नसीर सर की डांट और मैक सर की प्रेरणा, Aahana Kumra ने बयां किया जीवन में अपने गुरुओं का योगदान - aahana kumra talks about her guru naseeruddin shah and makrand deshpande and their contribution in her life
अभिनेत्री आहना कुमरा ने नसीरुद्दीन शाह और मकरंद देशपांडे को अपने अभिनय गुरु बताया है। उन्होंने बताया कि कैसे इन ...और पढ़ें
दीपेश पांडे, मुंबई। लिपस्टिक अंडर माई बुर्का और खुदा हाफिज फिल्मों की अभिनेत्री आहना कुमरा (Aahana Kumra) अभिनय में अभिनेता नसीरुद्दीन शाह तथा मकरंद देशपांडे को अपना गुरु मानती हैं।
मकरंद देशपांडे को मानती हैं अपना शिक्षक
अपने गुरुओं के बारे में वह बताती हैं,‘अभिनय में मेरे सबसे पहले गुरु नसीर सर (नसीरुद्दीन शाह) रहे हैं। वही मुझे पेशेवर तौर पर थिएटर में लेकर आए, एक मंच दिया, मौका दिया कि मैं अपने आप को बतौर अभिनेत्री तराश सकूं। किसी भी कलाकार के लिए यह चीजें महत्वपूर्ण होती हैं। मकरंद देशपांडे भी बतौर शिक्षक मेरे लिए बहुत अहम हैं। मैंने दोनों के साथ नाटक किया है और दोनों ने मेरे करियर में बहुत प्रोत्साहन दिया है।'
-1788435960615.webp)
दोनों 20 से 25 वर्ष से साथ हैं
दोनों के साथ मेरा करीब 20-25 वर्षों का एक रिश्ता है। इतना सिखाने वाले शिक्षक बहुत कम मिलते हैं। बतौर शिक्षक नसीर सर बहुत ही सख्त रहे हैं। अगर हमें किसी चीज का अभ्यास करना होता था कि तो वह ये सुनिश्चित करते थे कि हमें पूरा अभ्यास करना ही है। जब तक आपको अपने सवाल का जवाब नहीं मिलता है, तब तक उसी एक लाइन को दोहराते रहें। उस समय मन में सवाल भी आता था कि ये क्या कर रहे हैं?
अब पता चला कि वो इसलिए कराते थे, जिससे हमें रिहर्सल करने की आदत पड़ जाए। रिहर्सल और अभ्यास कलाकार को परफेक्ट बनाते हैं। नसीर सर से डांट भी बहुत खाई है मैंने। वो जितने सख्त हैं, उतने नर्म भी हैं। मैक सर (मकरंद देशपांडे) चिल्लाते नहीं हैं। वह आपको सही दिशा में सोचने के लिए मजबूर कर देते हैं। अब मुझे पता है कि अगर इन दोनों के साथ काम करते हुए मैं अपना होमवर्क सही से करके नहीं गई, तो नसीर सर बहुत गुस्सा करेंगे और मैक सर तो कुछ नया ही दे देंगे करने के लिए।
-1788435984186.webp)
एक्ट्रेस ने छोड़ दिया था जिम जाना
आहना ने कहा, 'मैंने बीच में जिम जाना छोड़ दिया था। तब मैक सर ने मुझसे कहा था कि तुम्हें पूरी जिंदगी थिएटर ही करना है क्या, फिल्मों में काम नहीं करना है? तुम जिम क्यों नहीं जाती हो? मैंने कहा कि मन नहीं करता है। तब उन्होंने कहा कि मैंने आजतक किसी कलाकार को यह बोलते हुए नहीं सुना कि जिम जाने का मन नहीं करता।'
'उन्होंने मुझे अपनी फिटनेस पर काम करने के लिए बहुत प्रेरित किया। वहीं नसीर सर ने डांस क्लास, वायस (आवाज) ट्रेनिंग, अच्छी चीजें पढ़ने के लिए प्रेरित किया है। दोनों ने मुझे इतना कुछ सिखाया है कि अब मैं खाली बैठना जानती ही नहीं।’