Aadhar Update Rules: इस तारीख तक मुफ्त में अपडेट कराएं बच्चों के आधार कार्ड, UIDAI ने कहा- बाद में देनी पड़ेगी फीस
UIDAI के नियमों के अनुसार, जब किसी बच्चे का आधार पांच वर्ष की आयु से पहले बनता है, तब उसमें केवल उसकी व्यक्तिगत जानकारी और फोटो दर्ज की जाती है.
UIDAI के नियमों के अनुसार, जब किसी बच्चे का आधार पांच वर्ष की आयु से पहले बनता है, तब उसमें केवल उसकी व्यक्तिगत जानकारी और फोटो दर्ज की जाती है.
![]()
New Update
/newsnation/media/media_files/KW4LRqpYBB4TJxqQHMbx.jpg)
Aadhar Card (File Photo)
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI ) ने अभिभावकों और संरक्षकों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) समय रहते पूरा करा लें. UIDAI के अनुसार, 5 से 17 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए आधार बायोमेट्रिक अपडेट की सुविधा 30 सितंबर तक पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध है. इसके बाद इस सुविधा को आगे बढ़ाने या शुल्क लागू करने पर निर्णय लिया जा सकता है.
UIDAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट के जरिए कहा है कि बच्चों के 5 वर्ष और 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर आधार में बायोमेट्रिक अपडेट कराना अनिवार्य है. यह अपडेट स्कूल में प्रवेश, परीक्षाओं, छात्रवृत्ति आवेदन और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के दौरान पहचान सत्यापन को आसान बनाता है. प्राधिकरण ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अंतिम समय तक इंतजार न करें और जल्द से जल्द नजदीकी आधार केंद्र पर जाकर यह प्रक्रिया पूरी कराएं.
समय-समय पर अपडेट होता है बच्चों का आधार कार्ड
UIDAI के नियमों के अनुसार, जब किसी बच्चे का आधार पांच वर्ष की आयु से पहले बनता है, तब उसमें केवल उसकी व्यक्तिगत जानकारी और फोटो दर्ज की जाती है. उस समय बच्चे के फिंगरप्रिंट और आईरिस (आंखों की पुतली) स्कैन नहीं लिए जाते, क्योंकि कम उम्र में ये बायोमेट्रिक पहचान लगातार विकसित हो रही होती है. इसी कारण बच्चे के पांच वर्ष का होने पर पहला अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट किया जाता है. इसके बाद 15 वर्ष की आयु पूरी होने पर दूसरा बायोमेट्रिक अपडेट आवश्यक होता है, ताकि उसका आधार रिकॉर्ड अद्यतन और सटीक बना रहे.
आधार भारत में पहचान सत्यापन का सबसे महत्वपूर्ण दस्तावेज बन चुका है. छात्रों के लिए इसका उपयोग स्कूल में प्रवेश, बोर्ड परीक्षाओं, छात्रवृत्ति योजनाओं, सरकारी सहायता कार्यक्रमों और विभिन्न शैक्षणिक प्रक्रियाओं में किया जाता है. समय पर बायोमेट्रिक अपडेट नहीं होने की स्थिति में भविष्य में पहचान सत्यापन से जुड़ी परेशानियां आ सकती हैं. इसलिए UIDAI लगातार अभिभावकों को इस संबंध में जागरूक कर रहा है.
अब तक दो करोड़ बच्चों के आधार अपडेट
UIDAI ने सितंबर 2025 में बच्चों के आधार बायोमेट्रिक अपडेट को बढ़ावा देने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया था. इस अभियान के तहत अब तक देशभर में लगभग 2 करोड़ बच्चों के बायोमेट्रिक अपडेट पूरे किए जा चुके हैं. प्राधिकरण के अनुसार, यह अभियान 1.56 लाख से अधिक स्कूलों तक पहुंच चुका है और इसका उद्देश्य अधिकतम बच्चों को इस सुविधा से जोड़ना है. इसी पहल के तहत 7 से 15 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों के लिए बायोमेट्रिक अपडेट शुल्क में छूट दी गई थी, जिसे वर्तमान में 30 सितंबर तक बढ़ाया गया है.
जल्द से जल्द करवा लें अपडेट
UIDAI ने स्पष्ट किया है कि 30 सितंबर तक नजदीकी आधार केंद्रों पर जाकर बच्चों का अनिवार्य बायोमेट्रिक अपडेट निशुल्क कराया जा सकता है. हालांकि इस समयसीमा के बाद शुल्क माफी जारी रहेगी या नहीं, इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है. ऐसे में अभिभावकों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम दिनों की भीड़ से बचते हुए जल्द से जल्द अपने बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट पूरा कराएं.
हमारे न्यूज़लेटर की सदस्यता लें! विशेष ऑफ़र और नवीनतम समाचार प्राप्त करने वाले पहले व्यक्ति बनें