चुनाव से पहले भिलाई के 70 वार्डों में 30.61 करोड़ रु. से होंगे 132 काम, सड़क-नाली से लाइट तक बदलेगी तस्वीर - durg-bhilai News

  • Hindi News
  • Local
  • Chhattisgarh
  • Durg bhilai
  • Before The Elections, 132 Projects Will Be Undertaken In 70 Wards Of Bhilai At A Cost Of Rs 30.61 Crore, Transforming Everything From Roads And Drains To Lighting.

भिलाई1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सिटी रिपोर्टर | भिलाई

दिसंबर के अंत में संभावित निगम चुनाव से पहले राज्य शासन ने भिलाई के 70 वार्डों के लिए 30 करोड़ 60 लाख 88 हजार रुपए के 132 विकास कार्यों को मंजूरी दी है। 15वें वित्त आयोग के अनटाइड ग्रांट से होने वाले इन कामों में सड़क, नाली, पुलिया, डामरीकरण, सीसी रोड, रिटेनिंग वॉल, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट जैसे जनता से जुड़े काम शामिल हैं। चुनावी साल में इन कामों का समय भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि पार्षदों के सामने अपने वार्ड में विकास का रिपोर्ट कार्ड रखने का मौका होगा। शासन ने यह मंजूरी भिलाई निगम आयुक्त की ओर से 27 अगस्त को भेजे गए प्रस्ताव के आधार पर दी है। 15वें वित्त आयोग के तहत 2020-21 से 2025-26 तक भिलाई निगम को 73.03 करोड़ रुपए अनटाइड ग्रांट के रूप में मिले थे। इसमें से पहले ही 36.53 करोड़ रुपए के काम मंजूर किए जा चुके थे। सांसद विजय बघेल ने कहा कि विकास के यह काम सभी के प्रयास से मंजूर हुए हैं। सभी ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और डिप्टी सीएम अरुण साव का आभार व्यक्त किया है।

.सबसे बड़े कामों में रामनगर आगे: वार्ड-26 में डबल डेकर सुलभ से शीतला मंदिर और मीना दीदी निवास से मगध तेलिया भवन तक नाले में रिटेनिंग वॉल के लिए 94 लाख रुपए रखे गए हैं। .अंबेडकर नगर में सड़कें चमकेंगी: वार्ड-15 की कई प्रमुख सड़कों के डामरीकरण के लिए 75 लाख मिले .कब्रिस्तान के पीछे सीसी रोड और नाली: वार्ड-26 में सीसी रोड के लिए 70.18 लाख और नाली के लिए 47.50 लाख रुपए मिलेंगे। .भगत सिंह चौक से मदर्स मार्केट तक नाली: वार्ड-38 व 42 में तेलहानाला , केनाल रोड पुलिया तक आरसीसी नाली के लिए 70 लाख मिले हैं। .हुडको में नाले की समस्या पर काम: वार्ड-70 में रिटेनिंग वॉल के लिए 49.95 लाख रुपए खर्च होंगे। .वैशाली नगर में नई रोशनी: डिजाइनर पोल लगाने 49 लाख का प्रावधान।

नगर निगम चुनाव में पार्षदों के लिए वार्ड में हुए विकास कार्य सबसे अहम स्थानीय मुद्दों में रहते हैं। ऐसे में इन 132 कामों की मंजूरी के बाद जिन वार्डों में काम धरातल पर उतरेंगे, वहां मौजूदा पार्षदों और चुनाव मैदान में उतरने वाले दावेदारों के पास विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाने के लिए एक प्रमुख मुद्दा होगा। खासकर सड़क, नाली, सीवरेज और स्ट्रीट लाइट जैसे काम सीधे घर-घर की जरूरत से जुड़े हैं। इसलिए इनके निर्माण की गति और गुणवत्ता आने वाले चुनावी माहौल में चर्चा का विषय बन सकती है।

.