Alliance Update: बाहर हुईं सीमा सजदेह, सोहेल खान की आंखों में आए आंसू, कुशाल ने उठाया बड़ा कदम

सीमा सजदेह 'अलायंस' से बाहर हुईं
कुणाल खेमू के रियलिटी शो ‘अलायंस’ का फिनाले जैसे-जैसे करीब आ रहा है, शो के अंदर का ड्रामा और इमोशनल वोल्टेज दोगुना होता जा रहा है. शो के लेटेस्ट एपिसोड में जहां एक तरफ सीमा सजदेह के एलिमिनेशन ने सोहेल खान का दिल तोड़ दिया, वहीं दूसरी तरफ मेकर्स के एक नए ट्विस्ट ने पूरे गेम का पासा ही पलट कर रख दिया है. कुशाल टंडन के एक फैसले से न सिर्फ सीमा सजदेह का सफर खत्म हुआ, बल्कि अर्सलान गोनी अब शो के सबसे खतरनाक खिलाड़ी यानी ‘स्कॉर्पियन’ बनकर उभरे हैं.
एलिमिनेशन से ठीक पहले सीमा सजदेह ने सोहेल खान को एक बेहद भावुक ‘पेप टॉक’ दी थी. सीमा ने सोहेल को समझाया कि वो गेम में दबकर न रहें और उस निडर इंसान की तरह खेलें जिसे सब जानते हैं. सीमा ने सोहेल को ये भी याद दिलाया था कि उनके बच्चे भी यह शो देख रहे हैं. दूसरी तरफ, सोहेल खान सीमा को खोने के डर से काफी परेशान दिखे. उन्होंने माना कि वो चाहते थे कि सीमा शो में रुके, क्योंकि शायद फिर कभी उन दोनों को एक साथ इतना वक्त बिताने का मौका न मिले. हालांकि, माहौल को थोड़ा हल्का करने के लिए सोहेल ने पायल और जैद से मजाक में यह भी कह दिया, “अभी ही बीवी को छोड़ के आता हूं”, जिस पर सब हंस पड़े.
कुशाल टंडन का मास्टरस्ट्रोक
शो के मौजूदा ‘एस’ कुशाल टंडन के हाथों में सीमा सजदेह और डेज़ी शाह की किस्मत की चाबी थी. कुशाल को दोनों में से एक को बेघर और एक को नॉमिनेट करना था. सीमा ने खुद कहा कि वो अपने बच्चों के पास घर लौटने के लिए तैयार हैं. आखिर में कुशाल ने सीमा सजदेह को एलिमिनेट कर दिया. लेकिन असली धमाका तब हुआ जब कुशाल ने अपनी दूसरी पावर का इस्तेमाल करते हुए डेज़ी शाह को वॉरियर्स टीम में शामिल कर दिया और अर्सलान गोनी को उनकी जगह निकालकर इस सीजन का पहला ‘स्कॉर्पियन’ बना दिया!
क्या है ‘स्कॉर्पियन’ की पावर?
अर्सलान गोनी अब शो के सबसे पावरफुल रोल में आ चुके हैं. ‘स्कॉर्पियन’ के तौर पर अर्सलान हर दिन किसी भी अलायंस (गठबंधन) में एंट्री कर सकते हैं, वहां के एक कंटेस्टेंट को बेंच पर बैठा सकते हैं और सीधे उसे नॉमिनेट कर सकते हैं. हालांकि, वो एक हफ्ते में दो बार एक ही ग्रुप में नहीं जा सकते, जिससे अब हर कंटेस्टेंट पर एलिमिनेशन की तलवार लटक गई है.
नए अलायंस और बढ़ता खतरा!
- इस हाई-वोल्टेज ड्रामे के बीच शो में चार नए ग्रुप भी बन चुके हैं:
- किंग्स : अलि गोनी, अगुआ स्टेनली और रूही दोसानी
- वॉरियर्स : बाली, कशिश कपूर और डेज़ी शाह
- लेजेंड्स: मिनी माथुर, नीति टेलर और वंशज सिंह
- हंटर्स : जैद दरबार, सोहेल खान और पायल गेमिंग
सीमा के जाने के बाद टूटे हुए सोहेल खान और अर्सलान की इस अनप्रिडिक्टेबल पावर के साथ ‘अलायंस’ का फिनाले अब बेहद खतरनाक और दिलचस्प मोड़ पर पहुंच गया है.

सोनाली नाईक
सोनाली करीब 15 सालों से पत्रकारिता की दुनिया में सक्रिय हैं. जर्नलिज्म की पढ़ाई पूरी करने के बाद प्रहार न्यूज पेपर से उन्होंने अपने करियर की शुरुआत की थी. इस न्यूज पेपर में बतौर रिपोर्टर काम करते हुए सोनाली ने एंटरटेनमेंट बीट के साथ-साथ सीसीडी (कॉलेज कैंपस और ड्रीम्स) जैसे नए पेज पर काम किया. उन्होंने वहां 'फैशनेरिया' नाम का कॉलम भी लिखा. इस दौरान एलएलबी की पढ़ाई भी पूरी की, लेकिन पत्रकारिता के जुनून की वजह से इसी क्षेत्र में आगे बढ़ने के इरादे से 2017 में टीवी9 से सीनियर कोरेस्पोंडेंट के तौर पर अपनी नई पारी शुरू की. टीवी9 गुजराती चैनल में 3 साल तक एंटरटेनमेंट शो की जिम्मेदारी संभालने के बाद सोनाली 2020 में टीवी9 हिंदी डिजिटल की एंटरटेनमेंट टीम में शामिल हुईं. सोनाली ने टीवी9 के इस सफर में कई ब्रेकिंग, एक्सक्लूसिव न्यूज और ऑन ग्राउंड कवरेज पर काम किया है. हिंदी के साथ-साथ गुजराती, मराठी, इंग्लिश भाषा की जानकारी होने के कारण डिजिटल के साथ-साथ तीनों चैनल के लिए भी उनका योगदान रहा है. रियलिटी शोज और ग्लोबल कंटेंट देखना सोनाली को पसंद है. नई भाषाएं सीखना पसंद है. संस्कृत भाषा के प्रति खास प्यार है. नुक्कड़ नाटक के लिए स्क्रिप्ट लिखना पसंद है. सोनाली के लिखे हुए स्ट्रीट प्लेज 'पानी', 'मेड इन चाइना' की रीडिंग 'आल इंडिया रेडियो' पर सोशल अवेयरनेस के तौर पर की जा चुकी है.
Read More