गूगल पर Amazon कस्टमर केयर नंबर खोजना पड़ा भारी: ऑर्डर कैंसिल होने पर कस्टमर केयर को किया फोन, ठग ने कर दिए 4 ट्रांजेक्शन - Indore News

.

कनाड़िया थाना क्षेत्र में ऑनलाइन शॉपिंग का ऑर्डर कैंसिल होने के बाद गूगल पर Amazon कस्टमर केयर का नंबर खोजना 70 वर्षीय महिला को भारी पड़ गया। साइबर ठग ने खुद को Amazon कर्मचारी बताकर महिला से क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली। इसके बाद WhatsApp वीडियो कॉल के जरिए उन्हें बातचीत में उलझाए रखा और क्रेडिट कार्ड से 2 लाख 96 हजार 239 रुपए के चार फर्जी ट्रांजेक्शन कर दिए। ठगी का पता चलते ही महिला ने बैंक से संपर्क कर क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर फ्रॉड की शिकायत दर्ज कराई।

कनाड़िया पुलिस के मुताबिक, गढा हाउस, कनाड़िया रोड निवासी 70 वर्षीय रानी सिंह ने बुधवार को शिकायत दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि वह Amazon एप से ऑनलाइन शॉपिंग करती हैं। कुछ दिन पहले उनके तीन क्रेडिट कार्ड से किए गए ऑर्डर कैंसिल हो गए। उन्होंने दोबारा कैश ऑन डिलीवरी का विकल्प चुनकर ऑर्डर करने की कोशिश की, लेकिन वह भी कैंसिल हो गया। समस्या का समाधान जानने के लिए उन्होंने गूगल पर Amazon कस्टमर केयर का नंबर खोजा और उस पर कॉल कर दिया।

कॉल करने वाले ने खुद को Amazon कर्मचारी बताया

कॉल रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना नाम अभिनव पांडे बताते हुए खुद को Amazon का कर्मचारी बताया। रानी सिंह ने उसे ऑर्डर कैंसिल होने की जानकारी दी। आरोपी ने कहा कि वह समस्या चेक करता है। कुछ देर बाद फोन कट गया।

इसके बाद महिला के मोबाइल पर एक दूसरे नंबर से WhatsApp वीडियो कॉल आया। वीडियो कॉल करने वाले व्यक्ति ने अपना चेहरा ब्लर कर रखा था। बातचीत के दौरान उसने रानी सिंह से उनके क्रेडिट कार्ड की जानकारी हासिल कर ली।

बेटे के नाम पर 85 हजार की शॉपिंग का फोन आया

इसी दौरान रानी सिंह के पति सुरेंद्र सिंह उनके पास आए और बताया कि बेटे अभिमन्यु का फोन आया है। बेटे ने बताया था कि Amazon से 85 हजार रुपए की शॉपिंग की गई है। रानी सिंह ने कहा कि उन्होंने ऐसी कोई शॉपिंग नहीं की है।

इसके कुछ ही देर बाद उन्हें अपने क्रेडिट कार्ड से रकम कटने की जानकारी मिली। देखते ही देखते चार फर्जी ट्रांजेक्शन के जरिए कुल 2 लाख 96 हजार 239 रुपए निकाल लिए गए।

ठगी का पता चलते ही महिला ने बैंक से संपर्क कर अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक कराया और साइबर फ्रॉड की ऑनलाइन शिकायत की। इसके बाद बुधवार को कनाड़िया पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

साइबर ठगी से बचने के लिए

  • किसी कंपनी का कस्टमर केयर नंबर गूगल पर मिले नंबर से कॉल करने के बजाय कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट या ऐप से ही लें।
  • फोन पर किसी अनजान व्यक्ति को क्रेडिट/डेबिट कार्ड नंबर, CVV या OTP न बताएं।
  • अनजान व्यक्ति के कहने पर WhatsApp वीडियो कॉल पर बैंकिंग या कार्ड से जुड़ी जानकारी साझा न करें।
  • खाते से रकम निकलने की जानकारी मिलते ही तुरंत बैंक और साइबर हेल्पलाइन को सूचना दें।