साइबर फ्रॉड: पीडीएफ खोलते ही मोबाइल हैंग, खाते से निकल गए 96 हजार रुपए - Bhopal News

भोपाल5 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

राजधानी में साइबर ठग लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को निशाना बना रहे हैं। कहीं क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने, कहीं कूरियर अपडेट, कहीं रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने तो कहीं इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन बंद कराने के नाम पर लोगों से लाखों रुपए की ठगी कर ली गई। पुलिस ने सभी मामलों में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

अलग-अलग थाना क्षेत्रों में चार मामले दर्ज... बैंक कर्मचारी व कूरियर एजेंट बनकर वारदात

कार्ड ब्लॉक कराया, साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत ऐशबाग पुलिस के मुताबिक ओल्ड सुभाष नगर निवासी 60 वर्षीय अरविंद अग्रवाल को 30 जून को अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉलर ने खुद को एसबीआई कस्टमर केयर कर्मचारी बताकर क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का झांसा दिया।

उसने वॉट्सएप पर कार्ड की डिटेल भेजकर सत्यापन कराया और बातचीत में उलझाए रखा। इसी दौरान कार्ड से 50 हजार रुपए का ऑनलाइन ट्रांजेक्शन हो गया। संदेह होने पर अग्रवाल ने चैट बंद की। बैंक से ट्रांजेक्शन की पुष्टि के बाद कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई।

पार्सल का पता अपडेट करने के बहाने दो बार निकाले पैसे

बाग सेवनिया पुलिस के अनुसार अंजू अरविंद पीटी को 27 जून की दोपहर एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को कूरियर कंपनी का कर्मचारी बताकर पार्सल का पता अपडेट करने के बहाने वॉट्सएप पर पीडीएफ फाइल भेजी। फाइल खोलते ही मोबाइल में एप्लीकेशन इंस्टॉल होने का संदेश आया और फोन हैंग हो गया।

कुछ देर बाद मोबाइल चालू हुआ तो खाते से 78 हजार और 18 हजार रुपए के दो ट्रांजेक्शन हो चुके थे। इसके बाद उन्होंने बैंक और यूपीआई सेवाएं ब्लॉक कराकर साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई।

रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने के नाम पर ‌41 हजार रुपए उड़ाए

बाग सेवनिया पुलिस के मुताबिक पूजा शर्मा के पास 4 जुलाई को एक कॉल आया। कॉलर ने खुद को इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताते हुए क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड प्वाइंट रिडीम कराने का झांसा दिया। इसके बाद वॉट्सएप पर लिंक भेजा गया। लिंक खोलकर उन्होंने कार्ड की जानकारी दर्ज की।

इसी दौरान मोबाइल पर आया ओटीपी स्वत: फॉरवर्ड हो गया और खाते से तीन ट्रांजेक्शन में 35,690 रुपए, 4,000 रुपए और 1,500 रुपए निकाल लिए गए। ठगी का पता चलते ही उन्होंने कार्ड ब्लॉक कराया और पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन बंद कराने के बहाने 65,549 रुपए की ठगी : कटारा हिल्स पुलिस के अनुसार दुष्यंत कटियार के पास 3 जुलाई को कॉल आया। कॉलर ने खुद को आईसीआईसीआई बैंक का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनके क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल ट्रांजेक्शन सुविधा चालू है, जिसके लिए 995 रुपए का शुल्क देना होगा।

सुविधा बंद कराने के नाम पर एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही मोबाइल पर लगातार ओटीपी आने लगे और खाते से 60,499 रुपए तथा 5,050 रुपए के दो ट्रांजेक्शन हो गए। कुछ समय के लिए मोबाइल भी हैंग हो गया। इसके बाद पीड़ित ने साइबर सेल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई, जहां जीरो एफआईआर कायम की गई।

.