84 किलो डोडा पोस्त के साथ दो तस्कर गिरफ्तार: ऑल्टो कार जब्त, एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज - Beawar News
पीलपाया-सालिया मार्ग पर अलसुबह 3:08 बजे पुलिस ने कार्रवाई कर 84 किलो डोडा पोस्त के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया।
ब्यावर पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 84.960 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
.
पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल सफेद मारुति सुजुकी ऑल्टो कार भी जब्त की है। आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं।
अलसुबह मिली जानकारी
पुलिस के अनुसार, गुरुवार अलसुबह करीब 3:08 बजे थानाधिकारी मंजू मुलेवा को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि पीलपाया और सालिया के बीच मुख्य सड़क पर एक सफेद ऑल्टो कार खड़ी है, जिसमें बड़ी मात्रा में डोडा पोस्त भरा हुआ है।
कार में बैठे मिले दो संदिग्ध
सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। बताए गए स्थान पर वही ऑल्टो कार खड़ी मिली, जिसमें दो व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में बैठे थे। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को हिरासत में लिया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान रमेश पुत्र मंगलाराम (30), निवासी धुवाड़िया, थाना पीसांगन, जिला अजमेर और सांवरलाल पुत्र प्रभुराम (23), निवासी शिवनगरी कुड़की, थाना रास, जिला ब्यावर के रूप में हुई।
तीन कट्टों में मिला 84.960 किलो डोडा पोस्त
पुलिस ने कार की तलाशी ली तो पिछली डिक्की और पिछली सीट के हिस्से में तीन प्लास्टिक के कट्टे मिले। इनमें डोडा पोस्त भरा हुआ था। इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन करने पर कट्टों सहित कुल 84.960 किलोग्राम डोडा पोस्त बरामद हुआ।
आरोपियों से डोडा पोस्त के कब्जे और परिवहन के संबंध में वैध लाइसेंस, परमिट या अनुज्ञापत्र मांगा गया, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। पुलिस ने मादक पदार्थ के साथ परिवहन में प्रयुक्त कार और तीन मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए।
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों के खिलाफ धारा 8/15 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को गिरफ्तारी के कारणों और एनडीपीएस एक्ट की धारा 52(1) के प्रावधानों से भी अवगत कराया गया।
तस्करी नेटवर्क की जांच जारी
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक ब्यावर रतन सिंह के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. अनुकृति उज्जैनियां और पुलिस उप अधीक्षक वृत्त जैतारण रमेन्द्र सिंह हाडा के सुपरविजन में थानाधिकारी मंजू मुलेवा के नेतृत्व में की गई।
प्रकरण में आगे का अनुसंधान उच्चाधिकारियों के निर्देश पर गणपतराम, उप निरीक्षक एवं थानाधिकारी थाना आनंदपुर कालू को सौंपा गया है। पुलिस अब डोडा पोस्त की सप्लाई और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में भी जांच कर रही है।