Agra News: जनकपुरी महोत्सव क्षेत्र का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया स्थलीय निरीक्षण, यातायात व्यवस्था और सुरक्षा प्रबंधों की बनाई गई विस्तृत योजना - Up18 News

आगरा। भावना एस्टेट रोड पर सजने जा रहे जनकपुरी महोत्सव-2026 को लेकर प्रशासन, पुलिस, यातायात विभाग एवं आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने गुरुवार को महोत्सव क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान जनक महल स्थल से लेकर वहां तक पहुंचने वाले सभी प्रमुख मार्गों का बारीकी से निरीक्षण कर यातायात, सुरक्षा और आमजन की सुविधाओं को लेकर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी यमुनाधर चौहान, एडिशनल डीसीपी सिटी हिमांशु गौरव, एसीपी ट्रैफिक अमित कुमार, ट्रैफिक इंस्पेक्टर शैलेन्द्र सिंह तथा सिकंदरा थाना प्रभारी राजीव त्यागी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन की ओर से चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर सुशील भट्ट, डिप्टी चीफ इंजीनियर मीत प्रकाश एवं अन्य अधिकारी भी विशेष रूप से निरीक्षण में शामिल रहे।
जनकपुरी महोत्सव आयोजन समिति की ओर से मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय गोयल, मुख्य संयोजक मनोज बंसल, मुख्य समन्वयक धर्मेश जैन, महामंत्री मनोज जादौन, कोषाध्यक्ष आकाश ग्वाला, मीडिया प्रभारी राणा सुशील सिंह, क्षेत्रीय पार्षद वेद प्रकाश गोस्वामी एवं स्वामीनाथ तिवारी, सतीश ठाकुर, शिवा यादव आदि विशेष रूप से उपस्थित रहे।

प्रशासन के विभिन्न अधिकारियों ने जनकपुरी महोत्सव-2026 के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना पर विचार-विमर्श किया। अधिकारियों ने विशेष रूप से इस बात पर चर्चा की कि महोत्सव के दौरान हाईवे एवं आसपास के प्रमुख मार्गों पर यातायात का संचालन किस प्रकार व्यवस्थित किया जाए।
मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारियों के साथ हाईवे पर आवश्यक बैरिकेडिंग, यातायात डायवर्जन तथा विभिन्न कटों को खोलने और बंद रखने की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई, ताकि श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।

जनक महल और पहुंच मार्गों की सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान

अधिकारियों ने प्रस्तावित जनक महल स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया तथा जनक महल तक पहुंचने वाले समस्त मार्गों का भी जायजा लिया। सुरक्षा व्यवस्था के प्रत्येक पहलू को गंभीरता से समझते हुए संभावित भीड़ प्रबंधन, वाहनों की आवाजाही, आपातकालीन व्यवस्थाओं और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रशासनिक अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनकपुरी महोत्सव के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को किसी प्रकार की कठिनाई न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे। निरीक्षण के दौरान आगरा मेट्रो कॉरपोरेशन के अधिकारी भी लगातार मौजूद रहे और महोत्सव अवधि में मेट्रो क्षेत्र से संबंधित व्यवस्थाओं पर आवश्यक समन्वय किया गया।