रूस पर यूक्रेन की बड़ी एयरस्ट्राइक, दनादन दागे 822 ड्रोन; धुआं-धुआं हुई फैक्ट्री
Aug 16, 2026 08:21 pm ISTलाइव हिन्दुस्तान, कीव/मॉस्को
यूक्रेन ने रविवार को रूस के विभिन्न हिस्सों पर सैकड़ों ड्रोन से हमला बोल दिया। इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। यह युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन का सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक है…
रूस-यूक्रेन के बीच तनाव चरम पर है। दोनों देश एक दूसरे पर अब ताबड़तोड़ हमले कर रहे हैं। इस बीच यूक्रेन ने रविवार को रूस के विभिन्न हिस्सों पर सैकड़ों ड्रोन से हमला किया। इस हमले में कम से कम छह लोगों की मौत हो गई। यह युद्ध शुरू होने के बाद से यूक्रेन का सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक माना जा रहा है। रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा कि रातभर में उसने 822 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट कर दिए। इनमें से करीब 600 ड्रोन रूस की राजधानी मॉस्को की ओर बढ़ रहे थे। मॉस्को के मेयर सर्गेई सोब्यानिन के अनुसार, इनमें से लगभग एक तिहाई मॉस्को क्षेत्र में ही मार गिराए गए।
दक्षिण-पश्चिमी रोस्तोव क्षेत्र के गवर्नर यूरी स्ल्यूसर ने बताया कि क्षेत्र के तीन शहरों पर हुए ड्रोन हमलों में पांच लोगों की मौत हो गई। हमले में 150 से अधिक ड्रोन शामिल थे, जिससे कई घरों और एक रेलवे स्टेशन को नुकसान पहुंचा तथा जंगल में आग लग गई। मॉस्को क्षेत्र में गवर्नर आंद्रेई वोरोब्योव ने कहा कि एक यूक्रेनी ड्रोन निजी मकान पर गिरने से 83 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। पोडॉल्स्क शहर में वाइल्डबेरीज में आग लग गई, जिससे फैक्ट्री धुआं-धुआं हो गई।
रूस ने भी किया पलटवार
उसी दौरान रूस ने यूक्रेन में कई ठिकानों पर हमला किया। प्रेसिडेंट वोलोडिमिर जेलेंस्की ने बताया कि क्रिवी रिह पर रूसी मिसाइल हमले में दो लोगों की मौत हो गई और 14 घायल हुए। सुमी में एक और व्यक्ति मारा गया। दक्षिणी जापोरिज्जिया क्षेत्र में स्थानीय सैन्य प्रशासन के प्रमुख इवान फेडोरोव ने कहा कि घर पर हुए हमले में एक पुरुष और एक महिला की मौत हो गई। कुल मिलाकर यूक्रेन में पांच लोगों की जान गई।
कीव में रूसी हमलों से आग लग गई और छह लोग घायल हुए। पोचैना मेट्रो स्टेशन के पास एक बड़े बुक मार्केट में भी आग लगी, जिससे काला धुआं उठा और कई कियोस्क व पवेलियन क्षतिग्रस्त हो गए। जेलेंस्की ने कहा कि रूस जहां भी पहुंच सकता है, वहां नागरिक बुनियादी ढांचे पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला करता है।” रूस के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि उसने क्रिवी रिह के धातुकर्म संयंत्र और कीव में कई सैन्य-औद्योगिक ठिकानों को निशाना बनाया, जिनमें यूक्रेन की फ्लेमिंगो मिसाइलें बनाने वाली सुविधा भी शामिल है।
हाल के इन हमलों से दोनों देशों के बीच बढ़ते हवाई युद्ध का संकेत मिलता है, जिसमें मोर्चे से दूर के क्षेत्रों को भी निशाना बनाया जा रहा है। यूक्रेन इस साल रूस पर हमले बढ़ा रहा है और सैन्य उद्योग तथा ऊर्जा सुविधाओं के खिलाफ लंबी दूरी की मिसाइलों व ड्रोन झुंड का इस्तेमाल कर रहा है।
रोमनिया में भी ड्रोन अटैक
एक अलग घटना में रोमानिया के राष्ट्रीय रक्षा मंत्रालय ने बताया कि रविवार सुबह स्पेनिश एयर एंड स्पेस फोर्स के एफ-18 लड़ाकू विमान ने रोमानियाई हवाई क्षेत्र में घुसने वाले एक ड्रोन को मार गिराया। निगरानी प्रणाली ने सुबह 4:44 बजे मोल्दोवा सीमा के पास गलाती से करीब 24 किलोमीटर उत्तर में ड्रोन का पता लगाया। स्पेनिश एफ-18 ने 5:01 बजे उसे नष्ट कर दिया। बाद में काला सागर में कॉन्स्टेंटा से करीब 1.5 किलोमीटर दूर ड्रोन का मलबा भी मिला।
