Agra: विश्व धरोहर फतेहपुर सीकरी के शाही तालाब में मिला युवक का शव, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल| Navbharat Live

विज्ञापन

सार

Fatehpur Sikri Agra:आगरा के विश्व धरोहर स्थल फतेहपुर सीकरी के शाही तालाब में एक अज्ञात युवक का कई दिन पुराना शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना तीनों पहलुओं से जांच कर रही है

Body Found in Fatehpur Sikri's Royal Pond Raises Serious Security Concerns

शाही तालाब में मिला युवक का शव (फोटो नवभारत)

विस्तार

Security Lapse At Fatehpur Sikri Agra: फतेहपुर सीकरी मुगल स्थापत्य की अद्भुत पहचान, हर साल लाखों देशी-विदेशी पर्यटकों की आस्था और आकर्षण का केंद्र, और भारत की विश्व धरोहरों में शुमार यह ऐतिहासिक नगरी मंगलवार सुबह एक ऐसी घटना की गवाह बनी जिसने पूरे स्मारक परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए।

शव मिलने से इलाके में फैली सनसनी

दीवान-ए-खास के पीछे नगीना मस्जिद के समीप स्थित प्राचीन शाही तालाब में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का कई दिन पुराना शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। जहां रोज़ गाइड पर्यटकों को अकबर के इतिहास और वास्तुकला की कहानियां सुनाते हैं, वहीं उसी ऐतिहासिक परिसर के शांत जल में एक शव तैरता मिला। बदबू उठने पर जब सुरक्षा कर्मियों की नजर तालाब पर पड़ी, तब इस रहस्यमयी मौत का खुलासा हुआ।

शव की नहीं हो सकी पहचान

ड्यूटी पर तैनात एसआईएस सुरक्षा कर्मियों ने सबसे पहले तालाब में शव देखा और इसकी सूचना एएसआई के संरक्षण सहायक दिलीप सिंह को दी। इसके बाद थाना फतेहपुर सीकरी पुलिस मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक आनंदवीर सिंह, चौकी प्रभारी प्रमोद यादव और पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शव कई दिन पुराना होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आसपास के क्षेत्रों में शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं।

सम्बंधित ख़बरें

सिर्फ एक शव नहीं… सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल

यह मामला केवल एक अज्ञात शव मिलने का नहीं है। सवाल यह है कि आखिर विश्व धरोहर घोषित स्मारक, जहां बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था, एएसआई, निजी सुरक्षा कर्मी और पुलिस की निगरानी रहती है, वहां कोई व्यक्ति कई दिनों तक तालाब में कैसे पड़ा रहा? यदि यह आत्महत्या है तो इतनी सुरक्षा के बीच यह कैसे संभव हुई? और यदि हत्या है, तो क्या किसी ने अपराध कर शव को ऐतिहासिक परिसर में फेंक दिया?
इन सभी सवालों का जवाब अब पुलिस जांच ही देगी, लेकिन घटना ने सुरक्षा तंत्र की प्रभावशीलता पर गंभीर बहस छेड़ दी है।

यह भी पढ़ें- UP: सीएम योगी ने की विकास परियोजनाओं की समीक्षा, एक्सप्रेसवे और नाइट सफारी पर दिया बड़ा अपडेट

पहले भी उठते रहे हैं सुरक्षा पर सवाल

फतेहपुर सीकरी का नाम पहले भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा में रहा है। सितंबर 2023 में तुर्की सुल्ताना महल में सेल्फी लेते समय रेलिंग टूटने से फ्रांस की महिला पर्यटक की मौत हो गई थी। इसके बाद भी कई विदेशी पर्यटक फिसलकर घायल हुए, जिनमें इज़राइल की महिला पर्यटक और स्पेनिश-पुर्तगाली पर्यटक भी शामिल हैं। इन घटनाओं ने ऐतिहासिक स्मारकों में सुरक्षा, रखरखाव और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं को लेकर लगातार प्रश्न खड़े किए हैं।

अब शाही तालाब से शव मिलने की घटना ने इस चिंता को और गहरा कर दिया है। यह सिर्फ एक आपराधिक जांच का विषय नहीं, बल्कि भारत की वैश्विक पहचान माने जाने वाले विश्व धरोहर स्थल की सुरक्षा, निगरानी और प्रबंधन पर भी बड़ा सवाल है।

फिलहाल पुलिस हत्या, आत्महत्या और दुर्घटना- तीनों पहलुओं से जांच कर रही है। मृतक की पहचान होने के बाद ही इस रहस्यमयी मौत की असल कहानी सामने आ सकेगी। लेकिन इतना तय है कि इतिहास के इस गौरवशाली शहर में हुई यह घटना लंबे समय तक सुरक्षा व्यवस्था पर बहस का विषय बनी रहेगी।

Follow Navbharatlive whatsapp