रांची: 9000 रुपए की मटन-शराब पार्टी बनी मौत की वजह, जिगरी दोस्तों ने ही कर दी दोस्त की हत्या
Ranchi News: झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र में एक ब्लाइंड मर्डर केस का पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. महज 9 हजार रुपये की मटन-शराब पार्टी को लेकर हुए विवाद में तीन दोस्तों ने मिलकर अपने ही दोस्त राजन तिर्की की गोली मारकर हत्या कर दी. हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पोटपोटो नदी में बहाकर सबूत मिटाने की कोशिश की. पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. उनके पास से हत्या में इस्तेमाल पिस्टल, कारतूस, खोखा, मोटरसाइकिल और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
रांची मुख्यालय-1 के डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने बताया कि 8 सितंबर की रात कांके थाना क्षेत्र के चौड़ी बस्ती स्थित मसना के पास गोली चलने की सूचना पुलिस को मिली थी. सूचना पर पुलिस टीम पोटपोटो नदी के किनारे पहुंची. वहां घटनास्थल पर काफी मात्रा में खून और खून के निशान मिले, लेकिन आसपास कोई घायल व्यक्ति नहीं मिला. इसके बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष छापामारी टीम गठित की गई.
दो दिन से जांच जारी
पुलिस ने खून के निशानों की दिशा में जांच आगे बढ़ाई. ड्रोन कैमरे और पुलिस बल की मदद से पोटपोटो नदी में लगातार दो दिनों तक तलाशी अभियान चलाया गया. 11 सितंबर को जयप्रकाश नगर के पास नदी में एक शव तैरता हुआ मिला. शव की पहचान राजन तिर्की, निवासी चामा-बुकरू, कांके के रूप में हुई. पुलिस जांच में सामने आया कि उसकी गोली मारकर हत्या की गई थी.
तकनीकी साक्ष्यों और ह्यूमन इंटेलिजेंस के आधार पर पुलिस ने मृतक के तीन दोस्तों संजय गाड़ी, आकाश महली उर्फ चुडू और नीतिन उरांव को हिरासत में लिया. पूछताछ में तीनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की.
शराब पार्टी के दौरान हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक, संजय गाड़ी ने अपनी कार बेचने के लिए अग्रिम राशि के तौर पर 9 हजार रुपये लिए थे. राजन तिर्की इन्हीं पैसों से मटन और शराब की पार्टी करने का दबाव बना रहा था. आरोप है कि राजन ने संजय से जबरन रुपये ले लिए. इसके बाद चारों दोस्त मसना के पास पार्टी करने पहुंचे. इसी दौरान पैसे को लेकर राजन और संजय के बीच विवाद शुरू हो गया.
जांच में जुटी पुलिस
विवाद बढ़ने पर मारपीट हुई और इसी दौरान संजय ने अपनी पिस्टल से राजन पर गोली चला दी. गोली लगने से उसकी मौत हो गई. इसके बाद तीनों आरोपियों ने शव को पोटपोटो नदी में बहा दिया, ताकि हत्या का सबूत मिटाया जा सके. पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 एमएम की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बजाज प्लेटिना बाइक और तीन एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए हैं. मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है.

अशोक कुमार
अशोक कुमार को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 वर्षों से अधिक का अनुभव है. राजनीति, क्राइम और ऑफबीट खबरों में दिलचस्पी रखने के कारण इन क्षेत्रों की खबरों पर बेहतरीन पकड़ है. नई जगहों को एक्सप्लोर करने के साथ पढ़ने-लिखने का शौक रखते हैं. झारखंड की स्थानीय न्यूज़ चैनल में विभिन्न पदों पर काम करने के साथ-साथ, इन्होंने एपीएन न्यूज़ में बतौर ब्यूरो चीफ के रूप में भी काम किया है. अशोक कुमार ने झारखंड में पिछले 7 वर्षों के दौरान हुई छोटी-बड़ी राजनीतिक हलचलों को रिपोर्ट किया है. वर्तमान में वो टीवी9 डिजिटल से जुड़े हैं.
Read More