अररिया पुलिस ने अगस्त में 834 आरोपियों को पकड़ा: 852 किलो गांजा और 2.5 किलो स्मैक जब्त,बेहतर काम करने वाले 9 अधिकारी पुरस्कृत - Araria News
अररिया जिला पुलिस ने अपराध नियंत्रण और नशीले पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अगस्त महीने में विशेष अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की है।
.
पूरे जिले में अलग-अलग मामलों में पुलिस ने 834 आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा। इस दौरान भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, शराब, अवैध हथियार, कारतूस, बाइक, मोबाइल और भारतीय-नेपाली करेंसी बरामद की गई।
852 किलो गांजा और 2.5 किलो स्मैक बरामद
पुलिस की कार्रवाई में अगस्त महीने में 852 किलो 742 ग्राम गांजा और 2 किलो 515 ग्राम स्मैक जब्त किया गया। नशीले पदार्थों की इतनी बड़ी बरामदगी को पुलिस ने तस्करी के खिलाफ अभियान की अहम सफलता बताया है।
10 हजार लीटर से ज्यादा विदेशी शराब जब्त
शराब तस्करी के खिलाफ भी पुलिस ने व्यापक कार्रवाई की। अभियान के दौरान 10,117 लीटर विदेशी शराब, 2,024 लीटर नेपाली शराब और 481.5 लीटर देशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा 889 लीटर प्रतिबंधित कफ सिरप भी जब्त किया गया।

एसपी जितेंद्र कुमार।
हथियार और कारतूस भी बरामद
अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 5 अवैध हथियार, 5 जिंदा कारतूस और 4 खोखा बरामद किए। पुलिस ने अपराधियों के नेटवर्क पर कार्रवाई के साथ अवैध हथियारों की आवाजाही पर भी शिकंजा कसने का दावा किया है।
बाइक, मोबाइल और लाखों की करेंसी जब्त
अभियान में 66 मोटरसाइकिल और 36 मोबाइल फोन भी पुलिस के हाथ लगे। वहीं, 2 लाख 55 हजार 638 रुपये भारतीय करेंसी और 17 लाख 95 हजार 605 रुपये नेपाली करेंसी बरामद की गई।
नौ पुलिस अधिकारियों को मिला सम्मान
बेहतर प्रदर्शन करने वाले पुलिस अधिकारियों को एसपी जितेंद्र कुमार ने सम्मानित किया। फारबिसगंज के पर्यवेक्षी पदाधिकारी मुकेश कुमार को लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन के लिए पुरस्कृत किया गया।
जोकीहाट थानेदार राजीव कुमार झा को अंग्रेजी शराब की बड़ी बरामदगी, जोगबनी थानेदार घन प्रसाद को शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ उत्कृष्ट कार्रवाई के लिए सम्मान मिला।
बैरगाछी थानेदार नवदीप गुप्ता और अपर थानेदार ज्वाला प्रसाद, अररिया आरएस थानेदार अंकुर, कुर्साकाटा थानेदार रोहित कुमार को मादक पदार्थों की उल्लेखनीय बरामदगी के लिए पुरस्कृत किया गया।
बसमतिया थानेदार सुनील कुमार को नेपाली करेंसी की जब्ती और फुलकाहा थानेदार विकास कुमार मौर्य को मादक पदार्थ तथा चोरी की बाइक बरामद करने के लिए सम्मानित किया गया।
डीआईयू टीम की भी अहम भूमिका
मादक पदार्थों की सफल बरामदगी में अहम भूमिका निभाने वाली डीआईयू टीम के सदस्यों को भी एसपी ने पुरस्कृत किया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के दौरान टीमों की सक्रियता से नशे के कारोबार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की गई।
एसपी बोले- अपराधियों को नहीं बख्शेंगे
एसपी जितेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, नशे के कारोबार पर लगाम लगाने और अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए पुलिस लगातार अभियान चला रही है। अगस्त में मिली सफलता पुलिस टीमों की मुस्तैदी और मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि नशे और अपराध के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। बेहतर काम करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से बल का मनोबल बढ़ता है और अन्य अधिकारियों को भी बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरणा मिलती है।