जुए के अड्डे पर पुलिस की छापेमारी, 9 गिरफ्तार: उरई में फड़ से 1.48 लाख और तलाशी में 14 हजार रुपये बरामद, एक आरोपी फरार - Jalaun News

जालौन1 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

जालौन की कोतवाली उरई पुलिस ने शनिवार रात बघौरा मोहल्ले में जुए के अड्डे पर छापेमारी कर नौ लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक मौके से जुए की फड़ पर रखे 1,48,200 रुपये और आरोपियों की जामा तलाशी से 14,070 रुपये बरामद हुए। कुल 1,62,270 रुपये नकद, नौ मोबाइल फोन और 52 ताश के पत्ते बरामद किए गए। कार्रवाई के दौरान एक व्यक्ति मौके से भागने में सफल रहा। पकड़े गए आरोपियों ने उसका नाम मुबीन पत्रकार पुत्र अब्दुल सलीम बताया। पुलिस ने सार्वजनिक जुआ अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज कर फरार आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

उरई कोतवाली प्रभारी आनंद सिंह के अनुसार, 29 अगस्त को उपनिरीक्षक विवेक कुमार मिश्र पुलिस टीम के साथ चेकिंग और अपराधियों की तलाश में क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान बघौरा मोहल्ले में नलकूप विभाग के सामने राजेश यादव के मकान की पहली मंजिल पर जुआ खिलाए जाने की सूचना मिली। वरिष्ठ अधिकारियों से मकान की तलाशी की अनुमति लेने के बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश दी।

पुलिस के मुताबिक मकान में बने कमरे से लोगों की आवाजें आ रही थीं। अंदर कुछ लोग घेरा बनाकर ताश के पत्तों से रुपये की हार-जीत का जुआ खेल रहे थे। पुलिस ने मौके से नौ लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक व्यक्ति भाग निकला।

पुलिस ने बताया कि फड़ से 1,48,200 रुपये और 52 ताश के पत्ते बरामद हुए। इसके अलावा आरोपियों से 14,070 रुपये और नौ मोबाइल फोन मिले। बरामद सामान को कब्जे में लेकर सील किया गया। पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी ई-साक्ष्य एप के माध्यम से की गई।

पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने मौके से भागने वाले व्यक्ति का नाम मुबीन पत्रकार बताया। आरोपियों ने पुलिस को यह भी बताया कि जिस कमरे में जुआ खेला जा रहा था, वह राजेश यादव का है और कमरा प्रतिदिन दो हजार रुपये में जुआ खेलने के लिए दिया जाता था। पुलिस इन बयानों की जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद तौहीद, शाहिल, शिवा, धर्मेंद्र, अक्की यादव उर्फ अंकित यादव, शिवशंकर, प्रिंस, फिरोज और अनस के रूप में हुई है। सभी के खिलाफ सार्वजनिक जुआ अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस फरार बताए जा रहे मुबीन की भूमिका के साथ ही मकान मालिक और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि बरामदगी और गिरफ्तारी की कार्रवाई नियमानुसार की गई है। आसपास के लोगों से गवाही के लिए कहा गया, लेकिन कोई भी व्यक्ति गवाह बनने को तैयार नहीं हुआ। फिलहाल पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।

.