सितंबर में एक के बाद एक आएंगी ये टॉप 7 कार, लिस्ट में नई बलेनो के साथ Kia की बड़ी SUV भी
Aug 29, 2026 08:37 am ISTलाइव हिन्दुस्तान

सितंबर में एक के बाद एक नई कारों की लॉन्चिंग होने वाली है। इनमें Maruti Suzuki के साथ Kia, BMW, Skoda, Renault और Porsche के नए मॉडल/फेसलिफ्ट शामिल हैं, जिसमें सबसे ज्यादा बलेनो फेसलिफ्ट की हो रही है।

किआ सोरेन्टो
0
साल 2026 अब तक ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री के लिए काफी एक्साइटिंग रहा है। इस साल अब तक कई कंपनियों ने अपनी नई कारें और मौजूदा मॉडल के अपडेटेड वर्जन को लॉन्च किया है। यही सिलसिला सितंबर में भी जारी रहने वाला है। इस महीने Maruti Suzuki के साथ Kia, BMW, Skoda, Renault और Porsche अपने नए मॉडल/फेसलिफ्ट लाने वाली हैं। अगर आप भी नई कार लेने की सोच रहे हैं, तो सितंबर तक इंतजार करना आपके लिए फायदेमंद हो सकता है। फिलहाल आइए जानते हैं अगले महीने लॉन्च होने वाली टॉप 7 कारों के बारे में।
1. मारुति बलेनो फेसलिफ्ट
बलेनो फेसलिफ्ट को 5 सितंबर को लॉन्च किया जाएगा। इस प्रीमियम हैचबैक को कई बार टेस्टिंग के दौरान देखा जा चुका है। अपडेट के तहत इसमें नई फ्रंट ग्रिल, हेडलैंप, बंपर और नए डिजाइन के अलॉय व्हील मिलेंगे। केबिन में बड़ा इन्फोटेनमेंट सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जर, वेंटिलेटेड सीट्स और Level 1 ADAS जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। बलेनो में पहली बार CNG-AMT का ऑप्शन भी दिया जा सकता है।
2. स्कोडा स्लाविया फेसलिफ्ट
स्कोडा ने स्लाविया फेसलिफ्ट की बुकिंग शुरू कर दी है। इसकी कीमतों का ऐलान सितंबर में किया जाएगा। अपडेटेड सेडान में नई ग्रिल, LED DRLs, बदले हुए हेडलैंप, नया बंपर, नए अलॉय व्हील और अपडेटेड टेललैंप मिलेंगे। फीचर्स में रियर-सीट मसाजर, अपडेटेड टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, 10.24-इंच ड्राइवर डिस्प्ले, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, इलेक्ट्रिक सनरूफ और वेंटिलेटेड सीट्स शामिल होंगे। इंजन ऑप्शन्स में 1.0-लीटर TSI और 1.5-लीटर TSI कंटिन्यू रहेंगे। 1.0-लीटर इंजन के साथ 6-स्पीड मैनुअल और नया 8-स्पीड ऑटोमैटिक, जबकि 1.5-लीटर इंजन के साथ 7-स्पीड DSG मिलेगा।
3. रेनो ट्राइबर टर्बो
रेनो अपनी पॉप्युलर एंट्री-लेवल MPV ट्राइबर में पहली बार टर्बो-पेट्रोल इंजन लाने की तैयारी कर रही है। ट्राइबर टर्बो को सितंबर में लॉन्च किया जा सकता है। इसमें अपडेटेड RGEP आर्किटेक्चर और कुछ छोटे कॉस्मेटिक बदलाव मिलने की उम्मीद है। नई ट्राइबर में 1.0-लीटर तीन-सिलेंडर टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो करीब 100 PS और 160Nm का टॉर्क पैदा करेगा। अभी यह साफ नहीं है कि कंपनी इसे CVT के साथ भी ऑफर करेगी या शुरुआत में सिर्फ मैनुअल गियरबॉक्स मिलेगा।
4. किआ सोरेन्टो हाइब्रिड
किआ सोरेन्टो हाइब्रिड को 4 सितंबर को भारत में लॉन्च किया जाएगा। यह कंपनी की फ्लैगशिप एसयूवी होगी। इसका मुकाबला स्कोडा कोडिएक और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी एसयूवी से होगा। इसका डिजाइन ग्लोबल मॉडल जैसा ही रहने की उम्मीद है। एसयूवी के केबिन में बेज और ब्लैक ड्यूल-टोन थीम, टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, मल्टी-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, पैनोरमिक सनरूफ, मेमोरी सीट्स, वेंटिलेटेड सीट्स और Level 2 ADAS जैसे फीचर्स मिलेंगे। इसमें 1.6-लीटर टर्बो-पेट्रोल स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड इंजन और AWD सिस्टम मिलेगा, जो 238hp और 380Nm टॉर्क जेनरेट करता है। इसके साथ ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलेगा। कंपनी 2.2-लीटर टर्बो-डीजल इंजन वाला वर्जन भी पेश कर सकती है।
5. BMW 7 Series फेसलिफ्ट
BMW अपनी फ्लैगशिप 7 Series सेडान का फेसलिफ्ट 11 सितंबर को लॉन्च करेगी। इसकी बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। अपडेटेड मॉडल में इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल, नया स्प्लिट-हेडलैंप सेटअप और पतले नए टेललैंप मिलेंगे। फीचर्स की बात करें, तो इसमें 17.9-इंच सेंट्रल स्क्रीन, 14.6-इंच पैसेंजर डिस्प्ले, बड़ा ड्राइवर डिस्प्ले, 18-स्पीकर Bowers & Wilkins ऑडियो सिस्टम और मेमोरी, हीटिंग, वेंटिलेशन व मसाज फंक्शन वाली सीटें मिलेंगी। इसे 740i xDrive पेट्रोल और 740d xDrive डीजल वेरिएंट में पेश किया जाएगा। दोनों में 3.0-लीटर इनलाइन-सिक्स इंजन होंगे। पेट्रोल इंजन 400hp और 580Nm, जबकि डीजल इंजन 313hp और 670Nm देगा।
6. BMW i7 फेसलिफ्ट
7 Series के साथ इसका इलेक्ट्रिक वर्जन BMW i7 भी अपडेट होगा। इसमें नई इल्यूमिनेटेड किडनी ग्रिल, क्रिस्टल एलिमेंट्स वाले अपडेटेड स्प्लिट LED हेडलैंप और नया फ्रंट बंपर मिलेगा। पीछे स्लिम स्मोक्ड टेललैंप और अपडेटेड टेलगेट दिए जाएंगे। इंटीरियर में BMW का नया Panoramic iDrive डिस्प्ले सिस्टम, बड़ा सेंट्रल टचस्क्रीन और पैसेंजर डिस्प्ले मिलने की उम्मीद है। इसमें मौजूदा 112.5kWh बैटरी पैक जारी रहने की उम्मीद है, जिसकी रेंज 625km तक है।
7. Porsche Cayenne Electric
सितंबर का सबसे बड़ा लॉन्च Porsche Cayenne Electric हो सकता है। यह भारत में 30 सितंबर को लॉन्च होगी। कंपनी ने इसे पिछले साल लॉन्च किया था और इसकी शुरुआती कीमत 1.76 करोड़ रुपये बताई गई थी। यह Cayenne Electric और Cayenne Turbo Electric वेरिएंट में उपलब्ध है। एसयूवी में 113kWh बैटरी पैक मिलेगा, जिसकी दावा की गई रेंज 642km तक है। टॉप वर्जन 1,156 PS तक की पावर जेनरेट कर सकता है।