पेंटहाउस, 680 ग्राम सोना और 6.87 करोड़ रुपये की संपत्ति... तेलंगाना के रेवेन्यू ऑफिसर के घर छापामारी - telangana revenue officer arrested in disproportionate assets penthouse 680 grams gold 7 crore asset
तेलंगाना एसीबी ने राजस्व अधिकारी देसानी श्रीनिवास रेड्डी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है, जिसमें 6.87 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है।

तेलंगाना के रेवेन्यू ऑफिसर के पास 6.87 करोड़ रुपये की संपत्ति (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
राजस्व अधिकारी देसानी श्रीनिवास रेड्डी के खिलाफ मामला दर्ज।
एसीबी छापे में 6.87 करोड़ रुपये की संपत्ति मिली।
बाजार मूल्य 50 करोड़ से अधिक, अधिकारी गिरफ्तार।
डिजिटल डेस्क, हैदराबाद। तेलंगाना एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने गुरुवार को एक तहसीलदार (रेवेन्यू ऑफिसर) के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया है। रेवेन्यू ऑफिसर की संपत्ति का अनुमान 6.87 करोड़ रुपये से ज्यादा लगाया है।
रेवेन्यू ऑफिसर की पहचान देसानी श्रीनिवास रेड्डी के तौर पर हुई है, जो अभी रंगा रेड्डी जिले के इब्राहिमपटनम में डिविजनल एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर के तौर पर काम कर रहे थे।
6.87 करोड़ रुपये की संपत्ति
तेलंगाना एंटी-करप्शन ब्यूरो की टीम ने 20 अगस्त को रेड्डी के घर छापा मारा। रेड्डी के ऑफिस और पांच अन्य जगहों पर तलाशी के दौरान जांचकर्ताओं को 6.87 करोड़ रुपये की कई संपत्तियों के कागजात मिले।
देसानी श्रीनिवास रेड्डी के पास 2.63 करोड़ रुपये कीमत के दो रेजिडेंशियल फ्लैट, 1.61 करोड़ रुपये कीमत का ग्राउंड-प्लस-थ्री पेंटहाउस, 10 एकड़ खेती की जमीन और शहर व उसके बाहरी इलाकों में आठ खाली प्लॉट शामिल हैं।
रेड्डी ने एक बार और रेस्टोरेंट में भी अपने हिस्से के तौर पर 86 लाख रुपये का निवेश किया था। एसीबी की टीम ने इसके अलावा 4 लाख रुपये कैश, बैंक डिपॉजिट, 680 ग्राम सोना, तीन चार-पहिया वाहन, दो दो-पहिया वाहन और घर का कई सामान व इलेक्ट्रॉनिक आइटम भी बरामद किए हैं।
देसानी श्रीनिवास रेड्डी को किया गया गिरफ्तार
तेलंगाना एंटी-करप्शन ब्यूरो ने संपत्ति की कीमत 6.87 करोड़ रुपये आंकी है, लेकिन अचल संपत्तियों की मार्केट वैल्यू कई गुना ज्यादा बताई जा रही है और इसका अनुमान 50 करोड़ रुपये से ज्यादा है।
ACB का आरोप है कि श्रीनिवास रेड्डी ने भ्रष्टाचार के तरीकों से और अपनी ज्ञात आय के स्रोतों से ज्यादा संपत्ति जमा की। श्रीनिवास रेड्डी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें ज्यूडिशियल रिमांड के लिए स्पेशल जज के सामने पेश किया जाएगा।
दिसंबर 2009 में भी रेड्डी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज किया गया था, जब वह मंडल रेवेन्यू इंस्पेक्टर के तौर पर काम कर रहे थे।
यह भी पढ़ें- हैदराबाद में दो दिवसीय श्री विद्या कोटी कुमकुमार्चन महायज्ञ का भव्य आयोजन, देश की प्रगति और विश्व शांति के लिए हुई प्रार्थना