बेटी-दामाद ने घर से निकाला...अब खेत पर भी कब्जे की साजिश, जबलपुर में पिता ने लगाए गंभीर आरोप| Navbharat Live
बेटी-दामाद ने घर से निकाला…अब खेत पर भी कब्जे की साजिश, जबलपुर में पिता ने लगाए गंभीर आरोप
-
Written By:
अर्पित शुक्ला
Updated On: Jul 18, 2026 | 08:09 PM IST
विज्ञापन
सार
Jabalpur Property Dispute: जबलपुर में एक व्यक्ति ने अपनी बेटी, दामाद और उनके परिजनों पर पैतृक संपत्ति हड़पने, घर से निकालने, मारपीट और जमीन पर कब्जे की कोशिश का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत की।

विस्तार
Jabalpur Daughter Son in Law Property Case: मध्य प्रदेश के जबलपुर में एक पिता ने अपनी ही बेटी, दामाद और उनके ससुराल पक्ष पर पैतृक संपत्ति हड़पने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। शक्ति नगर निवासी अनिल शर्मा ने गढ़ा और पाटन थाना पुलिस में अलग-अलग शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि उन्हें पैतृक मकान से जबरन निकालने, मारपीट करने, जान से मारने की धमकी देने और विवादित कृषि भूमि पर कब्जा कराने की कोशिश की जा रही है।
पैतृक मकान से निकालने का आरोप
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, प्लॉट क्रमांक 413, शक्ति नगर स्थित मकान क्रमांक 549 उनका पैतृक निवास है। अनिल शर्मा का कहना है कि माता-पिता के निधन के बाद जब वह पारिवारिक जिम्मेदारियों के तहत घर पहुंचे तो उनकी बेटी पालक शर्मा, दामाद शुभांशु पटेल और दामाद के परिजनों ने उनके साथ कथित तौर पर गाली-गलौज की, धक्का देकर घर से बाहर निकाल दिया और दोबारा आने पर जान से मारने की धमकी दी। अनिल शर्मा का आरोप है कि उनकी बेटी और दामाद संपत्ति पर कब्जा करने की नीयत से उन्हें प्रताड़ित कर रहे हैं।
कीमती सामान हटाने का भी आरोप
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि घर से सोने का हार, टीवी, फर्नीचर, माता-पिता के मोबाइल फोन, वाहन समेत कई कीमती सामान उनकी अनुमति के बिना हटा लिए गए। उनका कहना है कि लंबे समय से संपत्ति और धन को लेकर उन पर दबाव बनाया जा रहा था।
सम्बंधित ख़बरें
कृषि भूमि पर कब्जे की कोशिश का आरोप
दूसरी शिकायत में अनिल शर्मा ने आरोप लगाया कि उनकी दिवंगत मां के नाम दर्ज कृषि भूमि, जिसका मामला सिविल कोर्ट में विचाराधीन है, उस पर भी अवैध कब्जे की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बताया कि 5 मई 2026 को न्यायालय ने संबंधित भूमि पर यथास्थिति बनाए रखने का आदेश दिया था। इसके बावजूद बेटी, दामाद और उनके परिजनों ने कथित तौर पर एक तीसरे व्यक्ति को भूमि पर कब्जा दिलाने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर: जर्जर इमारतों पर सख्ती…अवैध निर्माण पर नरमी? मेडिकल के पास तीन मंजिला टीन शेड क्लब हाउस पर उठे सवाल
पुलिस से की ये मांग
अनिल शर्मा ने जबलपुर पुलिस से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही पैतृक मकान से कथित अवैध कब्जा हटाने, विवादित कृषि भूमि पर न्यायालय के आदेश का पालन सुनिश्चित कराने और उन्हें व उनके परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की भी मांग की है।
