AIIMS INI-CET जनवरी 2027 के लिए आवेदन शुरू, कब होगी परीक्षा? चेक करें फीस, एग्जाम पैटर्न और एप्लीकेशन प्रोसेस
Published: Friday, September 18, 2026, 18:32 [IST]
AIIMS INI-CET January 2027 Registration: मेडिकल और डेंटल क्षेत्र में पोस्टग्रेजुएशन करने की तैयारी कर रहे उम्मीदवारों के लिए जरूरी अपडेट है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), नई दिल्ली ने INI-CET जनवरी 2027 सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिया है। इस एंट्रेंस एग्जाम के जरिए AIIMS नई दिल्ली समेत देश के दूसरे भाग लेने वाले इंस्टीट्यूट ऑफ नेशनल इंपोर्टेंस (INI) में पोस्टग्रेजुएट मेडिकल और डेंटल कोर्सों में एडमिशन मिलता है।
जो उम्मीदवार इस परीक्षा के लिए पात्र हैं, वे AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। रजिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर 2026 है। इसके बाद 1 नवंबर को कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट होगा। उम्मीदवारों के लिए आवेदन की तारीख, एग्जाम पैटर्न, फीस और फॉर्म भरने का तरीका जानना जरूरी है।
13 अक्टूबर तक भरना होगा फॉर्म
INI-CET जनवरी 2027 सेशन के लिए रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। उम्मीदवारों को 13 अक्टूबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन पूरा करना होगा। आवेदन प्रक्रिया खत्म होने के बाद उम्मीदवार 17 से 19 अक्टूबर 2026 के बीच अपने आवेदन का स्टेटस चेक कर सकेंगे। वहीं, ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन का फाइनल स्टेटस और एडमिट कार्ड 26 अक्टूबर 2026 को जारी किया जाएगा।
ये भी पढ़ें: MBBS की भारी डिमांड, BDS की आधी सीटें खाली! महाराष्ट्र NEET UG काउंसलिंग का पहला राउंड पूरा
1 नवंबर को होगी INI-CET परीक्षा
AIIMS की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार INI-CET जनवरी 2027 सेशन की परीक्षा 1 नवंबर 2026 को होगी। एग्जाम कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित किया जाएगा। इस परीक्षा के स्कोर के आधार पर MD, MS, MCh, DM और MDS जैसे पोस्टग्रेजुएट कोर्सों में दाखिला दिया जाता है। इसमें AIIMS नई दिल्ली के अलावा दूसरे भाग लेने वाले INI भी शामिल होते हैं।
200 सवाल, 3 घंटे का समय
INI-CET में उम्मीदवारों को कुल 200 ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल हल करने होंगे। पूरे पेपर के लिए 3 घंटे यानी 180 मिनट का समय मिलेगा। इस वजह से केवल सवालों की तैयारी ही नहीं, बल्कि परीक्षा के दौरान समय का सही इस्तेमाल भी जरूरी होगा।
गलत जवाब पर कटेंगे अंक
परीक्षा में सही और गलत जवाब के लिए अलग-अलग मार्किंग रखी गई है। प्रत्येक सही उत्तर पर 1 अंक मिलेगा। वहीं, गलत उत्तर देने पर 1/3 अंक काटा जाएगा। बिना अटेम्प्ट किए गए सवालों पर न तो कोई अंक मिलेगा और न ही अंक काटा जाएगा। इसलिए उम्मीदवारों को खासकर अनुमान से जवाब देने के दौरान नेगेटिव मार्किंग का ध्यान रखना होगा।
आवेदन फीस कितनी है?
INI-CET जनवरी 2027 के लिए आवेदन शुल्क कैटेगरी के हिसाब से अलग रखा गया है।
- जनरल और ओबीसी: 4000 रुपये
- SC, ST और EWS: 3200 रुपये
आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा। उम्मीदवार क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या नेट बैंकिंग के जरिए फीस का भुगतान कर सकते हैं।
INI-CET के लिए ऐसे भरें फॉर्म
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों को सबसे पहले AIIMS की आधिकारिक वेबसाइट aiimsexams.ac.in पर जाना होगा। इसके बाद INI-CET रजिस्ट्रेशन लिंक पर क्लिक करके संबंधित कोर्स का चयन करना होगा। अब जन्म तिथि, कैटेगरी, ईमेल आईडी समेत मांगी गई दूसरी जानकारी दर्ज करके रजिस्ट्रेशन करना होगा।
रजिस्ट्रेशन पूरा होने के बाद जरूरी डिटेल्स उम्मीदवार की रजिस्टर्ड ईमेल आईडी पर भेजी जाएंगी। इसके बाद आवेदन फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारी भरनी होगी और निर्धारित फॉर्मेट में जरूरी इमेज अपलोड करनी होंगी। अगले स्टेप में ऑनलाइन माध्यम से आवेदन फीस जमा करके फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म जमा होने के बाद उम्मीदवार को कन्फर्मेशन पेज डाउनलोड कर लेना चाहिए और उसे भविष्य के लिए सुरक्षित रखना चाहिए।
ये भी पढ़ें: NEET UG 2026: बिहार में बढ़ीं 100 MBBS सीटें, छपरा और समस्तीपुर में इस सत्र से शुरू होंगा एडमिशन