असम में 75 जिंदगियां खत्म, संकट की घड़ी में CM हिमंत बिस्वा सरमा का बड़ा ऐलान, पीड़ितों को 9 लाख की मदद| Navbharat Live
Updated On: Jul 29, 2026 | 09:55 AM IST
विज्ञापन
सार
Assam Floods: असम में भयंकर बाढ़ से 75 मौतों के बीच CM हिमंत सरमा ने बड़े पैकेज का ऐलान किया है। पीड़ित परिवारों को 9 लाख की आर्थिक मदद, 15 हजार कैश और छात्रों को मुफ्त शिक्षा-किताबें मिलेंगी।

सांकेतिक फोटो (सोर्स-डिजाइनल फोटो)
विस्तार
Assam Flood Relief Package 2026: असम में कुदरत का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। राज्य के कई हिस्सों में आई भयंकर बाढ़ ने अब तक 75 लोगों की जान ले ली है। पानी का तेज बहाव और डूबने की घटनाओं ने पूरे प्रदेश में मातम का माहौल पैदा कर दिया है। हाल ही में शिवसागर जिले से 7 और लोगों की मौत की दुखद खबर सामने आई है। इस महा-संकट के बीच मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने प्रभावितों के जख्मों पर मरहम लगाने के लिए ऐतिहासिक राहत पैकेज की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने बताया है कि सरकार लोगों की जिंदगी को दोबारा पटरी पर लाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ेगी।
पीड़ित परिवारों को 9 लाख रुपये की बड़ी आर्थिक मदद
बाढ़ की त्रासदी में अपने अपनों को खोने वाले परिवारों को सहारा देने के लिए सरकार ने तिजोरी खोल दी है। मुख्यमंत्री राहत कोष और सरकारी अनुग्रह राशि को मिलाकर कुल 9 लाख रुपये की सहायता राशि दी जाएगी। संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सरकार ने नियमों में बड़ी ढील दी है। अब 4 लाख रुपये की सरकारी मदद पाने के लिए पोस्टमार्टम की अनिवार्यता को खत्म कर दिया गया है। इसके अलावा, जो लोग पिछले 30 दिनों से लापता हैं, उनके परिवारों को भी 4 लाख रुपये की मदद दी जाएगी।
छात्रों की शिक्षा के लिए मदद
बाढ़ की मार झेल रहे छात्र-छात्राओं का भविष्य अंधकार में न जाए इसके लिए मुख्यमंत्री ने बड़े फैसले लिए हैं। 1 अगस्त से प्रभावित इलाकों के छात्रों को किताबों और यूनिफॉर्म के लिए विशेष मदद दी जाएगी। 11वीं-12वीं के छात्रों को 1,000 रुपये और कॉलेज व पीजी के छात्रों को 5,000 रुपये तक की आर्थिक सहायता मिलेगी। राहत की सबसे बड़ी बात यह है कि जिन छात्रों की मार्कशीट या सर्टिफिकेट बाढ़ में खराब हो गए हैं, उन्हें सरकार बिना किसी फीस के दोबारा जारी करेगी।
सम्बंधित ख़बरें
1 लाख परिवारों को ‘अरुणोदोई’ का सहारा
बाढ़ प्रभावितों की रोजमर्रा की जरूरतों के लिए सरकार 1 लाख से ज्यादा परिवारों को तुरंत 15,000 रुपये नकद दे रही है। साथ ही, राज्य की प्रमुख ‘अरुणोदोई’ योजना को 1 अगस्त से फिर से शुरू किया जा रहा है। इसके तहत सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों जैसे शिवसागर, जोरहाट, गोलाघाट और चराइदेव के लाभार्थियों को 2,500 रुपये की विशेष किस्त भेजी जाएगी।
45 हजार हेक्टेयर फसल तबाह
असम के 7 जिले शिवसागर, चराइदेव, गोलाघाट, जोरहाट, नगांव, सोनितपुर और कामरूप (मेट्रो) अब भी जलमग्न हैं। करीब 622 गांवों के 3.32 लाख लोग इस आपदा की चपेट में हैं। किसानों के लिए यह काल बनकर आया है, क्योंकि 45,341 हेक्टेयर से अधिक की खड़ी फसल बर्बाद हो चुकी है। नुमालीगढ़ में धनसिरी नदी लगातार खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे स्थिति और भी गंभीर बनी हुई है।
यह भी पढ़ें असम बाढ़: पीड़ितों की मदद के लिए एअर इंडिया एक्सप्रेस का बड़ा फैसला, अब मुफ्त में पहुंचेगी राहत सामग्री
राहत शिविरों में 32 हजार लोग
मैदान पर SDRF की टीमें, मेडिकल स्टाफ और स्थानीय वॉलंटियर्स दिन-रात रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे हैं। वर्तमान में 115 राहत शिविरों में 32,477 से ज्यादा लोगों ने शरण ली है, जहां उन्हें भोजन, दवाइयां और साफ पानी मुहैया कराया जा रहा है। असम की इस त्रासदी को देख बॉलीवुड सितारे भी भावुक हैं। सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा, गुरु रंधावा और पापोन जैसे सितारों ने पीड़ितों की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाए हैं और लोगों से भावुक अपील की है।
