बलौदाबाजार के आत्मानंद स्कूल में दर्दनाक हादसा : लोहे का भारी गेट गिरने से 7 वर्षीय बच्चे की मौत, SDM ने दिए जांच के आदेश - Haribhoomi

बलौदाबाजार के सिमगा हथबंद में स्वामी आत्मानंद स्कूल का जर्जर गेट गिरने से 7 वर्षीय शिवम यादव की मौत हो गई, जहाँ SDM ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

Child died after dilapidated school gate collapses

जर्जर स्कूल गेट गिरने से मासूम की मौत

  • Published: 14 Sep 2026, 09:51 AM IST
  • Last Updated: 14 Sep 2026, 09:51 AM IST

कुश अग्रवाल - बलौदाबाजार। जिले के सिमगा ब्लॉक के हथबंद गांव में एक दर्दनाक हादसे में सात वर्षीय मासूम की मौत हो गई। स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय का लोहे का भारी मुख्य गेट अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से बच्चे की जान चली गई। मृतक की पहचान शिवम यादव के रूप में हुई है। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है।

जर्जर गेट गिरने से मासूम की मौत
जानकारी के मुताबिक, शिवम यादव रतनपुर का रहने वाला था और तीज पर्व के अवसर पर अपनी बड़ी मां के घर हथबंद आया हुआ था। इसी दौरान स्वामी आत्मानंद शासकीय विद्यालय का भारी लोहे का गेट गिर गया। गेट की चपेट में आने से शिवम गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक स्कूल का मुख्य गेट और उसका पिलर लंबे समय से जर्जर हालत में था। बताया जा रहा है कि पिलर कमजोर होने के कारण गेट का भार संभाल नहीं सका और हादसा हो गया।

ग्रामीणों ने पहले भी जताई थी चिंता
ग्रामीणों का दावा है कि स्कूल के गेट की खराब स्थिति को लेकर पहले भी कई बार स्कूल प्रबंधन और संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया गया था। गेट की मरम्मत और सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग भी की गई थी। इसके बावजूद समय रहते मरम्मत नहीं होने का आरोप लगाया जा रहा है। मासूम की मौत के बाद परिजनों में आक्रोश है। परिजनों का कहना है कि यदि गेट और पिलर की स्थिति पहले से खराब थी और इसकी जानकारी जिम्मेदारों को थी, तो समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई। उन्होंने मामले में दोषियों के खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।

SDM ने दिए जांच के आदेश
घटना की गंभीरता को देखते हुए SDM ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं। जांच के बाद हादसे की वास्तविक वजह और लापरवाही के लिए जिम्मेदार लोगों की स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल हादसे के बाद गांव में शोक का माहौल है।

(छत्तीसगढ़ के जिले, कस्बे और गांवों की खबरों के लिए हरिभूमि का "ई-पेपर" पढ़ें। यहां क्लिक करें "epaper haribhoomi" या प्लेस्टोर से "हरिभूमि हिंदी न्यूज़" App डाउनलोड करें।)