बेरोजगार भत्ता अब पूरी तरह डिजिटल, AI से निगरानी: फर्जीवाड़े पर लगेगी रोक, ऑनलाइन वैरिफिकेशन के बाद के बाद ही मिलेगा लाभ - Jhunjhunu News

बेरोजगार भत्ते में अब फर्जी आवेदन, फर्जी हाजिरी और अपात्र लोगों के गलत तरीके से योजना का लाभ लेने पर रोक लगेगी। आवेदन से लेकर सत्यापन और भत्ते की मंजूरी तक पूरी प्रक्रिया अब ऑनलाइन और दो चरणों में होगी। इसमें जनाधार से डेटा का मिलान और आर्टिफिशियल इं

.

पढ़े… पूरा मामला

1. EEMS 2.0 पोर्टल लॉन्च, फर्जीवाड़ा रोकने की तैयारी

बेरोजगार भत्ते की पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी, डिजिटल और त्रुटिहीन बनाने के लिए सरकार ने एम्प्लॉयमेंट एक्सचेंज मैनेजमेंट सिस्टम (EEMS) 2.0 पोर्टल शुरू किया है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से लैस इस सिस्टम का उद्देश्य बेरोजगारी भत्ते में होने वाले फर्जीवाड़े और धांधली पर पूरी तरह रोक लगाना है। यह सिस्टम अब केवल वास्तविक और पात्र शिक्षित बेरोजगार युवाओं को ही योजना का लाभ दिलाने में मदद करेगा।

रोजगार कार्यालय के नए पोर्टल EEMS 2.0 में काफी बदलाव किए गए हैं।

रोजगार कार्यालय के नए पोर्टल EEMS 2.0 में काफी बदलाव किए गए हैं।

2. जनाधार मैपिंग और ऑनलाइन हाजिरी से होगा सत्यापन

नई व्यवस्था में आवेदन करते ही आवेदक का डेटा सीधे जनाधार से मैप हो जाएगा। इससे एक ही परिवार के दो से अधिक सदस्यों के गलत तरीके से योजना का लाभ लेने की संभावना खत्म हो जाएगी। वहीं इंटर्नशिप कर रहे अभ्यर्थियों की ऑफलाइन हाजिरी भी समाप्त कर दी गई है। अब संबंधित विभाग के कार्यालय अध्यक्ष या स्कूल के प्रिंसिपल अपनी SSO आईडी के जरिए ही ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज करेंगे। युवाओं की सुविधा के लिए एक विशेष मोबाइल ऐप भी जारी किया गया है, जिससे वे घर बैठे सेवाओं का लाभ ले सकेंगे।

3. टू-स्टेप वेरिफिकेशन के बाद ही मिलेगा भत्ता

भत्ते की मंजूरी अब दो चरणों में होगी। पहले चरण में संबंधित विभाग का अधिकृत कर्मचारी आवेदन की जांच कर प्राथमिक सत्यापन करेगा। इसके बाद फाइल जिला रोजगार कार्यालय के उपनिदेशक या कार्यालय अध्यक्ष की आईडी पर पहुंचेगी, जहां अंतिम सत्यापन के बाद ही भत्ता स्वीकृत किया जाएगा। पात्रता नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब योजना का लाभ केवल 21 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद ही मिलेगा।

दयानंद यादव उपनिदेशक रोजगार कार्यालय झुंझुनूं।

दयानंद यादव उपनिदेशक रोजगार कार्यालय झुंझुनूं।

4. AI मॉनिटरिंग और SSO मैपिंग का काम तेज

जिला रोजगार अधिकारी दयानंद यादव ने बताया - मुख्यमंत्री युवा संबल योजना में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए EEMS 2.0 पोर्टल पर जनाधार मैपिंग और AI आधारित मॉनिटरिंग शुरू की गई है। जिले के विभिन्न विभागों और ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों की SSO आईडी के साथ मैपिंग का काम तेजी से किया जा रहा है, ताकि इंटर्नशिप की उपस्थिति पूरी तरह सुरक्षित और ऑनलाइन दर्ज हो सके।

5. चार महीने से अटका भत्ता अब जल्द मिलेगा

नया पोर्टल अपडेट होने और तकनीकी कारणों से सिस्टम बंद रहने के कारण जिले के करीब 6 हजार से अधिक बेरोजगार युवाओं का भत्ता पिछले लगभग चार महीने से अटका हुआ था। अब EEMS 2.0 के शुरू होने के बाद तकनीकी बाधाएं दूर हो गई हैं। जिला रोजगार कार्यालय ने कहा है कि पोर्टल पूरी तरह क्रियाशील होते ही लंबित बेरोजगारी भत्ते के भुगतान की प्रक्रिया जल्द शुरू कर दी जाएगी।