Aaj Ka Mausam: यूपी-बिहार समेत 18 राज्यों में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट, पहाड़ों में भूस्खलन का खतरा

Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून का असर लगातार बना हुआ है. भारी बारिश के कारण पहले से परेशान इलाकों में अब मौसम विभाग ने एक और चेतावनी जारी की है. 28 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत 18 राज्यों में तेज बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना जताई गई है. कुछ जगहों पर हवा की रफ्तार 80 से 83 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. पूर्वी भारत में तेज बारिश के साथ आकाशीय बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है. वहीं, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर जैसे पहाड़ी इलाकों में भारी बारिश के कारण भूस्खलन की आशंका जताई गई है. लगातार बारिश की वजह से कई नदियों का जलस्तर भी बढ़ सकता है, जिससे निचले इलाकों में परेशानी बढ़ने की संभावना है.

18 राज्यों में बारिश और तेज हवाओं का अनुमान

मौसम की स्थिति को देखते हुए नदी और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों तथा मछुआरों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है. प्रशासन ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है. मौसम विभाग के अनुसार 28 अगस्त को उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, गुजरात, महाराष्ट्र, असम, केरल और तमिलनाडु के कई हिस्सों में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है. इनमें कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना है. पूर्वी हिस्सों में वज्रपात को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है. मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी असम और आसपास के क्षेत्र में निचले क्षोभमंडलीय स्तर पर चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है. गुजरात और आसपास के इलाकों में भी ऊपरी हवा में ऐसा ही परिसंचरण मौजूद है। इन मौसमी प्रणालियों का असर कई क्षेत्रों में बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है.

ये भी पढ़ें: Aaj Ka Rashifal 28 August 2026: रक्षाबंधन पर बन रहे अतिगंड के साथ 11 योगों का दिव्य संयोग, 5 राशियों को मिलेगा लाभ, पढ़ें राशिफल

दिल्ली में कैसा रहेगा मौसम?

राजधानी दिल्ली में 28 अगस्त को बारिश और तेज हवाओं का दौर देखने को मिल सकता है. शाम तक आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान हवा की रफ्तार करीब 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. दिल्ली में दिन का अधिकतम तापमान लगभग 35 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.

उत्तर प्रदेश में कई जिलों में अलर्ट

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर चेतावनी जारी की गई है. मेरठ, मुजफ्फरनगर, गौतमबुद्ध नगर, सहारनपुर, आजमगढ़, सोनभद्र, महाराजगंज, मिर्जापुर, बलिया, देवरिया, सिद्धार्थनगर, मुरादाबाद, कानपुर, रामपुर, मैनपुरी, ललितपुर, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, प्रयागराज, गोरखपुर और कुशीनगर में मौसम खराब रहने की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

बिहार में बारिश के साथ आकाशीय बिजली का खतरा

बिहार के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी चंपारण, सीवान, बक्सर, रोहतास, कैमूर, मधेपुरा, पूर्णिया, भागलपुर, कटिहार, समस्तीपुर, दरभंगा, सुपौल, बांका, मुंगेर और जमुई में मौसम खराब रहने का अनुमान है. इस दौरान करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी बना हुआ है। पटना में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है.

ये भी पढ़ें: सिर्फ एक्शन-रोमांस नहीं, भाई-बहन का रिश्ता है 'Toxic' की असली ताकत, यश-नयनतारा ने जीता दिल

झारखंड में मूसलाधार बारिश की आशंका

झारखंड के साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, दुमका, हजारीबाग, गिरिडीह, जमशेदपुर, रामगढ़, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, लोहरदगा, सरायकेला, गुमला और रांची में भारी बारिश का अलर्ट है. इस दौरान 55 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

उत्तराखंड में बारिश के साथ भूस्खलन का खतरा

उत्तराखंड के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल, उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल और ऋषिकेश समेत कई क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण भूस्खलन और सड़क बाधित होने का खतरा भी बना हुआ है. लोगों को अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने को कहा गया है. देहरादून में अधिकतम तापमान करीब 29 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

हरियाणा में भी तेज बारिश और हवाओं का अलर्ट

हरियाणा के सोनीपत, भिवानी, गुरुग्राम, फतेहाबाद, हिसार, झज्जर, पानीपत, फरीदाबाद और पलवल में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.

ये भी पढ़ें: नेपाल में बाढ़ के बाद अब भूकंप का झटका, भोटेकोशी की नई झील से मंडराया बड़ा खतरा

हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश की चेतावनी

हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, कुल्लू, शिमला, किन्नौर, सोलन और मंडी में भारी बारिश की संभावना जताई गई है. पहाड़ी क्षेत्रों में खराब मौसम के कारण भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है. मनाली में अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

जम्मू-कश्मीर में भी मौसम रहेगा खराब

जम्मू-कश्मीर के जम्मू, रियासी, राजौरी, रामबन, कुलगाम, पुंछ, पुलवामा और कुपवाड़ा में भारी बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. कुछ इलाकों में हवा की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. श्रीनगर में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

पश्चिम बंगाल में तेज बारिश और हवाओं का दौर

पश्चिम बंगाल के हावड़ा, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, पश्चिम मेदिनीपुर, बांकुड़ा, कोलकाता, अलीपुरद्वार, दुर्गापुर और कूचबिहार में बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ हिस्सों में हवा की रफ्तार 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. कोलकाता में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है.

पंजाब और राजस्थान में भी बारिश का असर

पंजाब के लुधियाना, कपूरथला, चंडीगढ़, फरीदकोट, फिरोजपुर, संगरूर, अमृतसर, होशियारपुर, गुरदासपुर, बठिंडा और बरनाला में 28-29 अगस्त के दौरान बारिश और तेज हवाओं की संभावना है. हवा की रफ्तार करीब 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. राजस्थान में झुंझुनू, टोंक, बारां, बूंदी, दौसा, भरतपुर, भीलवाड़ा, बाड़मेर, अलवर, झालावाड़, जैसलमेर, करौली, उदयपुर, सवाई माधोपुर और जयपुर समेत कई इलाकों में बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है.

ये भी पढ़ें: Women’s Asia Cup 2026: महिला एशिया कप का आज से होगा आगाज, जानिए टूर्नामेंट से जुड़ी 5 बड़ी बातें

मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश का अनुमान

मध्य प्रदेश के कटनी, विदिशा, सिवनी, दमोह, नर्मदापुरम, खरगोन, मंडला, खंडवा, बैतूल, नरसिंहपुर, इंदौर, सागर, छिंदवाड़ा और सीधी में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट है. इस दौरान कुछ जगहों पर हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. भोपाल में अधिकतम तापमान करीब 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है.

लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मानसून के इस दौर में कई राज्यों में पहले से ही जलभराव, बाढ़ और भूस्खलन जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं. ऐसे में मौसम विभाग की चेतावनी को हल्के में नहीं लेना चाहिए। पहाड़ी इलाकों में यात्रा करने वाले लोग निकलने से पहले मौसम और सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें. आंधी या बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़, बिजली के खंभों और कमजोर ढांचों से दूर रहना सुरक्षित रहेगा. नदी और समुद्र के आसपास रहने वाले लोगों को भी जलस्तर बढ़ने की स्थिति में तुरंत सुरक्षित स्थान की ओर जाने की सलाह दी गई है.