पीएमसीएच: 7 साल से चल रहा है निर्माण कार्य: समय पर सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल नहीं बना तो एजेंसी होगी ब्लैकलिस्ट - Patna News
पटना42 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

पीएमसीएच में साल 2019 से बन रहा 200 बेड का सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल भवन अबतक मरीजों के लिए तैयार नहीं हो सका है। सात साल से चल रहे निर्माण में लगातार देरी पर अब संबंधित एजेंसी सीके कंस्ट्रक्शन पर कार्रवाई की तैयारी शुरू हो गई है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) ने एजेंसी को सितंबर तक हर हाल में भवन तैयार कर पीएमसीएच को सौ पने को कहा है।
तय समय में काम पूरा नहीं हुआ तो एजेंसी को ब्लैकलिस्ट करने और दूसरी एजेंसी से शेष काम कराने की तैयारी है। हालांकि, मौजूदा स्थिति को देखते हुए अक्टूबर या नवंबर तक ही भवन पूरी तरह तैयार होने की संभावना है। पिछले कई वर्षों में अस्पताल के निर्माण को पूरा कराने के लिए 25 से अधिक बैठकें हो चुकी हैं और लगभग हर बार नई समय सीमा तय की गई, लेकिन काम पूरा नहीं हो सका।
200 करोड़ का प्रोजेक्ट
200 करोड़ की इस परियोजना को 18 महीने में पूरा करने का लक्ष्य था। लेकिन कई साल गुजरने के बाद भी भवन निर्माण और तकनीकी कार्य पूरे नहीं हुए हैं। अंदरूनी फिनिशिंग, फ्लोरिंग और अन्य कई काम अभी बाकी हैं। अप्रैल में हुई बैठक में जून तक भवन हस्तांतरित करने का निर्देश दिया गया था। जून की समय सीमा बीतने के बाद अगस्त भी समाप्त होने को है। अब सितंबर की नई समय सीमा तय की गई है। अगस्त के पहले सप्ताह में हुई बैठक में सीपीडब्ल्यूडी ने भी एजेंसी को काम में तेजी लाने और तय अवधि में निर्माण पूरा करने को कहा था।
करोड़ों के उपकरण 1 साल से बंद
सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के लिए प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत करोड़ों रुपए के मेडिकल उपकरण खरीदे जा चुके हैं। कई उपकरण वर्ष 2025 में मिले थे। भवन तैयार नहीं होने के कारण ये बॉक्स में बंद पड़े हैं। पीएमसीएच सूत्रों के अनुसार, उपकरणों को अस्पताल के एक कमरे में सुरक्षित रखा गया है और उनकी निगरानी के लिए 24 घंटे गार्ड तैनात है। सभी बॉक्स सील हैं। लंबे समय से बंद रहने के कारण उपकरणों की वर्तमान स्थिति क्या है, वे पूरी तरह चालू हालत में हैं या नहीं, इसकी भी जांच नहीं की गई है।
नौ विभागों का विस्तार होगा
अस्पताल शुरू होने के बाद कार्डियोलॉजी, न्यूरोलॉजी, नेफ्रोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, न्यूरोसर्जरी और गैस्ट्रोएंट्रोलॉजी समेत नौ सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं का विस्तार होना है। इसके लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों और विभागाध्यक्षों की नियुक्ति भी की जा चुकी है। अस्पताल में आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, आईसीयू, सीटी स्कैन, एमआरआई, उन्नत पैथोलॉजी लैब, मेडिकल गैस पाइपलाइन और सेंट्रल एयर कंडीशनिंग जैसी सुविधाएं प्रस्तावित हैं। भवन तैयार होने के बाद गंभीर हृदय, न्यूरो, किडनी और कैंसर मरीजों को पीएमसीएच में ही अत्याधुनिक इलाज मिल सकेगा।
.