जलभराव से मिलेगी राहत : 78 इंच सीवर लाइन की अत्याधुनिक मशीनों से सफाई

August 27, 2026

जलभराव से मिलेगी राहत : 78 इंच सीवर लाइन की अत्याधुनिक मशीनों से सफाई

Ludhiana to get relief from waterlogging : लुधियाना। बुड्ढे नाले से सटे ढोका मोहल्ले समेत निचले इलाकों में लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने बड़ा अभियान शुरू किया है। गौघाट गुरुद्वारा साहिब के पास जाम पड़ी 78 इंच की मुख्य सीवरेज लाइन की सफाई के लिए स्विस-जर्मन तकनीक वाली सुपर-सक्शन मशीनों और रोबोटिक कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है। मेयर इंद्रजीत कौर ने मौके पर पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया, जबकि पनग्रेन के चेयरमैन डॉ. तेजपाल सिंह गिल समेत निगम के अधिकारी भी मौजूद रहे। लाइन की सफाई और अस्थायी डायवर्जन सिस्टम बनने से भट्ठियां एसटीपी की ओर 20-30 एमएलडी सीवरेज डायवर्ट होने की उम्मीद है, जिससे जमालपुर एसटीपी और आसपास के डिस्पोजल पर ओवरफ्लो का खतरा कम होगा। मेयर ने कहा कि इस महत्वपूर्ण सीवरेज लाइन के जाम होने के कारण इलाका निवासियों को लंबे समय से जलभराव की समस्या का सामना करना पड़ रहा था। अब आधुनिक तकनीक और विदेशी विशेषज्ञों की मदद से इस लाइन को पूरी तरह साफ किया जा रहा है। मेयर इंद्रजीत कौर ने कहा कि पिछली सरकारों ने इस गंभीर मुद्दे की ओर कोई ध्यान नहीं दिया, लेकिन मौजूदा सरकार लोगों की समस्याओं को जमीनी स्तर पर हल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि पुरानी लाइन के मैनहोल खोजना काफी चुनौतीपूर्ण था। एक अहम मैनहोल गौघाट गुरुद्वारा साहिब के अंदर मिला, जिसके बाद तुरंत सफाई का प्रबंध शुरू किया गया। उन्होंने इस कार्य के लिए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान, ‘आप’ संयोजक अरविंद केजरीवाल और स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत सिंह बैंस का धन्यवाद किया। यह मुख्य लाइन बंद होने के कारण 161 MLD क्षमता वाले भट्ठियां एस.टी.पी को सिर्फ 70 MLD सीवरेज मिल रहा था, जबकि बाकी 80 MLD सीवरेज जमालपुर प्लांट की तरफ जा रहा था। लाइन साफ होने और अस्थायी डायवर्जन चैनल बनने से लगभग 20-30 MLD गंदा पानी सीधे भट्ठियां प्लांट की तरफ मोड़ दिया जाएगा, जिससे जमालपुर एस.टी.पी और शृंगार सिनेमा/ट्रांसपोर्ट नगर डिस्पोजल पर ओवरफ्लो का खतरा कम होगा। यह सफाई अभियान अगले 1 से 2 महीनों में पूरा हो जाएगा। इस दौरान 11 दिनों के भीतर एक अस्थायी ‘टी-शेप’ डायवर्जन सिस्टम भी तैयार किया जा रहा है ताकि तुरंत राहत मिल सके। मेयर के इस निरीक्षण के दौरान पनग्रेन के चेयरमैन डॉ. तेजपाल सिंह गिल, नगर निगम के एस.ई. एकजोत सिंह, नोडल अधिकारी (ओ एंड एम सेल) कमल राम और एक्सईएन (पी.डब्लू.एस.एस.बी) बलराज सिंह सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

Also Read : https://dainiksaveratimes.com/punjab/onions-to-be-available-at-rs-35-per-kg/