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार दोपहर ढ़ाई बजे एक दिवसीय दौरे पर आएंगे। इस दौरान वह नुमाइश पंडाल में जनसभा करेंगे। जिले को करीब 604 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

मुख्यमंत्री 59 परियोजनाओं का लोकार्पण और 69 परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। कुल 128 विकास परियोजनाएं इस कार्यक्रम का हिस्सा होंगी। जिला प्रशासन तैयारियों में जुटा हुआ है।

मुख्यमंत्री 73 करोड़ रुपये की लागत से बने रामनगर फाटक ओवरब्रिज का लोकार्पण करेंगे। इस पुल पर पहले ही यातायात शुरू हो चुका है। इसके अलावा 79 करोड़ रुपये की लागत से यमुना नदी पर रुरा गांव के पास बनने वाले पुल का शिलान्यास भी करेंगे।

पुलिस लाइन में 49.11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ट्रांजिट हॉस्टल का भी शिलान्यास होगा। वहीं नगला हीरालाल स्थित आश्रम पद्धति विद्यालय में 2.84 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास बनाया जाएगा। नगर पंचायत इकदिल में 12 करोड़ रुपये से कराए गए विकास कार्यों का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री करेंगे।

इसके अलावा साइबर क्राइम के लिए अलग प्रशासनिक भवन का शिलान्यास तथा जिले की कई पेयजल परियोजनाओं का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा। अधिकारियों के अनुसार लोकार्पित होने वाली 59 परियोजनाओं पर 218 करोड़ रुपये और शिलान्यास होने वाली 69 परियोजनाओं पर 350 करोड़ रुपये की लागत स्वीकृत है।

जनसभा की तैयारी पूरी, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। नुमाइश पंडाल में जनसभा स्थल को सजाया गया है और बैठने की व्यवस्था पूरी कर ली गई है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देशन में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर पुलिस लाइन में उतरेगा। पुलिस लाइन से नुमाइश पंडाल तक पूरे मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रहेगी। शहर के प्रमुख स्थानों पर भी पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। शनिवार को जिलाधिकारी शुभ्रांत कुमार शुक्ल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव ने जनसभा स्थल और पुलिस लाइन का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।

विभागों के स्टॉल लगेंगे, रविवार को भी खुलेंगे कार्यालय

मुख्यमंत्री की जनसभा के दौरान विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए जाएंगे। विभागीय कर्मचारी लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए विकास भवन समेत कई सरकारी कार्यालय रविवार को भी खुले रहेंगे।

प्रदर्शनी के बाहर लगने वाला संडे मार्केट नहीं लगेगा

मुख्यमंत्री की जनसभा के कारण नुमाइश रोड पर प्रत्येक रविवार को लगने वाला संडे मार्केट इस बार नहीं लगेगा। प्रशासन ने जनसभा और सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए बाजार स्थगित रखने का निर्णय लिया है।

.