9 विधा में 4 आयु वर्गों के बीच स्पर्धा 113 बाल वैज्ञानिकों ने दिखाई प्रतिभा - Mahasamund News

.

महासमुंद के भलेसर मार्ग स्थित सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में महान रसायन शास्त्री व वैज्ञानिक आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती पर गुरूवार को विज्ञान मेले का आयोजन किया गया। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना व उन्हें प्रयोगात्मक शिक्षा से जोड़ना था।

कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ विद्यालय के प्राचार्य देवराज वर्मा ने मां सरस्वती, 'ॐ', भारत माता और महान वैज्ञानिक आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर, तिलक लगाकर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। विज्ञान मेले के दौरान विद्यार्थियों के बौद्धिक व व्यावहारिक विकास के लिए कुल 9 विधाओं में स्पर्धाएं कराई गईं। इनमें विज्ञान मॉडल (प्रदर्श), विज्ञान प्रश्न मंच, विज्ञान पत्र वाचन, विज्ञान प्रयोग, विज्ञान चार्ट व चित्रकला, भाषण, रंगोली, वस्तु पहचानो और निबंध प्रतियोगिताएं शामिल थीं। ये सभी प्रतियोगिताएं चार आयु वर्गों शिशु वर्ग, बाल वर्ग, किशोर वर्ग तथा तरुण वर्ग में विभाजित कर आयोजित की गईं। इस मेले में विद्यालय के कुल 113 छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया, जिनमें 42 छात्र और 71 छात्राएं शामिल थीं। विज्ञान मेले में छात्राओं की अधिक भागीदारी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस मौके पर विज्ञान प्रभारी आचार्य खोजेंद्र कुमार साहू, विज्ञान सहायक लोकेश कुमार सेन, रितु साहू, श्वेता साहू, वरिष्ठ आचार्या मनोज साहू, दुर्गेश नंदिनी चंद्राकर, सरोजनी साव, वरिष्ठ आचार्य शिव कुमार कन्नौजे, बलराम सेन, अश्वनी साहू, किरण साहू, हेमंत साहू, अजय कुमार तांडी, तुलसीराम पटेल, कुंजलाल पटेल, ललित कुमार सिन्हा, अजीत राम साहू, पवन निर्मलकर, तारणी गोस्वामी सहित समस्त आचार्य-दीदीवृंद मौजूद थे।

प्रयोगात्मक शिक्षा से बढ़ता है वैज्ञानिक दृष्टिकोण: आयोजन के संबंध में विद्यालय के आचार्यों ने बताया कि भारत में रसायन विज्ञान के जनक माने जाने वाले आचार्य प्रफुल्ल चंद्र राय की जयंती पर ऐसे आयोजनों का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनके जीवन और शोध कार्यों से प्रेरणा देना है। किताबों के साथ-साथ जब बच्चे स्वयं मॉडल और प्रयोग बनाते हैं, तो उनमें विज्ञान के प्रति रुचि और जिज्ञासा बढ़ती है। विभागीय विज्ञान मेले में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे विजेता सभी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का चयन निर्णायक मंडल द्वारा किया गया। प्राचार्य देवराज वर्मा ने बताया कि प्रतियोगिताओं में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले सभी प्रतिभागियों को विद्यालय परिवार द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, प्रत्येक विधा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राएं आगामी दिवसों में आयोजित होने वाले विभागीय विज्ञान मेले में शामिल होकर संस्था एवं क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करेंगे।