'क्या पाकिस्तान या बांग्लादेश में है गुजरात?': पहली बार दिल्ली से बाहर हो रहे 72वें नेशनल फिल्म अवॉर्ड पर बोले परेश रावल - Haribhoomi
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार इस बार दिल्ली के बजाय गुजरात के केवड़िया में आयोजित होंगे। समारोह की बदली जगह पर अभिनेता परेश रावल ने खुलकर समर्थन किया है।
इस बार 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार का आयोजन गुजरात में होगा
- Published: 11 Sep 2026, 05:01 PM IST
- Last Updated: 11 Sep 2026, 05:01 PM IST
72nd National Film Awards: इस साल 72वां राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह गुजरात के केवड़िया में आयोजित किया जाएगा। ये पहली बार है जब ये प्रतिष्ठित समारोह दिल्ली से बाहर आयोजित किया जा रहा है। कई लोगों ने इस पर सवाल भी उठाए जिसपर अब अभिनेता परेश रावल ने अपनी राय रखी है। उन्होंने समारोह के गुजरात में होने का समर्थन करते हुए कहा कि देश के बड़े आयोजनों को अलग-अलग राज्यों में आयोजित किया जाना चाहिए।
‘गुजरात भारत का ही हिस्सा है’
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत के दौरान परेश रावल ने कहा कि गुजरात में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किए जाने में कोई आपत्ति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा, "क्या गुजरात बांग्लादेश या पाकिस्तान में है? यह हमारे ही देश का हिस्सा है। यह कार्यक्रम गुजरात में क्यों नहीं होना चाहिए? गुजरात में भी कार्यक्रम होने चाहिए... मेरा कहना है कि ऐसे कार्यक्रम हर राज्य में होने चाहिए। इसमें कोई बुराई नहीं है।"
#WATCH | Mumbai, Maharashtra | On the controversy surrounding the hosting of the 72nd National Film Awards ceremony in Gujarat, actor Paresh Rawal says, "Is Gujarat in Bangladesh or Pakistan? It is also a part of our own country. Why shouldn't this event be held in Gujarat?… pic.twitter.com/mqvuXzeZ6v
— ANI (@ANI) September 11, 2026
पहली बार दिल्ली से बाहर हो रहा समारोह
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार समारोह का आयोजन इस बार गुजरात के केवड़िया स्थित एकता नगर में किया जाएगा। अब तक यह प्रतिष्ठित समारोह लंबे समय से राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित होता रहा है। इस साल समारोह 22 सितंबर को प्रस्तावित है।
केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों को देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित करने की पहल की है। मंत्रालय के अनुसार, पुरस्कार समारोह को दिल्ली से बाहर ले जाने का उद्देश्य देश की विविध सांस्कृतिक और सिनेमाई विरासत को व्यापक मंच देना है। गुजरात में होने वाला इस साल का समारोह ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की भावना को भी दर्शाएगा।
कार्तिक आर्यन और ममूटी को मिला बेस्ट एक्टर का नेशनल अवॉर्ड
72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में कार्तिक आर्यन और ममूटी को संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुना गया है। कार्तिक को 'चंदू चैंपियन' और ममूटी को 'ब्रह्मयुगम' में उनके अभिनय के लिए यह सम्मान दिया गया है।
वहीं, 'आर्टिकल 370' को सर्वश्रेष्ठ फीचर फिल्म चुना गया है। यामी गौतम को इसी फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार मिलेगा।
रणदीप हुड्डा को सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक का पुरस्कार
अभिनेता रणदीप हुड्डा को स्वातंत्र्य वीर सावरकर के निर्देशन के लिए सर्वश्रेष्ठ डेब्यू निर्देशक के पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
इसके अलावा भंगार को सर्वश्रेष्ठ गैर-फीचर फिल्म और राम-नामी को सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री चुना गया है। कई चर्चित फिल्मों को भी अलग-अलग श्रेणियों में पुरस्कार मिले हैं, जिनमें कल्कि 2898 एडी, अमरन, पुष्पा: द रूल पार्ट-02, भूल भुलैया 3 और स्त्री 2 शामिल हैं।