अवैध शुल्क वसूली के विरोध में ABVP का प्रदर्शन: औरंगाबाद में प्राचार्य कार्यालय का घेराव, इंटर्नशिप प्रक्रिया स्थगित, शुल्क समीक्षा का आश्वासन - Aurangabad (Bihar) News

अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद औरंगाबाद इकाई ने मंगलवार को रामलखन सिंह यादव महाविद्यालय में व्याप्त शैक्षणिक अराजकता, भ्रष्टाचार तथा छात्रों से विभिन्न मदों में कथित अवैध शुल्क वसूली के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

.

सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय परिसर में प्रदर्शन करते हुए प्राचार्य कार्यालय का घेराव किया और छात्र हित से जुड़े मुद्दों पर तत्काल कार्रवाई की मांग की। आंदोलन का नेतृत्व परिषद की कार्यकर्ता सुश्री अदिति सिंह ने किया।

महाविद्यालय में नियमित कक्षाएं नहीं चल रही प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने महाविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि इंटर्नशिप, नामांकन, मार्कशीट, माइग्रेशन, सीएलसी समेत विभिन्न कार्यों के नाम पर छात्रों से अवैध रूप से राशि वसूली जा रही है।

परिषद के जिला संयोजक प्रभात कुमार ने कहा कि पिछले कई महीनों से महाविद्यालय में नियमित कक्षाएं नहीं चल रही हैं, सिलेबस समय पर पूरा नहीं कराया जा रहा है,

परीक्षा परिणामों में लगातार देरी हो रही है तथा छात्रों की समस्याओं की अनदेखी की जा रही है।

उन्होंने कहा कि बिहार सरकार एवं राजभवन के निर्देशों के बावजूद छात्रों से अवैध शुल्क लिया जाना पूरी तरह अनुचित है।

छात्रों से वार्ता करने पहुंचे प्राचार्य

छात्रों से वार्ता करने पहुंचे प्राचार्य

छात्र बोले- विरोध के बाद झुका महाविद्यालय प्रशासन प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी ने महाविद्यालय प्रशासन के समक्ष अपनी मांगें रखीं। परिषद का दावा है कि छात्र हित को देखते हुए महाविद्यालय प्रशासन ने इंटर्नशिप पंजीकरण की प्रक्रिया को तत्काल प्रभाव से स्थगित करने का निर्णय लिया है।

साथ ही, नामांकन एवं इंटर्नशिप के नाम पर लिए जा रहे शुल्क की समीक्षा कर उसे वापस करने की प्रक्रिया शुरू करने का भी आश्वासन दिया गया है।

प्रदर्शन में शामिल छात्र

प्रदर्शन में शामिल छात्र

महाविद्यालयों ने सुधारात्मक कदम नहीं उठाए परिषद के पूर्व जिला संयोजक अभय कुमार ने कहा कि जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से भी इसी प्रकार की शिकायतें लगातार मिल रही हैं।

यदि समय रहते संबंधित महाविद्यालयों ने सुधारात्मक कदम नहीं उठाए, तो विद्यार्थी परिषद चरणबद्ध तरीके से जिले के सभी कॉलेजों में आंदोलन तेज करेगी।

उन्होंने कहा कि छात्र हितों की अनदेखी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

100 प्रतिशत निःशुल्क इंटर्नशिप एबीवीपी ने अपनी प्रमुख मांगों में इंटर्नशिप प्रक्रिया को पूरी तरह निःशुल्क करने, सभी कंपनियों की सूची सार्वजनिक करने, नामांकन प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता लाने, अवैध वसूली में शामिल लोगों पर कार्रवाई करने,

नियमित कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने, रिक्त शिक्षकों के पदों पर नियुक्ति तथा छात्रों की शिकायतों के समाधान के लिए हेल्पडेस्क और शिकायत निवारण समिति के गठन की मांग की है।

बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे नगर सह मंत्री अतुल कुमार ने कहा कि शिक्षा को व्यापार बनाने की प्रवृत्ति अब स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि छात्र अपना भविष्य संवारने के लिए कॉलेज आते हैं, न कि अवैध वसूली का शिकार बनने के लिए।

एबीवीपी ने चेतावनी दी कि यदि महाविद्यालय प्रशासन ने जल्द ही ठोस और सकारात्मक कदम नहीं उठाए, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी महाविद्यालय प्रशासन की होगी।प्रदर्शन में एबीवीपी के कार्यकर्ता गोल्डी सिंह,

प्रीति कुमारी, रुद्र प्रताप सिंह, निशांत तिवारी, विकास, कौशल, खड़क, रोहित सिंह, आलोक कुमार, अंकुश कुमार, सान्याल राजपूत सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।