'मैं प्रेग्नेंट हूं', 67 साल की फेमस बॉलीवुड एक्ट्रेस का शॉकिंग बयान, बोलीं- तुम्हारे बाप का नहीं खाती
Published: Friday, September 11, 2026, 16:47 [IST]
Neena Gupta: बॉलीवुड की फेमस एक्ट्रेस नीना गुप्ता अपनी शानदार एक्टिंग के साथ-साथ अपनी बेबाक बातों के लिए भी जानी जाती हैं। वह अपनी जिंदगी और निजी फैसलों को लेकर किसी की बेवजह की दखलअंदाजी पसंद नहीं करतीं। उम्र के इस पड़ाव पर भी नीना अपने स्टाइल और आत्मविश्वास से अक्सर सुर्खियां बटोरती हैं। अब एक्ट्रेस ने ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग को लेकर ऐसी बात कही है, जिसे सुनकर शायद उनके आलोचकों के पास भी कहने को कुछ नहीं बचेगा।
शादी के सवाल पर नीना गुप्ता का दो टूक जवाब
नीना गुप्ता ने हाल ही में CNN न्यूज18 को दिए एक इंटरव्यू में अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर पूछे जाने वाले सवालों पर बात की। उनसे पूछा गया कि जब लोग किसी से शादी को लेकर बार-बार सवाल करते हैं तो ऐसे लोगों को वह क्या जवाब देती हैं।
'तुम्हारे बाप का नहीं खाती, मैं किसी पर निर्भर नहीं हूं'
-इस पर नीना गुप्ता ने बेहद बेबाक अंदाज में कहा कि वह ऐसे लोगों से पूछती हैं कि उन्हें इससे क्या परेशानी है। नीना गुप्ता ने कहा- मैं ऐसे लोगों से साफ कहती हूं कि तुम्हारे बाप का नहीं खाती। मैं किसी पर निर्भर नहीं हूं। तुम्हारी समस्या क्या है? शादी करूं या ना करूं।
-नीना गुप्ता ने साफ कर दिया कि किसी की शादी होनी चाहिए या नहीं, ये पूरी तरह उसका निजी फैसला है। किसी दूसरे व्यक्ति को उस पर अपनी राय थोपने या सवाल उठाने का अधिकार नहीं होना चाहिए। एक्ट्रेस ने ये भी जाहिर किया कि इस तरह की दखलअंदाजी करने वालों के लिए उनके पास बिल्कुल धैर्य नहीं है।
बॉडी शेमिंग को लेकर नीना गुप्ता का मजेदार किस्सा
नीना गुप्ता ने इसी बातचीत में बॉडी शेमिंग का सामना करने का अपना एक अनुभव भी शेयर किया। उन्होंने बताया कि कई बार लोग किसी तस्वीर या लुक को देखकर बिना पूरी बात जाने ही तरह-तरह के कमेंट करना शुरू कर देते हैं। एक्ट्रेस ने एक पुराना किस्सा याद करते हुए बताया कि उन्होंने एक बार साड़ी पहनी थी। उसे ठीक करते वक्त उनकी कमर के पास कपड़े का थोड़ा सा उभार नजर आ गया। बस फिर क्या था, लोगों ने उस छोटी सी बात को लेकर सवाल करना शुरू कर दिया कि क्या 60 साल की नीना गुप्ता प्रेग्नेंट हैं।
लोगों के सवाल पर नीना गुप्ता ने नहीं छोड़ी कसर
नीना गुप्ता ने बताया कि जब उन्हें इस तरह के कमेंट्स के बारे में पता चला तो उन्होंने अपनी टीम से मजाकिया अंदाज में कहा कि लोगों से कह दो कि हां मैं प्रेग्नेंट हूं। एक्ट्रेस ने इसी बहाने बॉडी शेमिंग करने वालों को एक खास मैसेज भी दिया। नीना गुप्ता का कहना है कि अगर कोई आपकी बॉडी या लुक को लेकर आपको शर्मिंदा करने की कोशिश करे तो उसकी बात को दिल पर लेने के बजाय उसी अंदाज में जवाब देना चाहिए। उन्होंने अपने आसपास के लोगों को सलाह देते हुए कहा कि अगर कोई बॉडी शेमिंग करे तो कह दीजिए कि आप प्रेग्नेंट हैं।
उम्र और निजी फैसलों पर नीना गुप्ता का करारा जवाब
ये पहली बार नहीं है जब नीना गुप्ता ने सोशल मीडिया पर ट्रोल करने वालों या लोगों की बेवजह की टिप्पणियों पर अपनी बात रखी हो। एक्ट्रेस अक्सर अपनी जिंदगी, कपड़ों, उम्र और निजी फैसलों को लेकर होने वाली टिप्पणियों का बेबाकी से सामना करती हैं। नीना गुप्ता की यही बेबाक शैली उन्हें बाकी स्टार्स से अलग बनाती है। वो अपनी बात कहने से पहले ये नहीं सोचतीं कि सोशल मीडिया पर लोग उनके बारे में क्या राय बनाएंगे।
'चुंबक' वेब सीरीज में नजर आ रही हैं एक्ट्रेस
नीना गुप्ता इन दिनों कॉमेडी-ड्रामा सीरीज 'चुंबक' में नजर आ रही हैं। ये सीरीज प्राइम वीडियो पर रिलीज हो चुकी है। इसमें नीना गुप्ता के अलावा अर्जुन बिजलानी, हेली शाह, सुमित व्यास, मानसी पारेख और डेलनाज ईरानी जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में हैं। नीना पिछले कुछ समय से लगातार ओटीटी प्रोजेक्ट्स में अपनी दमदार मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। अब फैंस उन्हें 'पंचायत' के 5वें सीजन में भी देखने के लिए उत्साहित हैं। मंजू देवी के किरदार में उनकी वापसी का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।