दीप्ति शर्मा ने 7 गेंदों में झटके 3 विकेट, बनीं नंबर-1 बॉलर, थाईलैंड की स्टार को ही पीछे छोड़ा

दीप्ति शर्मा के नाम सबसे ज्यादा विकेट का रिकॉर्डImage Credit source: PTI
टीम इंडिया की स्टार ऑलराउंडर दीप्ति शर्मा के लिए महिला एशिया कप 2026 का पहला मैच काफी यादगार रहा. वैसे तो ये मैच थाईलैंड के खिलाफ था, जिससे टीम इंडिया को कोई चुनौती नहीं मिली लेकिन दीप्ति ने फिर भी इसे अपने लिए खास बना दिया. मैच शुरू होने से पहले ही भारतीय ऑलराउंडर के नाम एक खास उपलब्धि दर्ज हो गई थी. ये उनका 150वां टी20 इंटरनेशनल था और यहां तक पहुंचने वाली सिर्फ तीसरी भारतीय हैं. मगर इसके बाद उन्होंने अपनी गेंदबाजी से कमाल दिखाया और 7 गेंदों में 3 विकेट लेकर टीम को जिता दिया.
दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और थाईलैंड में खेले गए इस मैच में दीप्ति शर्मा छाई रहीं. मैच शुरू होने से पहले उन्हें खास तौर पर टीम में सम्मानित किया गया क्योंकि कप्तान हरमनप्रीत कौर और उप-कप्तान स्मृति मंधाना के बाद 150वें महिला टी20 इंटरनेशनल मैच तक पहुंचने वाली वो सिर्फ तीसरी भारतीय बनीं. फिर इस मैच में उनकी और थाईलैंड की स्पिनर थिपाचा पुथावॉन्ग की टक्कर पर भी नजर थी क्योंकि महिला टी20 में सबसे ज्यादा विकेट लेने की रेस इन दोनों के बीच ही चल रही है.
एशिया कप शुरू होने से पहले दीप्ति और थिपाचा 168 विकेट के साथ बराबरी पर थे. फिर थिपाचा ने पहले मैच में हॉन्ग कॉन्ग के खिलाफ पहले मैच में 1 विकेट लेकर दीप्ति को पीछे छोड़ दिया और पहले नंबर पर पहुंच गईं. इसके बाद भारत के खिलाफ पहले गेंदबाजी करते हुए फिर से उन्होंने 1 विकेट लिया और 170 तक पहुंच गईं. अब दीप्ति की बारी थी कि क्या वो थाई गेंदबाज को पीछे छोड़ पाएंगी या नहीं.
स्टार भारतीय स्पिनर ने सिर्फ 7 गेंदों के अंदर ये काम कर दिया. अपने पहले ही ओवर में दीप्ति ने 2 विकेट झटक लिए और थिपाचा की बराबरी कर ली. ये ओवर मेडन भी रहा. फिर अपने अगले ओवर की पहली गेंद पर उन्होंने तीसरा विकेट लिया, जो थाईलैंड की पारी का आखिरी विकेट भी था. इस तरह सिर्फ 7 गेंदों में दीप्ति ने बिना रन दिए 3 विकेट ले लिए. साथ ही वो 171 विकेट के साथ थिपाचा से आगे निकलकर नंबर-1 बॉलर बन गईं.

सुमित सुन्द्रियाल
इस वक्त TV9 हिंदी (स्पोर्ट्स 9) में असिस्टेंट न्यूज एडिटर (स्पोर्ट्स) की भूमिका में हूं. यहां तक पहुंचने की शुरुआत 2009 से हुई, जब जामिया मिल्लिया इस्लामिया में मास मीडिया ऑनर्स कोर्स (2009-12) में एडमिशन लिया. फिर 2013 में इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मास कम्युनिकेशन से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट-ग्रेजुएशन डिप्लोमा पूरा किया. यहीं से 2013 में पहली बार पेशेवर पत्रकारिता में कदम रखे और सबसे पहले न्यूज 18 इंडिया टीवी चैनल में जगह बनाई. डिजिटल पत्रकारिता में एंट्री लेने से पहले करीब 6 साल टीवी इंडस्ट्री में ही गुजरे, जहां असानमेंट डेस्क पर काम किया. असाइनमेंट डेस्क पर रहते हुए जानकारी जुटाना सबसे अहम काम होता है और उस खबर के हर पहलू को जांचना और उसे आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी होती है. यही काम न्यूज 18 इंडिया में रहते हुए किया. इसके बाद खेल और खेल की खबरों के मोह ने डिजिटल जर्नलिज्म की ओर मोड़ा और एक नया सफर शुरू हुआ. इसकी शुरुआत IPL 2019 के दौरान हुई, जब क्विंट हिंदी का दामन थामा. एक साल क्विंट के साथ खेल की खबरें लिखने के बाद इसी काम में नया मुकाम हासिल करने के लिए TV9 हिंदी से रिश्ता जुड़ा. पिछले 3 साल से यहीं पर खेल की हर छोटी-बड़ी, गंभीर और मजेदार खबरें आप तक पहुंचा रहां हूं और लगातार बेहतर तरीके से पेश करने का प्रयास कर रहा हूं.
Read More